पंचकूला। हरियाणा लोकसभा चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक एवं राज्यसभा सांसद सुभाष बराला रविवार को पंचकूला स्थित पार्टी कार्यालय पंचकमल में पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस, जजपा और आम आदमी पार्टी पर हमलावर रहे। उन्होंने कहा कि हुड्डा साहब अपने बेटे की पुर्नस्थापना का खेल खेल रहे हैं।
जननायक जनता पार्टी में ना जन है, ना नायक है और ना ही पार्टी सिर्फ परिवार बचा है। जजपा पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। अरविंद केजरीवाल के बारे में बोलते हुए कहाकि केजरीवाल का तो ईमानदारी का मुखौटा उतर चुका है। उन्होंने कहा कि घमंडिया गठबंधन के नेता जनता में भ्रम फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता राजनीति में काफी परिपक्व है और बंदर के हाथ में उस्तरा नहीं देगी।
अरविंद केजरीवाल के बयानों के बारे में पूछे गए एक सवाल पर बोलते हुए बराला ने कहा कि चुनाव में सभी राजनीतिक दलों के अपने-अपने तरीके हैं। इंडी गठबंधन के लोग भ्रम फैला रहे हैं, केजरीवाल ने भी उसमें नया भ्रम मोदी जी के रिटायरमेंट का और जोड़ दिया है। घमंडिया गठबंधन ने भी मान लिया है कि एनडीए 400 पार 100 प्रतिशत हो रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व से पश्चिम और उत्तर से दक्षिण तक मोदी जी की लहर है और इस लहर से घमंडिया गठबंधन के नेता घबराए हुए हैं।
बराला ने कहा कि राहुल गांधी भ्रम फैला रहे हैं कि भाजपा से संविधान को खतरा है। उन्होंने कहा कि संविधान को अगर किसी से खतरा है तो कांग्रेस से है। कांग्रेस और उनके नेताओं ने कई बार संविधान को तार-तार किया है। आपातकाल जैसे हालात कांग्रेस ने पैदा किए। अब राहुल गांधी एससी, एसटी और ओबीसी का आरक्षण मुसलमानों को देने की बात कर रहे हैं। कर्नाटक में तो संविधान के खिलाफ जाते हुए कांग्रेस ने अल्पसंख्यकों को आरक्षण दे भी दिया है।
बराला ने कहा कि कांग्रेस के घोषणा पत्र, सैम पित्रोदा, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के बयानों की सीरीज का आंकलन करें तो स्पष्ट है कि लोगों की मेहनत की कमाई पर कांग्रेस की नजर है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी के समय में पैतृक सम्पत्ति कानून था, लेकिन इंदिरा गांधी के जाने के बाद कांग्रेस ने अपने परिवार की सम्पति को बचाने के लिए कानून बदल दिया। कांग्रेस सदा अपने स्वार्थ के हिसाब से काम करने वाली पार्टी है।
विपक्ष को भ्रष्टाचार के मामले में घेरते हुए सुभाष बराला ने कहा कि नेशनल हैराल्ड के पांच हजार करोड़ के घोटाले की गूंज तो पंचकूला में भी गूंज रही है। सांसद धीरज साहू का 350 करोड़ का घोटाला सभी को मालूम है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को लगता है कि अब उनका चुनाव ठीक ढंग से आगे नहीं बढ़ रहा तो वह नागरिकता कानून को खत्म करने, धारा-370 को दोबारा लागू करने जैसी बातें करके भ्रम फैला रही है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की जनता काफी समझदार है और वह जानती है कि बंदर के हाथ में उस्तरा देने वाली नहीं है, क्योंकि बंदर को यह ज्ञान नहीं है कि उस्तरा से दाढ़ी बनाई जाती है या फिर गर्दन भी कट सकती है।
एक अन्य सवाल का जवाब देते हुए सांसद ने कहा कि चुनाव के एंगल से बात करें तो हम 19 हजार 800 बूथ को जीतने की योजना बनाकर चलते हैं। हमारे सामने एक-एक बूथ पर चुनाव जीतने का टारगेट है। हरियाणा में जजपा से गठबंधन के सवाल पर बोलते हुए बराला ने कहा कि जजपा से हमारा गठबंधन सरकार में था। अब जजपा अलग हो गई है तो सभी को पता है कि जजपा का हश्र क्या हो रहा है। बराला ने कहा कि जजपा को प्रदेश अध्यक्ष समेत बड़ी टीम छोड़कर चली गई है। जजपा के ज्यादातर विधायकों ने अपनी जिम्मेदारियों से रिजाइन कर दिया है। अपने हश्र को देखते हुए जजपा भी भ्रम फैलाने में जुटी है।
कांग्रेस ने दो राजनीतिक परिवारों को खत्म किया:
एक अन्य सवाल पर तंज कसते हुए बराला ने कहा कि हुड्डा साहब थक चुके हैं और हार चुके हैं फिर भी बेटे को राजनीति में दोबारा पुर्नस्थापित करने के लिए जुटे हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस में ऐसा षड़यंत्र रचा गया जिससे बंसीलाल परिवार की इस बार बली दे दी और बीरेंद्र सिंह को पहले कांग्रेस में शामिल कराया और उसके बाद टिकट ना देकर उनकी भी बली ले ली। दो राजनीतिक परिवारों को राजनीतिक रूप से खत्म कर दिया।
अरविंद केजरीवाल द्वारा भ्रष्टाचार खत्म करने के बयानों पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए सुभाष बराला ने कहा कि अरविंद केजरीवाल का ईमानदारी का मुखौटा उतर चुका है। अरविंद केजरीवाल भ्रष्टाचार के मामले में अब बेल पर है। सोनिया गांधी, राहुल गांधी, घमंडिया गठबंधन के नेता लालू यादव समेत कई नेता बेल पर हैं। उन्होंने कहा कि यह हास्यास्पद है कि जो खुद भ्रष्टाचार के चलते जेल में बंद हैं वो कैसे भ्रष्टाचार को खत्म करने की बात कह रहे हैं।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
पीएम मोदी ने की विदेश दौरे से लौटे सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों से मुलाकात, सांसदों-राजनयिकों ने साझा किए अनुभव
इसे भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष न समझें, यह भारत बनाम 'आतंकिस्तान' है : विदेश मंत्री एस. जयशंकर
'भारत की एकता और संयम को वैश्विक समर्थन', शशि थरूर ने विदेश दौरे को बताया सफल
Daily Horoscope