• Aapki Saheli
  • Astro Sathi
  • Business Khaskhabar
  • ifairer
  • iautoindia
1 of 1

पंचायत चुनाव : भाजपा को जनता का जवाब

Panchayat Elections: The Public Response to the BJP - Rajsamand News in Hindi

मधुप्रकाश लड्ढा, राजसमंद भाजपा के लिए सत्ता का अहंकार, यूजीसी का मुद्दा, निष्ठावान कार्यकर्ताओं की अनदेखी, संगठन की कमजोरी और सामाजिक समरसता में आई दरार ही वे प्रमुख कारण रहे, जिनकी वजह से राजस्थान के पंचायत चुनावों में उसे कांग्रेस के हाथों मुंह की खानी पड़ी। आखिर प्रधानमंत्री मोदी के नाम पर कब तक चुनावी नैया पार लगाते रहोगे? भाई, कुछ सद्कर्म करना भी आवश्यक है। सत्ता का मद स्थायी नहीं होता, यह बात भाजपा को कांग्रेस से सीखनी चाहिए थी। सिर्फ बटोरना ही नहीं, कुछ बांटना भी सीखना चाहिए था। सरकार को तीन वर्ष होने आए, लेकिन एक भी विभाग में कार्यकर्ताओं को सरकारी नियुक्तियों में भागीदारी नहीं मिल पाई। जिस कार्यकर्ता ने दिन-रात एक करके पार्टी का झंडा बुलंद किया, उसी को सत्ता के गलियारों में कहीं जगह नहीं मिली। आखिर कब तक कार्यकर्ता केवल नारे लगाने और भीड़ जुटाने का माध्यम बना रहेगा?
मध्यम वर्ग भाजपा का कोर वोटर रहा है, लेकिन यूजीसी का मुद्दा इसी मध्यम वर्ग के गले की फांस बन गया। कोई भी व्यक्ति पार्टी से पहले अपने परिवार और बच्चों के भविष्य की चिंता करता है। राजनीतिक निष्ठा अपनी जगह है, लेकिन जब बात बच्चों के भविष्य और उनके अधिकारों की आती है तो व्यक्ति किसी भी राजनीतिक आग्रह से ऊपर उठकर सोचता है। यही वजह रही कि मध्यम वर्ग की नाराजगी ने भाजपा को आईना दिखा दिया।
रही-सही कसर भाजपा के वर्तमान संगठनात्मक ढांचे में बैठे पदाधिकारियों ने पूरी कर दी। जिला से लेकर बूथ स्तर तक संगठन की रचना तो अच्छी है, लेकिन अधिकांश जिम्मेदारियां ऐसे लोगों को सौंप दी गईं, जो स्वयं अपनी जिम्मेदारियों के प्रति गंभीर नहीं थे। संगठन कागजों पर मजबूत दिखाई देता रहा, लेकिन जमीन पर उसकी पकड़ लगातार कमजोर होती चली गई।
सरकार में बैठे मंत्रियों और नेताओं का हाजमा भी कुछ ज्यादा ही दुरुस्त नजर आया। कार्यकर्ताओं की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं और समर्पण को नजरअंदाज कर मंत्री स्वयं अपने परिवार और रिश्तेदारों को चुनाव लड़वाने की तैयारी में जुट गए। मानो राजनीति जनसेवा का माध्यम नहीं, बल्कि भविष्य में परिवार की उदर पूर्ति के लिए खोली जाने वाली कोई परचून की दुकान हो!
याद रखिए, राजनीति विरासत में मिली जागीर नहीं, जनता के विश्वास से मिली जिम्मेदारी है। कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ होता है और जनता उसकी असली ताकत। जब रीढ़ को ही कमजोर कर दिया जाए और जनता की भावनाओं को अनसुना किया जाने लगे, तो बड़े-बड़े चेहरे और लोकप्रिय नेतृत्व भी चुनावी नतीजों को नहीं बदल सकते।
भाजपा को अब आत्ममंथन करना चाहिए। केवल मोदी जी के नाम और पुराने राजनीतिक प्रदर्शन के भरोसे हर चुनाव नहीं जीता जा सकता। जनता को भाषण नहीं, परिणाम चाहिए; कार्यकर्ताओं को आश्वासन नहीं, सम्मान चाहिए। सत्ता पाने से बड़ी चुनौती सत्ता के प्रति विनम्र बने रहना है। कांग्रेस को भी वोट चोरी के नाटक का पटाक्षेप करते हुए इस मुगालते में नहीं रहना चाहिए कि अब जनता हमेशा के लिए साथ आ गई है। हो सकता है, भाजपा के चाल - चलन को ठीक करने के लिए जनता का तरीका हो।
क्योंकि जनता जब सिर पर ताज रखती है, तो उसे उतारने का अधिकार भी उसी के पास होता है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

यह भी पढ़े

Web Title-Panchayat Elections: The Public Response to the BJP
खास खबर Hindi News के अपडेट पाने के लिए फेसबुक पर लाइक और ट्विटर पर फॉलो करे!
(News in Hindi खास खबर पर)
Tags: panchayat elections, public response, bjp, \r\n, hindi news, news in hindi, breaking news in hindi, real time news, rajsamand news, rajsamand news in hindi, real time rajsamand city news, real time news, rajsamand news khas khabar, rajsamand news in hindi
Khaskhabar.com Facebook Page:
स्थानीय ख़बरें

राजस्थान से

प्रमुख खबरे

आपका राज्य

Traffic

जीवन मंत्र

Daily Horoscope

वेबसाइट पर प्रकाशित सामग्री एवं सभी तरह के विवादों का न्याय क्षेत्र जयपुर ही रहेगा।
Copyright © 2026 Khaskhabar.com Group, All Rights Reserved