1 of 1
केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने बंगाल में भारतीय हथकरघा प्रौद्योगिकी संस्थान के स्थायी परिसर का किया उद्घाटन
khaskhabar.com: शनिवार, 04 जनवरी 2025 5:54 PM
कोलकाता। उत्तर चौबीस परगना के फुलिया में शनिवार को भारतीय हथकरघा प्रौद्योगिकी संस्थान के स्थायी परिसर का उद्घाटन केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह संस्थान आने वाले समय में एक शीर्ष संस्थान के रूप में विकसित होगा।
भारत सरकार ने हथकरघा उद्योग की पहचान को संरक्षित रखने और इसकी तकनीकी जनशक्ति की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए भारतीय हथकरघा प्रौद्योगिकी संस्थान के रूप में छह तकनीकी संस्थानों की स्थापना की है। ये संस्थान कपड़ा मंत्रालय के विकास आयुक्त के प्रशासनिक नियंत्रण में काम कर रहे हैं।
नए भवन में छात्रों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है, जिसमें कंप्यूटर लैब, स्मार्ट क्लासरूम और डिजिटल लाइब्रेरी जैसी आधुनिक सुविधाएं शामिल हैं। छात्रों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए लड़कों और लड़कियों के लिए अलग-अलग छात्रावास की व्यवस्था की गई है।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के अलावा अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधे भी लगाए। इसके साथ ही, छह केंद्रों के लिए एकीकृत वेबसाइट भी लॉन्च की गई, जिससे विद्यार्थियों को एक ही प्लेटफॉर्म पर सभी जानकारी मिल सके।
उम्मीद जताई जा रही है कि नया परिसर पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और सिक्किम के छात्रों की शैक्षिक आवश्यकताओं को पूरा करेगा और इन क्षेत्रों में हथकरघा उद्योग को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे