1 of 1
सरकार अंत्योदय उत्थान की दिशा में कर रही है कार्य, निरन्तर मिल रहे है सकारात्मक परिणाम : कृष्ण कुमार बेदी
khaskhabar.com: रविवार, 11 मई 2025 3:54 PM
चंडीगढ़। हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने आज नरवाना के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में खुला दरबार लगाकर लोगों की समस्याएं सुनी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करके उन्हें एक्शन टेकन रिपोर्ट दें।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार अंत्योदय उत्थान की दिशा में निरन्तर कार्य कर रही है, जिसके सकारात्मक परिणाम मिल रहे है। किसानों की एमएसपी पर फसल खरीद की जा रही हैं और निर्धारित समय में भुगतान किया जा रहा हैं। उन्होंने कहा कि सरकार हर वर्ग के लिए काम कर रही है। चुनावी संकल्प पत्र के अनुसार सरकार विकास के काम कर रही है। उन्होंने कहा कि नरवाना क्षेत्र में निरंतर विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है और आने वाले समय में भी क्षेत्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अनेक परियोजनाएं आरंभ की जाएंगी। कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि नरवाना क्षेत्र के किसी भी नागरिक को मूलभूत सुविधाओं के लिए किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। विकास कार्यों में कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि आज हरियाणा के गांव, शहर, उद्योग और कृषि क्षेत्र नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर हैं। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आधारभूत ढांचे के विकास में जो गति वर्तमान सरकार ने दी है, उसकी मिसाल पूरे देश में दी जा रही है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार निरंतर नई योजनाओं और कल्याणकारी नीतियों को लागू कर प्रदेश के नागरिकों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। चाहे किसानों की आय बढ़ाने की योजनाएं हों, युवाओं को रोजगार से जोड़ने के प्रयास हों या महिलाओं की सुरक्षा व सशक्तिकरण की दिशा में उठाए गए कदम, हर क्षेत्र में सरकार प्रभावी कार्य कर रही है। सुशासन, पारदर्शिता और तकनीक के कुशल उपयोग से शासन प्रणाली में आमजन का विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे