दबंग-3 का निर्देशन नहीं करेंगे अरबाज, काबिल निर्देशक की तलाश : सलमान

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 15 जून 2017, 09:25 AM (IST)

आठ दिन बाद प्रदर्शित होने जा रही कबीर खान निर्देशित ‘ट्यूबलाइट’ का प्रमोशन करने में जुटे सलमान खान इन दिनों मीडिया से बहुत बोल रहे हैं। वे हर मामले में खुलकर अपनी बात मीडिया से कह रहे हैं। कल ही उन्होंने दो ऐसे बयान दिए, जिनको लेकर वे सुर्खियों में आ गए हैं। एक कथन में उन्होंने कहा, जो युद्ध की बात करते हैं, उन्हें युद्ध लड़ने भेजो और दूसरा कथन उन्होंने अपने भाई अरबाज खान के लिए बोला कि सोहेल अरबाज खान से ज्यादा धैर्यवान निर्देशक है, अरबाज खान में धैर्य नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शीघ्र ही दबंग-3 शुरू करने जा रहे हैं, जिसका निर्देशन अरबाज खान नहीं करेंगे, बल्कि कोई और निर्देशक करेगा। बीच में मीडिया में इस बात के संकेत दिए गए थे कि सलमान खान प्रभु देवा के साथ काम करने जा रहे हैं। संभवत: वे ही दबंग-3 का निर्देशन करेंगे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता सलमान खान का कहना है कि उनके भाई अरबाज खान फिल्म ‘दबंग-3’ का निर्देशन नहीं करना चाहते और वे इसके लिए कोई अच्छा निर्देशक ढूंढ लेंगे। सलमान और उनके भाई सोहेल खान आगामी फिल्म ‘ट्यूबलाइट’ के प्रचार में व्यस्त हैं। सोहेल जहां सलमान को ‘औजार’, ‘जय हो’, ‘हैलो ब्रदर’, और ‘प्यार किया तो डरना क्या’ में निर्देशित कर चुके हैं, वहीं अरबाज ने उन्हें सिर्फ एक फिल्म ‘दबंग-2’ में निर्देशित किया है। सलमान ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत के दौरान दोनों में से अपने पसंदीदा निर्देशक के बारे में पूछे जाने पर कहा, अरबाज निर्देशन नहीं करना चाहते। मुझे लगता है कि सोहेल बेहतर निर्देशक हैं क्योंकि वह ज्यादा धैर्यवान हैं। सोहेल के साथ आप चीजों में सुधार कर सकते हैं, लेकिन वैसी ही समान स्थितियों में अरबाज परेशान हो जाते हैं और उनका रक्तचाप घटने-बढने लगता है। हम ‘दबंग-3’ शुरू करने जा रहे हैं। इसे लेकर उन्होंने (अरबाज) मुझसे कहा, ‘बहुत अच्छा, लेकिन मैं इसे निर्देशित नहीं करूंगा। मैं केवल इसका निर्माण करूंगा’। इस पर मैंने कहा, ‘बहुत अच्छा, हम इसके लिए कोई अच्छा निर्देशक ढूंढ लेंगे’।

ये भी पढ़ें - विनोद खन्ना की ये तस्वीर देख कर अपनी ही आंखों पर विश्वास कर पाना होगा मुश्किल

सलमान ने अपनी फिल्मों के चयन को लेकर कहा कि उन्हें लगता है कि अगर पटकथा सुनने के दौरान आप खुद को पटकथा के किरदार के रूप में नहीं देख पा रहे, तो फिर कहानी चाहे जितनी भी अच्छी हो, आपको वह फिल्म नहीं करनी चाहिए। अभिनेता ने फिल्म में भारत-चीन युद्ध की पृष्ठभूमि के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा, ‘हमने इसका इस्तेमाल बस एक पृष्ठभूमि के तौर पर किया है, इस फिल्म में हमने दिखाया है कि जितनी जल्दी हो सके युद्ध खत्म हो जाना चाहिए, ताकि दोनों देशों के सैनिक अपने-अपने घर लौट सकें क्योंकि जब भी युद्ध होता है, दोनों पक्षों के सैनिक मारे जाते हैं और उनके माता-पिता और बच्चों को पूरी जिंदगी उनके बगैर गुजारनी पडती है।

ये भी पढ़ें - क्या आपने देखी पूनम ढिल्लन की बेटी की गॉर्जियस तस्वीरें