• Aapki Saheli
  • Astro Sathi
  • Business Khaskhabar
  • ifairer
  • iautoindia
1 of 1

पुरी की तरह उदयपुर में भी निकली भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा

Like Puri Lord Jagannath Rath Yatra was also held in Udaipur - Udaipur News in Hindi

उदयपुर। ‘जय जगन्नाथ हरे’ झीलों का शहर उदयपुर रविवार को चहुँ दिशाओं में इस जयकारे से गूंज उठा। उदयपुर शहर में भी पुरी की तर्ज पर शहर की तीन दिशाओं में भगवान जगन्नाथ की रथयात्राएं निकलीं। दो रथ यात्राएं सुबह निकलीं तो शहर के आराध्य भगवान जगन्नाथ की प्रमुख रथयात्रा ऐतिहासिक जगदीश मंदिर से अपराह्न बाद निकली। पूरा शहर सुबह से रात तक भगवान जगन्नाथ की भक्ति से सराबोर रहा। रथयात्राओं का क्रम सुबह आयड़ स्थित इस्कॉन मंदिर से निकली रथयात्रा से हुआ। इसके बाद दोपहर में उपनगरीय क्षेत्र हिरण मगरी में रथयात्रा की धूम रही। शाम को उदयपुर के परकोटे के भीतरी शहर में भक्ति की सरिता बही। ऐतिहासिक जगदीश मंदिर से निकली मुख्य रथयात्रा में रजत रथ में विराजमान भगवान जगन्नाथ, बलभद्र तथा बहन सुभद्रा के दर्शन के लिए पूरा शहर उमड़ पड़ा। रथयात्रा मार्ग श्रद्धालुओं से खचाखच रहा। पग-पग पर अपने आराध्य के स्वागत को लोग आतुर नजर आए। रथयात्रा मार्ग में जगह-जगह विभिन्न समाजों की ओर से आरती भी की गई। बोहरा गणेश चौराहे पर गूंजी मंगल शृंगार आरती
अंतरराष्ट्रीय कृष्ण भावनामृत संघ इस्कॉन की ओर से आयड़-बोहरा गणेश जी क्षेत्र में आयोजित जगन्नाथ रथ यात्रा सुबह शुरू हुई। हाथी-घोड़ों-ऊंट व बैंड-बाजे के लवाजमे के साथ मृदंग झांझर मंजीरों की गगन घोष ध्वनि से रथयात्रा प्रारम्भ हुई। इस्कॉन के 100 बच्चे विभिन्न झांकियों में सज-धज कर आगे चले। सिर पर कलश धारण किए पारम्परिक पीली साड़ी पहने 51 माताओं ने रथ यात्रा की शोभा बढ़ाई। रथ यात्रा सांवरिया गार्डन, यूनिवर्सिटी मैन गेट, बोहरा गणेशजी चौराहा, धूलकोट, महासतिया आदि मार्गों से होती पुन: मन्दिर पहुंची। इस दौरान 10:15 पर बोहरा गणेश चौराहे पर मंगल शृंगार आरती हुई।
रथयात्रा में अखिल भारतीय नववर्ष समारोह समिति, आलोक संस्थान, बजरंग सेना मेवाड़, भारत विकास परिषद मेवाड़, सर्व समाज-संगठनों की ओर से डॉ. प्रदीप कुमावत के मुख्य संयोजकत्व में बोहरा गणेशजी चौराहे पर भगवान जगन्नाथ की शृंगार महाआरती की गई। सबसे पहले भगवान गणेश जी को मोदक का भोग धराया गया, वहीं भगवान जगन्नाथ को कर्माबाई के खीचडे़ का भोग लगाया गया।
बोहरा गणेश क्षेत्र में भगवान बोहरा गणेशजी और भगवान जगन्नाथ जी का मिलन ढोल नगाड़ों के साथ पुष्प वर्षा से हुआ। शास्त्र अनुसार धूप आरती से लेकर, कपूर आरती, घृत आरती, जल आरती के साथ महाआरती हुई। इस अवसर पर इस्कॉन् के मुख्य प्रबंधक मायापुर वासी, प्रो एसएस सारंगदेवोत, महंत इंद्रदेव दास आदि उपस्थित थे।
प्रसाद का वितरण
-धूलकोट चौराहा विकास समिति और अग्रवाल समाज की ओर से श्रीजगन्नाथ रथयात्रा का 20 किलो गुलाब की पत्तियों से स्वागत किया गया। 800 केले, बर्फी और सेगारी नमकीन भक्तों में वितरित की गई। धूलकोट चौराहा से अध्यक्ष हरीश वर्मा, सचिव नन्दलाल अग्रवाल, कोषाध्यक्ष मुरारीलाल गुप्ता, गोपाल कनेरिया, सीपी बंसल आदि ने व्यवस्थाएं संभालीं।
हिरण मगरी में भी गूंजे जयकारे
-शहर के सेक्टर-7 स्थित जगन्नाथ धाम से दोपहर पूर्व रथ यात्रा का आरंभ हुआ। यहां मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार के सदस्य लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने भगवान जगन्नाथ की पूजा-अर्चना की। जयकारों के साथ निकली रथयात्रा सवीना चौराहा, रेती स्टैण्ड पहुंची जहां जहां शृंगार आरती हुआ। इसके बाद परशुराम चौराहा, हिन्दूराज तिराहा, स्वागत वाटिका से यू-टर्न करके गुरुनानक कन्या महाविद्यालय, पुराना सेटेलाइट रोड, नेशनल मिष्ठान भण्डार सेक्टर-4 में पहुंची। यहां शाम करीब सवा सात बजे महाआरती हुई। संयोजक रणजीत सिंह शक्तावत ने बताया कि महाआरती में समाजसेवी हरीश राजानी, महामंत्री राकेश कपूर, अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा मेवाड़ अध्यक्ष यादवेन्द्र सिंह रलावता, सिन्धु पंचायत सेक्टर-4 अध्यक्ष मुरली राजानी, हिन्दूराज मेवाड़ से नरेश मेनारिया, नवयुवक क्रांति दल के मुकेश नाथावत, गुजरगौड़ ब्राह्मण समाज अध्यक्ष राकेश जोशी, मनोज जोशी, उत्कल समाज से सरोज डोरा, साहू समाज से देवीलाल साहू आदि की भागीदारी रही।
उमड़ी जनमैदिनी, गगनभेदी जयकारों से गूंजा जगदीश चौक
-शहर के प्रसिद्ध ऐतिहासिक जगदीश मंदिर से भगवान जगन्नाथ स्वामी के नगर भ्रमण से पूर्व मंदिर के अंदर पारम्परिक परिक्रमा हुई। इसके बाद भगवान की छवि को मंदिर से उतारकर जगदीश चौक में खड़े रजत रथ तक लाया गया। इस दौरान उमड़ी जनमैदिनी ने गगनभेदी जयकारों से जगदीश चौक को गुंजा दिया। यहां मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार के सदस्य तथा नाथद्वारा विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ ने पूजा-अर्चना की। पूर्व राज परिवार के ही सदस्य लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने भी पूजा की। इसके बाद 21 बंदूकों की सलामी के साथ रथयात्रा शुरू हुई। 51 भक्त नंगे पैर भगवान जगन्नाथ स्वामी के रथ को खींचते हुए चले। भगवान जगन्नाथ स्वामी, माता महालक्ष्मी, दानी रायजी की शृंगारित मनमोहन प्रतिमाएं राजसी वस्त्र धारण किए हुए चांदी के रथ में सवार होकर नगर में भक्तों को दर्शन देने शाही लवाजमे के साथ निकले।
प्रभु गजानन की प्रतिमा पालकी में विराजित होकर आगे चली। 1001 महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश लिए भजन गाती चलीं। 11 घोड़े सज-धज कर चले। रथयात्रा में विभिन्न समाजों, संगठनों, धार्मिक संस्थाओं की 40 झांकियां भी शामिल हुईं। आरएमवी रोड पुलिस थाने के सामने बने मंच पर कलाकारों ने भजन प्रस्तुतियां दीं। रथयात्रा घंटाघर, बड़ा बाजार, भड़भूजा घाटी, भूपालवाड़ी, तीज का चौक, धानमण्डी, लखारा चौक, अस्थल मंदिर, आरएमवी रोड, कालाजी गोराजी, रंगनिवास चौकी, भट्टियानी चौहट्टा होते हुए पुन: देर रात जगदीश चौक पहुंची। यहां पर महाआरती हुई। प्रवक्ता राजेंद्र सेन ने बताया कि रथ यात्रा समिति संयोजक दिनेश मकवाना, सह संयोजक हेमेंद्र पुजारी, रथ समिति अध्यक्ष राजेंद्र श्रीमाली, संरक्षक घनश्याम चावला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विभिन्न व्यवस्थाएं संभालीं।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

यह भी पढ़े

Web Title-Like Puri Lord Jagannath Rath Yatra was also held in Udaipur
खास खबर Hindi News के अपडेट पाने के लिए फेसबुक पर लाइक और ट्विटर पर फॉलो करे!
(News in Hindi खास खबर पर)
Tags: like puri, lord jagannath, rath yatra, held in udaipur, \r\n, hindi news, news in hindi, breaking news in hindi, real time news, udaipur news, udaipur news in hindi, real time udaipur city news, real time news, udaipur news khas khabar, udaipur news in hindi
Khaskhabar.com Facebook Page:
स्थानीय ख़बरें

राजस्थान से

प्रमुख खबरे

आपका राज्य

Traffic

जीवन मंत्र

Daily Horoscope

वेबसाइट पर प्रकाशित सामग्री एवं सभी तरह के विवादों का न्याय क्षेत्र जयपुर ही रहेगा।
Copyright © 2026 Khaskhabar.com Group, All Rights Reserved