• Aapki Saheli
  • Astro Sathi
  • Business Khaskhabar
  • ifairer
  • iautoindia
1 of 1

कुम्हार धर्मशाला में जागरण, भजन संध्या एवं प्रतिभा सम्मान समारोह

Jagran, Bhajan Evening, and Talent Felicitation Ceremony at Kumhar Dharamshala - Bikaner News in Hindi

समाज की प्रतिभाओं को अवसर देना जरूरी : प्रहलाद राय टाक खाजूवाला। कुम्हार धर्मशाला प्रांगण स्थित श्री शिव पार्वती नंदीश्वर धाम में मंगलवार रात्रि को विशाल जागरण, भजन संध्या एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल एवं भाजपा नेता रविशेखर मेघवाल मुख्य अतिथि रहे, जबकि राजस्थान सरकार के राज्य मंत्री प्रहलाद राय टाक ने समारोह की अध्यक्षता की तथा विशिष्ट अतिथि एडवोकेट अशोक प्रजापत, चंपालाल गेदर रहे ,कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी तथा कुम्हार समाज के वरिष्ठजन एवं बड़ी संख्या में समाजबंधु शामिल हुए। समारोह के दौरान समाज की प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करते हुए 63 विद्यार्थियों, सरकारी सेवा में नवचयनित 39 कर्मचारियों एवं अधिकारियों तथा खेल क्षेत्र में चयनित तीन खिलाड़ियों को अतिथियों द्वारा स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतिभाओं के सम्मान से समारोह स्थल पर उत्साह और गौरव का माहौल देखने को मिला।
राज्य मंत्री प्रहलाद राय टाक ने कहा कि कुम्हार समाज में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल प्रतिभाओं को पहचानने, उन्हें उचित मार्गदर्शन देने और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध करवाने की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय हुनर और तकनीकी शिक्षा का है। अभिभावकों को बच्चों की शिक्षा के साथ तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए, ताकि युवा अपनी प्रतिभा और हुनर के बल पर आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने प्रतिभा सम्मान समारोह को समाज की नई पीढ़ी को प्रेरित करने वाली सराहनीय पहल बताया।
विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ने कहा कि कुम्हार समाज मेहनतकश, संस्कारवान और प्रतिभाशाली समाज है। समाज ने अपनी मेहनत, कला, हुनर और शिक्षा के बल पर विभिन्न क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बनाई है। समाज की एकजुटता और जागरूकता उसकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि समाज के बच्चों और युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए शिक्षा, रोजगार और विकास के अवसर उपलब्ध करवाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि समाज की प्रत्येक समस्या और आवश्यकता को समझते हुए उसके हित में हरसंभव प्रयास जारी रहेंगे।
भाजपा नेता व मुख्य अतिथि रविशेखर मेघवाल ने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने तथा शिक्षा और हुनर को अपने जीवन का लक्ष्य बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षित और हुनरमंद युवा ही परिवार, समाज और प्रदेश को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने मोबाइल फोन के फायदे और नुकसान का जिक्र करते हुए अभिभावकों से कहा कि वे बच्चों से मोबाइल के उपयोग को लेकर संवाद करें और यह जानकारी रखें कि बच्चे मोबाइल का उपयोग किस उद्देश्य से कर रहे हैं। उन्होंने मोबाइल का सदुपयोग ज्ञान और शिक्षा के लिए करने की बात कही।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष बीकानेर व विशिष्ट अतिथि अशोक प्रजापत ने कहा कि वर्तमान दौर में शिक्षा और संगठन दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। समाज के युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहते हुए मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान केवल सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों और युवाओं का उत्साह नहीं बढ़ाता, बल्कि समाज के अन्य बच्चों को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है।
पूर्व ओबीसी भाजपा प्रदेशाध्यक्ष भाजपा ओबीसी मोर्चा राजस्थान चंपालाल गेदर ने कहा कि समाज की एकजुटता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। समाज को शिक्षा, संस्कार और संगठन के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करने के साथ उन्हें सामाजिक संस्कारों से जोड़ना भी जरूरी है। प्रतिभाओं का सम्मान समाज के लिए प्रेरणादायी कदम है, जिससे अन्य बच्चों को भी मेहनत कर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज को नई दिशा देने का कार्य करते हैं।
कुम्हार धर्मशाला के प्रवक्ता दलीप नोखवाल ने बताया कि समारोह में विद्यार्थियों, सरकारी सेवा में चयनित युवाओं एवं खिलाड़ियों को सम्मानित करने का मुख्य उद्देश्य समाज की प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि कुम्हार समाज शिक्षा, सामाजिक एकजुटता और सेवा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
ऐसे आयोजनों से समाज की नई पीढ़ी को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे निखारने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम में सहायक जिला कलेक्टर बीकानेर रवि कुमार नांदीवाल, पुलिस उपाधीक्षक बीकानेर अनिल कुमार लाडूणा, रेलवे विभाग बीकानेर के आईईएस देवकिशन गेदर, भारतीय रेलवे बीकानेर के एसीएम लालचंद गेदर, तहसीलदार खाजूवाला हरीश टाक, पुलिस इंस्पेक्टर बीकानेर सुरेंद्र भोभरिया, पीएनबी बैंक खाजूवाला के मैनेजर भंवरलाल भोभरिया, पीएचईडी बीकानेर के एक्सईएन धर्मेंद्र गेदर, आरएमजीबी बैंक दंतौर के मैनेजर श्रवण टाक, पंचायत समिति खाजूवाला के डायरेक्टर दलीप जलन्धरा, गुल्लुवाली सरपंच प्रतिनिधि देवीलाल लिम्बा, बीपीएचओ नई दिल्ली के राष्ट्रीय कार्यकारिणी अध्यक्ष किशनलाल सावल, त्रिलोक गेदर एवं बीछवाल भाजपा मंडल अध्यक्ष लक्ष्मण गुरिया सहित सर्व कुम्हार समाज विकास समिति खाजूवाला के अध्यक्ष हंसराज गोयल एवं समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में समाजबंधु मौजूद रहे।
सम्मान समारोह के बाद रात्रि से लेकर सुबह तक भजन संध्या एवं जागरण का आयोजन हुआ, जिसमें प्रसिद्ध भजन गायकार नानू गोपाली तथा झांकी कलाकार मोहित सोनी ओंकारा आर्ट ग्रुप सिरसा हरियाणा ने भजनों व झाकियों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

यह भी पढ़े

Web Title-Jagran, Bhajan Evening, and Talent Felicitation Ceremony at Kumhar Dharamshala
खास खबर Hindi News के अपडेट पाने के लिए फेसबुक पर लाइक और ट्विटर पर फॉलो करे!
(News in Hindi खास खबर पर)
Tags: jagran, bhajan evening, and talent felicitation ceremony at kumhar dharamshala\r\n, hindi news, news in hindi, breaking news in hindi, real time news, bikaner news, bikaner news in hindi, real time bikaner city news, real time news, bikaner news khas khabar, bikaner news in hindi
Khaskhabar.com Facebook Page:
स्थानीय ख़बरें

राजस्थान से

प्रमुख खबरे

आपका राज्य

Traffic

जीवन मंत्र

Daily Horoscope

वेबसाइट पर प्रकाशित सामग्री एवं सभी तरह के विवादों का न्याय क्षेत्र जयपुर ही रहेगा।
Copyright © 2026 Khaskhabar.com Group, All Rights Reserved