• Aapki Saheli
  • Astro Sathi
  • Business Khaskhabar
  • ifairer
  • iautoindia
1 of 1

ट्रंप ने शी जिनपिंग के अमेरिकी दौरे का किया बचाव, कहा-चीन से अमेरिका को हो रहा है फायदा

Trump defends Xi Jinping US visit, claims the US is benefiting from China - World News in Hindi

वाशिंगटन । अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मेजबानी करने का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि वाशिंगटन अब चीन से "बहुत पैसा" कमाता है। साथ ही, उन्होंने घोषणा की कि वह 'आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस' (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) को अब 'सुपरइंटेलिजेंस' (अति-बुद्धिमत्ता) के रूप में पेश कर रहे हैं क्योंकि इस क्षेत्र में अमेरिका चीन से आगे है। बुधवार (स्थानीय समयानुसार) को एरिजोना के बुलहेड सिटी में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा कि शी जिनपिंग की हालिया यात्रा दोनों नेताओं के अच्छे व्यक्तिगत संबंधों को दिखाती है। उन्होंने कहा क‍ि हम चीन के साथ बहुत अच्छा कर रहे हैं। अब हम चीन से बहुत पैसा कमा रहे हैं। पहले हम चीन के साथ व्यापार में बहुत पैसा गंवाते थे, लेकिन अब हम उससे काफी कमाई कर रहे हैं। चीन भी हमारा सम्मान करता है।
ट्रंप ने कहा कि शी जिनपिंग का लंबी यात्रा करके अमेरिका आना भी एक महत्वपूर्ण संकेत है। उन्होंने कहा क‍ि वह 21 घंटे की उड़ान भरकर किसी देश में तब तक नहीं आते, जब तक वह उस देश के राष्ट्रपति या उस देश का सम्मान न करते हों। हमारी बैठक बहुत शानदार रही।
हालांकि, ट्रंप ने यह नहीं बताया कि इस मुलाकात में क्या समझौते हुए या उनके इस दावे का क्या आधार है कि अमेरिका को अब चीन के साथ व्यापार से लाभ हो रहा है। तकनीक के विषय पर बात करते हुए ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका इस समय दुनिया के सभी देशों से आगे है।
उन्होंने कहा, "हम दुनिया में सबसे आगे हैं। हम चीन से आगे हैं, हम सब से आगे हैं। लोग इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कहते हैं लेकिन मैंने कहा कि यह आर्टिफिशियल नहीं है, यह वास्तव में सुपर है। यह सुपर इंटेलिजेंस है। कभी-कभी यह बहुत ज्यादा सुपर भी हो सकता है और हमें उसी पर नजर रखनी होगी।"
ट्रंप ने कहा कि उन्होंने हाल ही में कई प्रमुख टेक्नोलॉजी कंपनियों के अधिकारियों को व्हाइट हाउस बुलाया था। इनमें से कुछ लोग शी जिनपिंग के सम्मान में आयोजित रात्रिभोज में भी शामिल हुए थे। हालांकि, ट्रंप ने किसी भी टेक कंपनी या अधिकारी का नाम नहीं बताया।
उन्होंने कहा, "वे भी मेरी बात से सहमत हैं कि इसे सुपर इंटेलिजेंस कहना ज्यादा सही होगा, इसलिए हम अब इसी शब्द का इस्तेमाल करेंगे।"
तीन नवंबर को होने वाले चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी के समर्थन की अपील करते हुए ट्रंप ने अपनी उस योजना का भी जिक्र किया, जिसके तहत कांग्रेस पर रिपब्लिकन नियंत्रण बरकरार रहने पर अमेरिकियों को पांच हजार डॉलर देने का प्रस्ताव है। उन्होंने कहा कि यह पैसा अमेरिका के भीतर ही खर्च किया जाना चाहिए।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

यह भी पढ़े

Web Title-Trump defends Xi Jinping US visit, claims the US is benefiting from China
खास खबर Hindi News के अपडेट पाने के लिए फेसबुक पर लाइक और ट्विटर पर फॉलो करे!
(News in Hindi खास खबर पर)
Tags: xi jinping us visit, xi jinping, trump, trump defends xi jinping us visit, hindi news, news in hindi, breaking news in hindi, real time news
Khaskhabar.com Facebook Page:

प्रमुख खबरे

आपका राज्य

Traffic

जीवन मंत्र

Daily Horoscope

वेबसाइट पर प्रकाशित सामग्री एवं सभी तरह के विवादों का न्याय क्षेत्र जयपुर ही रहेगा।
Copyright © 2026 Khaskhabar.com Group, All Rights Reserved