• Aapki Saheli
  • Astro Sathi
  • Business Khaskhabar
  • ifairer
  • iautoindia
1 of 1

टोंक के समाचार यहां पढ़िए...

Read Tonk news here. - Tonk News in Hindi

पूर्व उपमुख्यमंत्री स्व. बनवारी लाल बैरवा की पुण्यतिथि पर कांग्रेसजनों ने किए श्रद्धासुमन अर्पित टोंक। राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री पूर्व सांसद एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता स्व. बनवारी लाल बैरवा की पुण्यतिथि पर बुधवार को टोंक बस स्टैंड के बाहर स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे और स्व. बैरवा के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम में पूर्व विधायक कमल बैरवा ने कहा कि स्व. बनवारी लाल बैरवा ने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में अनेक महत्वपूर्ण संवैधानिक एवं राजनीतिक दायित्वों का निर्वहन किया, लेकिन ऊंचे पदों पर रहने के बावजूद उनका जीवन अत्यंत सादा और सहज रहा। उन्होंने कहा कि स्व. बैरवा का हंसमुख, मिलनसार और सरल स्वभाव ही उनकी सबसे बड़ी पहचान थी। वे हमेशा स्वयं को सबसे पहले एक कांग्रेस कार्यकर्ता मानते थे तथा आमजन के सुख-दुख में सहभागी बनकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहते थे। उनके आदर्श और जनसेवा के प्रति समर्पण आज भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। श्रद्धांजलि सभा के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने स्व. बनवारी लाल बैरवा के चित्र एवं प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को नमन किया तथा उनके बताए आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। जिला कांग्रेस सोशल मीडिया प्रभारी जर्रार खान ने बताया कि श्रद्धांजलि कार्यक्रम में स्व. बनवारी लाल बैरवा के पुत्र मनिंदर बैरवा सहित पूर्व जिला अध्यक्ष हरिप्रसाद बैरवा, अलका बैरवा, दिनेश चौरासिया, हंसराज फागणा, सलीमुद्दीन खान, देवकरण गुर्जर, रामदेव गुर्जर, बरकत हसीन, फोजूराम मीणा, शब्बीर अहमद, शिवजीराम मीणा, कैलाशी देवी मीणा, विकास लोदी, अशोक महावर, हंसराज गाता, सीपी मेहता, इम्तियाज खान, नवीन बैरवा, नवीन त्रिपाठी, शौकत कायमखानी, शबाना, पूर्व पार्षद शकील भैया, भंवरलाल बैरवा, रामलाल बैरवा, विरेन्द्र जोनवाल, गौरव मधुकर, जसवंत गोठवाल, दिनेश गोठवाल, सुशील आजाद, विक्रम सिंह, निशा बैरवा, मनभर देवी, चिरंगीलाल, प्रहलाद बैरवा, भारत सिंह, रोहित, मोहित, आकाश, एहसान बाबा, जावेद चिश्ती, राजकुमार बैरवा, सुरेन्द्र रैगर, सत्यनारायण, मूलचंद बैरवा, भंवरलाल बंसीवाल, विजेन्द्र बैरवा, सरस्वती, मीनाक्षी, मनमोहन गुर्जर, पुरुषोत्तम मधुकर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। गणेश महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में, 13 और 14 सितंबर को होंगे विविध धार्मिक आयोजन
महंत कैलाशपुरी ने श्रद्धालुओं से दुष्प्रचार पर ध्यान न देने की अपील की
टोंक। श्री अन्नपूर्णा गणेशजी बालाजी मंदिर प्रन्यास समिति की ओर से आगामी 13 एवं 14 सितंबर को आयोजित होने वाले गणेश महोत्सव की तैयारियों को लेकर बुधवार को मंदिर परिसर में भगवान श्रीगणेश की विधिवत पूजा-अर्चना कर उन्हें जन्मोत्सव में पधारने का पारंपरिक निमंत्रण अर्पित किया गया। यह धार्मिक अनुष्ठान महंत कैलाशपुरी के सानिध्य में संपन्न हुआ, जिसमें समिति के पदाधिकारी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। प्रन्यास समिति के संरक्षक महंत कैलाशपुरी ने बताया कि गणेश चतुर्थी के अवसर पर 13 की रात्रि अन्नपूर्णा गणेश मंदिर परिसर में भव्य भजन संध्या एवं जागरण का आयोजन किया जाएगा। इसके अगले दिन 14 को भगवान श्रीगणेश को छप्पन भोग अर्पित कर आकर्षक झांकी सजाई जाएगी तथा श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद वितरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोनों दिवसीय धार्मिक आयोजन की सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है और आयोजन को भव्य एवं श्रद्धापूर्ण बनाने के लिए समिति के सदस्य लगातार जुटे हुए हैं। महंत कैलाशपुरी ने टोंक की धर्मपरायण जनता से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि मंदिर परिसर में होने वाले आयोजनों को लेकर कुछ लोगों द्वारा भ्रम फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने श्रद्धालुओं से ऐसे दुष्प्रचार पर ध्यान न देने और भगवान श्रीगणेश के जन्मोत्सव के धार्मिक कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक सहभागी बनने की अपील की। उन्होंने आनंदम संस्था के पदाधिकारियों से भी हाथ जोडक़र आग्रह किया कि धार्मिक कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न करें तथा समाज में सौहार्द और धार्मिक आस्था का वातावरण बनाए रखने में सहयोग दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि गणेश महोत्सव के समस्त कार्यक्रमों का संचालन प्रन्यास समिति द्वारा ही किया जाएगा। इस अवसर पर प्रन्यास समिति के जिला अध्यक्ष महेंद्र कुमार बैरवा, कोषाध्यक्ष कमलेश वैष्णव, महामंत्री अनिल चतुर्वेदी, उपाध्यक्ष सुभाष मिश्रा, मंत्री रामस्वरूप शर्मा, विधि सलाहकार एडवोकेट ओमप्रकाश राजोरा, मुकेश यादव, प्रसाद प्रभारी कमलेश गुर्जर, दिनेश गुर्जर, आर.एन. पहाडिय़ा, सुनील सैनी, कालूराम सैनी, प्रवक्ता प्रेम रघुवंशी, उर्वशी, किशन प्रजापत, मुकेश सैनी, चौथमल, प्रमुख पुजारी दीपक पुरी, पुनीत पुरी, सुभाष भारती (मामा), उमेश सैनी, लखन सैनी, जीवन सैनी, ओम बना, ऋषि, नंदकिशोर बैरवा, सरवन यादव, मोती गोस्वामी, राहुल, राम गोस्वामी, राधा देवी, गुड्डी देवी, दिव्यांशी, दिव्या गोस्वामी, विपुल, संजय, कुणाल सहित बड़ी संख्या में समिति के सदस्य एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
देवनारायण बालिका आवासीय विद्यालय में रिक्त पदों से प्रभावित हो रही पढ़ाई
प्रधानाचार्य, वार्डन, अकाउंटेंट और एलडीसी की नियुक्ति के साथ सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग, राजस्थान गुर्जर महासभा ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
टोंक। देवनारायण बालिका आवासीय विद्यालय चराई (टोंक) में लंबे समय से रिक्त पड़े पदों और अपर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था को लेकर राजस्थान गुर्जर महासभा जिला टोंक ने बुधवार को जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की। महासभा के जिलाध्यक्ष उदयलाल गुर्जर के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया कि विद्यालय में प्रशासनिक और शैक्षणिक व्यवस्थाएं लगातार प्रभावित हो रही हैं, जिससे छात्राओं की शिक्षा और सुरक्षा दोनों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। ज्ञापन में बताया कि विद्यालय में प्रधानाचार्य, अकाउंटेंट, वार्डन तथा एलडीसी जैसे महत्वपूर्ण पद लंबे समय से रिक्त पड़े हैं। इन पदों पर नियुक्तियां नहीं होने के कारण विद्यालय के प्रशासनिक कार्यों के साथ-साथ छात्राओं की नियमित शैक्षणिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं। आवासीय विद्यालय होने के कारण यहां पढऩे वाली छात्राओं को चौबीसों घंटे देखरेख और व्यवस्थित प्रबंधन की आवश्यकता होती है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की अनुपस्थिति से व्यवस्थाएं कमजोर पड़ती जा रही हैं। महासभा ने आरोप लगाया कि इन समस्याओं को लेकर पूर्व में भी कई बार छात्राओं और स्थानीय लोगों द्वारा प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक रिक्त पदों को भरने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इससे छात्राओं और उनके अभिभावकों में चिंता का माहौल बना हुआ है। महासभा का कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक नियुक्तियां नहीं की गईं तो इसका सीधा असर छात्राओं के भविष्य और शिक्षा की गुणवत्ता पर पड़ेगा। ज्ञापन में छात्राओं की सुरक्षा को भी प्रमुख मुद्दा बनाया गया। महासभा ने बताया कि विद्यालय की चारदीवारी पर्याप्त ऊंची नहीं होने के कारण परिसर पूरी तरह सुरक्षित नहीं है। ऐसी स्थिति में असामाजिक तत्वों के प्रवेश की आशंका बनी रहती है, जिससे किसी भी समय अप्रिय घटना घटित हो सकती है। छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए महासभा ने विद्यालय की बाउंड्री वॉल पर कंटीले तारों की फेंसिंग करवाने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की। जिलाध्यक्ष उदयलाल गुर्जर ने कहा कि बालिका शिक्षा को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकता है, लेकिन यदि आवासीय विद्यालयों में मूलभूत सुविधाएं और आवश्यक स्टाफ ही उपलब्ध नहीं होगा तो योजनाओं का उद्देश्य अधूरा रह जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि छात्राओं के हितों को ध्यान में रखते हुए रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्तियां की जाएं तथा विद्यालय परिसर को पूरी तरह सुरक्षित बनाया जाए। महासभा ने जिला प्रशासन से आग्रह किया कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को तत्काल निर्देश जारी किए जाएं, ताकि विद्यालय में शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हो सकें। संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो छात्राओं के हित में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन की रूपरेखा भी तैयार की जाएगी। सभी ने एक स्वर में कहा कि छात्राओं की शिक्षा, सुरक्षा और भविष्य से जुड़ा यह मुद्दा अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसका त्वरित समाधान किया जाना आवश्यक है। ज्ञापन सौंपने के दौरान राजस्थान गुर्जर महासभा के पदाधिकारी एवं समाज के अनेक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बालाजी मंदिर में शिव परिवार की मूर्तियों की प्राण-प्रतिष्ठा, श्रद्धालुओं ने लिया धार्मिक आयोजन का लाभ
टोंक। नेशनल हाईवे स्थित पन्नाधाय रोड पर होटल के समीप शक्ति नगर बालाजी मंदिर में बुधवार को श्रद्धा, भक्ति और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव परिवार की मूर्तियों की प्राण-प्रतिष्ठा एवं स्थापना का भव्य धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिला-पुरुष एवं कॉलोनीवासी उपस्थित रहे और धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित किया। राजेश महावर ने बताया कि मूर्ति स्थापना से पूर्व भगवान शिव, माता पार्वती, श्रीगणेश, भगवान कार्तिकेय एवं नंदी महाराज की आकर्षक झांकी सजाई गई। झांकी को ढोल-नगाड़ों, मंगल गीतों और जयकारों के साथ शक्ति नगर कॉलोनी में भ्रमण कराया गया। श्रद्धालु पूरे उत्साह और भक्ति भाव से शोभायात्रा में शामिल हुए तथा वातावरण हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से गूंज उठा। शोभायात्रा के उपरांत मंदिर परिसर में वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार भगवान शिव परिवार की मूर्तियों की प्राण-प्रतिष्ठा की गई। विद्वान पंडितों ने मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए तथा यजमानों एवं श्रद्धालुओं से हवन में आहुतियां दिलवाईं। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने भगवान शिव परिवार की आराधना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की। धार्मिक अनुष्ठानों के समापन पर महाआरती आयोजित की गई, जिसके बाद सभी श्रद्धालुओं को भोजन प्रसादी वितरित की गई। बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर आयोजन की सराहना की। सभी ने आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मंदिर परिसर में भविष्य में भी ऐसे धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाने की कामना की। इस अवसर पर चुन्नीलाल महावर, सत्यनारायण चांवला, चिरंजीलाल चंदेल, लालाराम गुर्जर, गोलू गुर्जर, पायल गुर्जर, सुनील, सुरेश, मोहनलाल, छोटू, फूलचंद, राधा कुमारी, सीता, निर्मला, गायत्री चंदेल, हनुमानजी शर्मा सहित अनेक महिला-पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे।
सम्प्रेक्षण गृह, विशेष गृह एवं बाल गृह का डीएलएसए सचिव ने किया निरीक्षण
किशोरों से की सीधी बातचीत, व्यवस्थाओं का लिया जायजा, बंद पड़े टीवी को चालू कराने के दिए निर्देश
टोंक। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) टोंक के सचिव एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश दिनेश कुमार जलुथरिया ने बुधवार को सम्प्रेक्षण गृह, विशेष गृह एवं बाल गृह का औचक निरीक्षण कर वहां निवासरत किशोरों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने किशोरों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के समय गृह में दर्ज कुल 21 किशोरों में से 20 किशोर उपस्थित पाए गए। सचिव जलुथरिया ने किशोरों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनकी दिनचर्या, स्वास्थ्य, शिक्षा, मनोरंजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। वार्ता के दौरान किशोरों ने बताया कि सम्प्रेक्षण गृह में टेलीविजन बंद होने के कारण वे मनोरंजन की सुविधा से वंचित हैं। इस पर सचिव ने उपस्थित परिवीक्षा अधिकारी भवानी सिंह को तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर टेलीविजन को चालू कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान गृह की भौतिक संरचना, सुरक्षा एवं स्वच्छता व्यवस्था का भी गहन अवलोकन किया गया। सचिव ने स्टाफ की उपलब्धता, किशोरों के आवास की स्थिति, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए किए गए सुरक्षा उपाय, पर्याप्त रोशनी एवं वेंटिलेशन, स्वच्छ पेयजल, शौचालयों की स्थिति तथा परिसर की साफ-सफाई का निरीक्षण किया। इसके अलावा रसोईघर एवं खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, भोजन की व्यवस्था, जल भंडारण की वैकल्पिक प्रणाली, आपातकालीन विद्युत आपूर्ति, किशोरों की काउंसलिंग के लिए परामर्शदाता की उपलब्धता, मनोरंजन एवं कौशल विकास प्रशिक्षण, निर्धारित डाइट स्केल तथा किशोरों की पूरे दिन की दिनचर्या का भी विस्तार से परीक्षण किया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि गृह में रह रहे प्रत्येक किशोर को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराया जाए तथा उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य और मानसिक विकास से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। श्री जलुथरिया ने कहा कि सम्प्रेक्षण गृह एवं बाल गृह में रहने वाले किशोरों के पुनर्वास, व्यक्तित्व विकास और सामाजिक मुख्यधारा से जोडऩे के लिए गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों का शीघ्र निराकरण किया जाए ताकि किशोरों को बेहतर वातावरण मिल सके। निरीक्षण के दौरान न्यायमित्र राजेश सिसोदिया, पीएलवी हरिराम गुर्जर तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्मिक भी उपस्थित रहे।
जंतर-मंतर पर छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में टोंक में कांग्रेस का प्रदर्शन
पीएम मोदी का पुतला दहन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की उठी मांग
टोंक। दिल्ली के जंतर-मंतर पर विभिन्न छात्र संगठनों द्वारा शांतिपूर्ण ढंग से किए जा रहे प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी टोंक ने मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घंटाघर चौराहे पर एकत्रित होकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि देशभर के युवा लंबे समय से प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक, भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं और रोजगार संबंधी समस्याओं को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। ऐसे में छात्रों की बात सुनने और उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन पर बल प्रयोग करना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता हरिप्रसाद बैरवा ने कहा कि केंद्र सरकार पूरी तरह तानाशाही रवैया अपना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक के खिलाफ न्याय की मांग कर रहे छात्रों पर की गई कार्रवाई बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और लोकतंत्र की भावना के विपरीत है। उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं की आवाज़ को दबाने का प्रयास किसी भी लोकतांत्रिक सरकार के लिए उचित नहीं माना जा सकता। उन्होंने कहा कि आज देश का युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित है। लगातार पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में गड़बडिय़ों के कारण लाखों युवाओं की मेहनत और समय बर्बाद हो रहा है। इसके बावजूद सरकार युवाओं को न्याय दिलाने के बजाय उनके आंदोलन को कुचलने का प्रयास कर रही है। बैरवा ने कहा कि पूरा देश चाहता है कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले लोगों की जवाबदेही तय हो, दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच हो और उन्हें कठोर सजा मिले। लेकिन इसके विपरीत केंद्र सरकार अपने मंत्रियों को बचाने में लगी हुई है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग की। उनका कहना था कि जब देशभर में शिक्षा व्यवस्था और भर्ती परीक्षाओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं, तब सरकार को जवाबदेही तय करनी चाहिए, न कि विरोध करने वालों पर कार्रवाई करनी चाहिए। जिला सोशल मीडिया प्रभारी जर्रार खान ने बताया कि प्रदर्शन का उद्देश्य छात्रों के आंदोलन के प्रति समर्थन व्यक्त करना और केंद्र सरकार तक युवाओं की आवाज पहुंचाना था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी युवाओं के अधिकारों, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर लगातार संघर्ष करती रहेगी। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए गए तथा युवाओं के हितों की रक्षा करने और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की गई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो कांग्रेस भविष्य में भी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखेगी। इस अवसर पर पूर्व विधायक कमल बैरवा, हंसराज फागणा, सलीमुद्दीन खान, देवकरण गुर्जर, अध्यक्ष अब्दुल खालिक, फौजूराम मीणा, बरकत हुसैन, अकबर खान, विकास लोधी, के. श्रीवास्तव, रशीद लद्दाफी, नसीम अंसारी, बजरंग लाल वर्मा, शब्बीर अहमद, कमलेश चावला, इरशाद सेवादल, शौकत सेवादल, इमरान पहलवान, विनोद पोकरण, मोहनलाल चौधरी, वलीउल्लाह बैग सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में टोंक में कांग्रेस का प्रदर्शन, प्रधानमंत्री का पुतला दहन
राहुल गांधी के साथ हुए व्यवहार की निंदा, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की उठाई मांग

टोंक।
दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलनरत छात्रों पर कथित लाठीचार्ज, आंसू गैस के इस्तेमाल एवं पुलिस कार्रवाई के विरोध में बुधवार को देहात एवं शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी टोंक के संयुक्त तत्वावधान में इंदिरा सर्किल, छावनी पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। विरोध प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष हरिप्रसाद बैरवा ने कहा कि लोकतंत्र में अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन केंद्र सरकार ने छात्रों की आवाज को दबाने के लिए बल प्रयोग का रास्ता अपनाया। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्दोष, निहत्थे और शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे छात्रों एवं युवाओं पर लाठीचार्ज किया गया तथा आँसू गैस के गोले दागे गए, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। हरिप्रसाद बैरवा ने कहा कि भाजपा सरकार विनाश काले विपरीत बुद्धि के मार्ग पर चल रही है और जनता की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि इस घटना को देश का छात्र और युवा वर्ग कभी नहीं भूलेगा। उन्होंने मांग की कि केंद्र सरकार इस पूरे घटनाक्रम पर देश से माफी मांगे तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करे। उन्होंने बताया कि छात्रों के समर्थन में कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी नेताओं ने दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन किया, लेकिन सरकार ने राहुल गांधी सहित कई सांसदों को हिरासत में लेकर लोकतांत्रिक परंपराओं का उल्लंघन किया। उन्होंने राहुल गांधी के साथ हुए व्यवहार को अमानवीय बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर केंद्र सरकार पूरी तरह विफल रही है। उनका आरोप था कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान छात्रों की समस्याओं का समाधान करने में असफल रहे हैं। इसलिए नैतिक आधार पर उन्हें तत्काल इस्तीफा देना चाहिए, अन्यथा प्रधानमंत्री उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त करें। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए छात्र हितों की रक्षा करने तथा लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान करने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों, युवाओं और आमजन के अधिकारों की रक्षा के लिए सडक़ से संसद तक संघर्ष जारी रखेगी। इस अवसर पर शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष इरशाद बैग, देहात ब्लॉक अध्यक्ष कैलाशी देवी मीणा, दिनेश चौरसिया, शब्बीर अहमद, देवकरण गुर्जर, धर्मेंद्र सालोदिया, अलका बैरवा, मनिंदर बैरवा, आकाश बैरवा, आबिद मेवाती, सुरेंद्र रैगर, राजेंद्र बोकण, मनीष मीणा, महेंद्र बैरवा, शंकर दादिया, सरपंच सहादत नकवी, शकील मियां, फिरोज नागौरी, अब्दुल हक पहलवान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
छात्रावासों में गेस्ट फेकल्टी के लिए शिक्षकों के आवेदन आंमत्रित
टोंक। छात्रावासों में कठिन विषयों के लिए गेस्ट फेकल्टी से शिक्षक लिये जायेगे। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अधीन संचालित राजकीय छात्रावासों में आवासरत कक्षा 9 से 12 तक के छात्र/छात्राओं के लिए गणित, विज्ञान एवं अग्रेजी विषय के विशेषज्ञ अनुभवी व्यक्तियो को गेस्ट फेकल्टी पर लिया जायेगा। सामाजिक न्याय एव अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक डॉ. करतार सिंह मीना ने बताया कि छात्रावासों में आवासरत छात्र/छात्राओं को कठिन विषयो की इच्छुक सेवानिवृत शिक्षक या पात्रता रखने वाले डिग्री धारी बेरोजगार व्यक्तियो की सेवाऐं गेस्ट फेकल्टी के रूप में ली जानी है। पात्र व्यक्तियो से 30 जुलाई तक आवेदन आमन्त्रित किये गये है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

यह भी पढ़े

Web Title-Read Tonk news here.
खास खबर Hindi News के अपडेट पाने के लिए फेसबुक पर लाइक और ट्विटर पर फॉलो करे!
(News in Hindi खास खबर पर)
Tags: vacant posts, devnarayan, girls residential school, studies, hindi news, news in hindi, breaking news in hindi, real time news, tonk news, tonk news in hindi, real time tonk city news, real time news, tonk news khas khabar, tonk news in hindi
Khaskhabar.com Facebook Page:
स्थानीय ख़बरें

राजस्थान से

प्रमुख खबरे

आपका राज्य

Traffic

जीवन मंत्र

Daily Horoscope

वेबसाइट पर प्रकाशित सामग्री एवं सभी तरह के विवादों का न्याय क्षेत्र जयपुर ही रहेगा।
Copyright © 2026 Khaskhabar.com Group, All Rights Reserved