• Aapki Saheli
  • Astro Sathi
  • Business Khaskhabar
  • ifairer
  • iautoindia
1 of 1

आरटीई का बकाया भुगतान जल्द दिलाने के प्रयास होंगे : अनिल शर्मा

Efforts will be made to secure early payment of outstanding RTE dues: Anil Sharma - Dausa News in Hindi

-स्कूल शिक्षा परिवार के प्रदेश अध्यक्ष का लालसोट में भव्य स्वागत, निजी स्कूलों की समस्याओं पर हुआ मंथन; बोले- सरकार से उच्च स्तर पर करेंगे पैरवी लालसोट। निजी स्कूलों के आरटीई के बकाया भुगतान सहित विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर स्कूल शिक्षा परिवार के प्रदेश अध्यक्ष अनिल शर्मा ने लालसोट में निजी स्कूल संचालकों से संवाद किया। रविवार को श्री दादू पैलेस गार्डन में आयोजित कार्यक्रम में शर्मा का भव्य स्वागत किया गया। क्षेत्र के बड़ी संख्या में स्कूल संचालकों ने स्कूल संचालन से जुड़ी समस्याएं उनके सामने रखीं। शर्मा ने भरोसा दिलाया कि समस्याओं के समाधान के लिए सरकार से उच्च स्तर पर प्रभावी प्रयास किए जाएंगे और किसी भी स्तर पर कोई कसर बाकी नहीं रखी जाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि निजी स्कूलों का आरटीई में बकाया पैसा सरकार से जल्द दिलाने के प्रयास किए जाएंगे। निजी स्कूलों के सामने आ रही विभिन्न प्रशासनिक एवं व्यावहारिक समस्याओं के निदान के लिए सरकार के स्तर पर मजबूती से पैरवी की जाएगी। उन्होंने स्कूल शिक्षा परिवार के सदस्यों से एकजुट और संगठित रहने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती से ही स्कूलों के अधिकारों की प्रभावी तरीके से पैरवी की जा सकती है। उन्होंने सदस्यों को अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों की पालना के लिए भी सदैव तत्पर रहने का संदेश दिया।

स्काउट बच्चों ने सलामी देकर किया स्वागत
अनिल शर्मा के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर स्काउट के बच्चों ने बैंड की धुन के साथ अनुशासित तरीके से सलामी दी और तिलक लगाकर स्वागत किया। इसके बाद लालसोट शिक्षा परिवार के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने माला, साफा एवं स्मृति चिह्न भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
सभापति सहित अतिथियों का सम्मान
आयोजकों ने नगर परिषद सभापति कपिल पुरोहित, पार्षद अमित शर्मा एडवोकेट, राधा शर्मा, रामगढ़ पचवारा चेयरमैन रामफूल मीणा गुरुजी का फूलमाला पहनाकर, साफा एवं शॉल ओढ़ाकर तथा प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मान किया। कार्यक्रम का मंच संचालन अमित उपाध्याय ने किया।
सभापति कपिल पुरोहित ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने निजी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था में भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि शहर के विकास एवं शैक्षणिक स्तर को बेहतर बनाने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम में लालसोट शिक्षा परिवार से जुड़े विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति एवं लोकगीतों पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
संचालकों ने रखीं स्कूलों से जुड़ी समस्याएं
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय स्कूल संचालकों ने आरटीई भुगतान सहित विभिन्न प्रशासनिक एवं व्यावहारिक समस्याओं से प्रदेश अध्यक्ष को अवगत कराया। शर्मा ने कहा कि शिक्षा परिवार निजी स्कूलों के हितों की रक्षा के साथ शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर सामने आए मुद्दों को संगठन के माध्यम से संबंधित विभाग एवं सरकार तक पहुंचाकर समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में राकेश शेड्यूलाई, राजेंद्र डोब, लक्ष्मीनारायण भारद्वाज, मुरारीलाल शर्मा, अशोक महान, विशाल गंगवाल, जुगलकिशोर शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद कुमार शास्त्री, अमित गौतम, शशिशेखर मिश्रा, सत्यप्रकाश स्वामी, मनोज शर्मा, सतीश अग्रवाल, सुरेंद्र शर्मा, श्याम शर्मा, डीडवाना, कनिष्क हाड़ा, पूनमचंद सैनी, नरेंद्र शर्मा, हरगोविंद कुमार, सुधांशु शर्मा,सहित अनेक स्कूल संचालक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में शिक्षा परिवार के पदाधिकारियों ने अतिथियों एवं उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
अग्रसेन जयंती को लेकर अग्रवाल समाज ने घर-घर पहुंचकर बांटे निमंत्रण

-11 अक्टूबर को निकलेगी शोभायात्रा, पांच दिवसीय महोत्सव में परिवार सहित शामिल होने का आह्वान

लालसोट। श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव-2026 को लेकर अग्रवाल समाज की तैयारियां तेज हो गई हैं। महोत्सव में समाज की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए अग्रवाल समाज के अग्र बंधुओं ने घर-घर पहुंचकर समाज के लोगों को निमंत्रण पत्र वितरित किए। इस दौरान अग्रसेन जयंती धूमधाम से मनाने तथा पांच दिवसीय कार्यक्रम में परिवार सहित उत्साह और हर्षोल्लास के साथ भाग लेने का आह्वान किया गया।
अग्र बंधुओं ने समाज के परिवारों से संपर्क कर 11 अक्टूबर को प्रस्तावित शोभायात्रा में महिलाओं एवं बच्चों सहित अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। संपर्क अभियान के दौरान समाजबंधुओं को महोत्सव के पांच दिवसीय कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई।
7 अक्टूबर से शुरू होगा पांच दिवसीय महोत्सव
अग्रसेन जयंती महोत्सव का शुभारंभ 7 अक्टूबर को सुबह 9 बजे अग्रवाल सेवा सदन में होगा। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ की जाएगी। इसके बाद महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पूजा-अर्चना की जाएगी। इसी के साथ पांच दिवसीय महोत्सव का विधिवत शुभारंभ होगा।
आयोजकों ने अग्रवाल समाज लालसोट के सभी अग्र बंधुओं एवं मातृशक्ति से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल होने तथा महोत्सव के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं का आनंद लेने का आह्वान किया है।
घर-घर संपर्क से बढ़ा उत्साह
निमंत्रण अभियान के दौरान अग्रवाल समाज के पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने समाज के लोगों से व्यक्तिगत संपर्क किया। घर-घर निमंत्रण पहुंचने से समाज में जयंती महोत्सव को लेकर उत्साह का माहौल बना हुआ है। आयोजकों का कहना है कि पांच दिवसीय आयोजन में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर गिरीश अग्रवाल, राजेश गोयल, विनोद गर्ग, सतीश ऐरण, विनोद गोयल सहित अग्रवाल समाज एवं नवयुवक मंडल के पदाधिकारी और कार्यकारिणी सदस्य मौजूद रहे।
वार्ड 25 व 27 में सुंदरकांड पाठ और भजन संध्या



-विराट बजरंग दल के नवनियुक्त वार्ड अध्यक्षों का हुआ सम्मान,

लालसोट। विराट बजरंग दल लालसोट के तत्वावधान में वार्ड संख्या 25 व 27 स्थित श्री दक्षिणमुखी बालाजी महाराज एवं श्री वैद्यनाथ दासेश्वर महादेव मंदिर, दासा का कुआं, नेहरू कॉलोनी में सुंदरकांड पाठ एवं भजन संध्या का आयोजन हुआ। धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। सुंदरकांड पाठ और भजनों के दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा।
कार्यक्रम वार्ड 25 के अध्यक्ष कमलेश कुमार सैनी (बिन्नू) एवं वार्ड 27 के अध्यक्ष पप्पूलाल सैनी की अध्यक्षता में हुआ। श्रद्धालुओं ने सुंदरकांड पाठ में भाग लेने के साथ भजनों का आनंद लिया।
35 वार्ड अध्यक्षों का किया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान विराट बजरंग दल के नवनियुक्त वार्ड 27 अध्यक्ष पप्पूलाल सैनी एवं वार्ड 25 अध्यक्ष विनोद कुमार सैनी ने विराट बजरंग दल दौसा के जिलाध्यक्ष दिनेश तिवाड़ी, जिला उपाध्यक्ष आकाश सैनी बौंलीवाला सहित लालसोट नगर परिषद के सभी 35 वार्डों के नवनियुक्त वार्ड अध्यक्षों का माला एवं दुपट्टा पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया।
निस्वार्थ सेवा का संकल्प दोहराया
इस दौरान वार्ड अध्यक्षों ने कहा कि संगठन में अध्यक्षों का गठन किए जाने के समय ही उन्होंने निस्वार्थ भाव से समाज एवं संगठन की सेवा करने की शपथ ली थी। उन्होंने सामाजिक सेवा, धार्मिक आयोजनों और जनसेवा से जुड़े कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
41 श्रद्धालु बैंड-बाजे के साथ श्री महावीरजी की पैदल यात्रा पर रवाना

-श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर से निकली पदयात्रा, मार्ग में श्रद्धालुओं का तिलक-माला से किया स्वागत

लालसोट। जैन युवा संघ के तत्वावधान में रविवार सुबह श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर लालसोट से श्री महावीरजी के लिए पैदल यात्रा रवाना हुई। बैंड-बाजे के साथ जुलूस के रूप में निकली पदयात्रा में कुल 41 महिला-पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
पदयात्रा में श्वेता जैन, नेहा बैनाड़ा, सीमा बड़जात्या, पूजा बड़जात्या, किरण सैनी, हिमानी पाटनी, कुमकुम बड़जात्या, आयुषी सोनी, नेहा कासलीवाल, टीना जैन सोनी, पद्मावती पाटनी सहित चिंटू, रेशु, हार्दिक एवं दर्शित सहित कुल 41 महिला-पुरुष शामिल रहे।
मार्ग में पदयात्रियों का स्वागत
यात्रा के दौरान जुलूस मार्ग में सुभाष चंद्र, कमलेश कुमार कांसलीवाल, डॉ. प्रमोद कुमार, वीरेंद्र कुमार जैन, अनिल कुमार एवं अरुण कुमार जैन बैनाड़ा ने पदयात्रियों का तिलक लगाकर एवं माला पहनाकर स्वागत किया। स्वागत के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह नजर आया।
6 अक्टूबर की शाम पहुंचेगी यात्रा
यात्रा संचालक हनी बड़जात्या ने बताया कि पदयात्रा के दौरान 4 अक्टूबर को भांवरा तहसील कार्यालय तथा 5 अक्टूबर को नादौती में रात्रि विश्राम होगा। पदयात्रा 6 अक्टूबर की शाम श्री महावीरजी पहुंचेगी। वहां पहुंचने के बाद आरती की जाएगी।
उन्होंने बताया कि 7 अक्टूबर को सुबह अभिषेक, शांतिधारा एवं पूजा-अर्चना के बाद भंडारे का आयोजन होगा। धार्मिक कार्यक्रमों के पश्चात श्रद्धालु श्री महावीरजी से लालसोट के लिए वापस रवाना होंगे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

यह भी पढ़े

Web Title-Efforts will be made to secure early payment of outstanding RTE dues: Anil Sharma
खास खबर Hindi News के अपडेट पाने के लिए फेसबुक पर लाइक और ट्विटर पर फॉलो करे!
(News in Hindi खास खबर पर)
Tags: anil sharma, school shiksha parivar, rte pending payment, private schools, lalsot news, rajasthan education, right to education, school management, kapil purohit, education policy, private school issues, hindi news, news in hindi, breaking news in hindi, real time news, dausa news, dausa news in hindi, real time dausa city news, real time news, dausa news khas khabar, dausa news in hindi
Khaskhabar.com Facebook Page:
स्थानीय ख़बरें

राजस्थान से

प्रमुख खबरे

आपका राज्य

Traffic

जीवन मंत्र

Daily Horoscope

वेबसाइट पर प्रकाशित सामग्री एवं सभी तरह के विवादों का न्याय क्षेत्र जयपुर ही रहेगा।
Copyright © 2026 Khaskhabar.com Group, All Rights Reserved