हिमाचल की ई-विधान प्रणाली बनी मिसाल: बुटेल

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 26 जनवरी 2017, 6:46 PM (IST)

देश के 68वें गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य पर आज कांगड़ा जिले के धर्मशाला में गणतंत्र दिवस समारोह पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। हिमाचल प्रदेश विधानसभा केे अध्यक्ष बृज बिहारी लाल बुटेल ने समारोह की अध्यक्षता की। भारी बारिश के कारण ध्वजारोहण समारोह पूर्व निर्धारित स्थल पुलिस मैदान के बजाए उपायुक्त कार्यालय परिसर में किया गया। इस दौरान विधानसभा केे अध्यक्ष ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा पुलिस, होमगार्ड और विभिन्न स्कूलों के एनसीसी, स्काऊटस व गाईडस एवं एनएसएस के विद्यार्थियों की टुकड़ियों द्वारा निकाले गए आकर्षक मार्च पास्ट की सलामी ली। इसके पश्चात, सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन जिला परिषद हॉल में किया गया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में बृज बिहारी लाल बुटेल ने संविधान निर्माताओं के साथ-साथ देश की आजादी एवं गणतंत्र की स्थापना में स्वतंत्रता सेनानियों के बहुमूल्य योगदान, निस्वार्थ त्याग और बलिदान को याद किया। उन्होंने बहुमूल्य सेवाओं के लिए भारतीय सेनाओं के जवानों का भी आभार जताया।

उन्होंने कहा कि विगत लगभग सात दशकों की यात्रा में हिमाचल ने शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, कृृषि, बागबानी जैसे क्षेत्रों में अनेक उपलब्धियां अर्जित की हैं। हिमाचल शिक्षा व समावेशी विकास के क्षेत्र में आदर्श के तौर पर उभरा है। बुटेल ने कहा कि कांगड़ा एक ऐतिहासिक जिला है और आबादी के लिहाज से प्रदेश का सबसे बड़ा जिला भी है, इसे ध्यान मंे रखते हुए प्रदेश सरकार ने विकासोन्मुखी दृष्टिकोण के साथ जनकल्याणकारी नीतियों और कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू कर कांगड़ा में विकास के नए आयाम स्थापित किये जा रहे हैं।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि गरीब और कमजोर लोगों का कल्याण सरकार की प्राथमिकता है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन को 450 रुपये से बढ़ाकर 650 रुपये प्रतिमाह किया गया है। 80 वर्ष से अधिक के वृद्धजन व 45 वर्ष से कम आयु वाली विधवाओं की पैंशन 1200 रुपये की गई है। राज्य में 3,87,000 पात्र व्यक्तियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रदान की जा रही है। प्रदेश सरकार द्वारा कांगड़ा ज़िला में सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत 72,093 लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रदान की जा रही है; जिस पर इस वित्त वर्ष में अब तक 54.45 करोड़ व्यय किये गए हैं।


[@ हिमाचल: 2016 में वीरभद्र मामला, युग हत्याकाण्ड, केएनएच प्रकरण और भारत-पाक मैच ने बटोरी सुर्खियां]

ई-विधान प्रणाली के लिए हिमाचल ने बटोरी सराहना
बुटेल ने कहा कि प्रदेश विधानसभा में ई-विधान प्रणाली को प्रभावी तरीके से लागू कर कार्यवाही को पूरी तरह कागजरहित किया गया है। हिमाचल विधानसभा ने यह उपलब्धि अर्जित कर अन्य विधानसभाओं के लिए एक मिसाल कायम की है। यह कदम पर्यावरण मित्र तो है ही, जिससे कागजों के कम उपयोग से पेड़ों का बचाव हुआ है, इससे धन की भी बचत हुई है और विधानसभा से सम्बन्धित विभिन्न कार्यों को तेजी से कार्यान्वित करने में भी लाभ मिल रहा है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि देशभर में हिमाचल ई-विधान प्रणाली की सराहना तो हुई ही है, विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि इस प्रणाली को देखने-समझने एवं अपनाने के लिए विधानसभा आ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जिला कांगड़ा में गृह निर्माण उपदान के रूप में अनुसूचित जाति के 1534 परिवारों को 10 करोड़ 91 लाख रूपये तथा अनुसूचित जनजाति के 200 परिवारों के लिये 1.44 करोड़ तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के पात्र 996 परिवारों को 7.11 करोड़ रूपये की राशि प्रदान की गई है। बुटेल ने कहा कि बेरोज़गार युवाओं के कौशल विकास के लिए योजना के तहत कांगड़ा ज़िले में 40,575 युवाओं को लगभग 30 करोड़ रुपये भत्ते के रूप में प्रदान किए गए हैं।डॉ. राजेन्द्र प्रसाद मेडिकल कालेज, टांडा को एम्स स्तर का संस्थान बनाने के लिए सरकार द्वारा विशेष कदम उठाए गए हैं। अस्पताल में सुपर-स्पेशिएलिटी सेवाएं आरम्भ की गई हैं, जिनकी अधोसरंचना पर 150 करोड़ रुपये की राशि व्यय की गई हैै। उन्होंने कहा कि धर्मशाला से मैक्लोड़गंज और चामुण्डा से हिमानी चामुण्डा के लिये 350 करोड़ की लागत से दो रोप-वे स्वीकृत किये गये हैं और पालमपुर के बंदला से स्नो लाईन तक रोप-वे बनाया जाना प्रस्तावित है।

[@ 25 वर्ष पूर्व हुए अन्याय की लडाई लड़ रहे चमेरा-3 के विस्थापित]

सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले कलाकारों पुरस्कृत किया
विधानसभा अध्यक्ष ने इस अवसर पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले कलाकारों, आकर्षक मार्च पास्ट करने वाली टुकड़ियों और मिनी मैराथन के विजेताओं को पुरस्कृत किया। इससे पूर्व, प्रदेश विधान सभा केे अध्यक्ष बृज बिहारी लाल बुटेल ने प्रातः 10:30 बजे धर्मशाला स्थित शहीद स्मारक जाकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके अतिरिक्त, जिलाभर में उपमंडल स्तरों पर हर्षोल्लास के साथ गणतंत्र दिवस मनाया गया। विभिन्न उपमंडलों में संबंधित उपमंडलाधिकारी (नागरिक) ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और मार्च पास्ट की सलामी ली। इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। समारोह में मुख्य संसदीय सचिव शिक्षा नीरज भारती, नगर निगम धर्मशाला की महापौर रजनी व्यास, निर्वासित तिब्बत सरकार के प्रधानमंत्री डॉ. लोबसांग सांगे, उपायुक्त कांगड़ा सीपी वर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त डा0 रिचा वर्मा, पुलिस अधीक्षक संजीव गांधी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ज़िलावासी उपस्थित थे।

[@ जब एक कुत्ते ने बर्फीले हालात में फंसे 8 ट्रैकरों की जान बचाई]

[@ अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे]