उत्तर-मध्य भारत में जबर्दस्त ठंड, शीतलहर से निजात की उम्मीद नहीं

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 13 जनवरी 2017, 8:41 PM (IST)

नई दिल्ली। उत्तर और मध्य भारत में आगामी दिनों में भी जबर्दस्त ठंड और शीतलहर से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो-तीन दिनों में ये क्षेत्र शीतलहर की चपेट में ही रहेंगे और इसका असर 15 जनवरी को सबसे ज्यादा हो सकता है।

मौसम विभाग के मुताबिक एक हफ्ते तक सर्दी से राहत मिलने की संभावना नहीं है क्योंकि 21 जनवरी तक देश के ज्यादातर हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम ही रहेगा। विभाग ने अगले दो हफ्ते के अपने अनुमान में बताया कि तापमान में गिरावट का प्रमुख कारण पश्चिमी विक्षोभ के साथ पश्चिमी हिमालयन क्षेत्र (जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड) में बारिश या बर्फबारी है जो 14 से 17 जनवरी तक जारी रह सकता है। इससे लगे हुए मैदानी इलाकों में भी 15 से 17 जनवरी के दौरान बारिश हो सकती है और 15 जनवरी को बहुत ज्यादा ठंड होगी।

कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश या बर्फबारी...

[@ तीखी मिर्च के बाद अब यहां के खेतों से मिलेगी पपीते की मिठास]

मनाली में तापमान शून्य से सात डिग्री कम दर्ज होने के साथ मौसम विभाग ने 15 जनवरी से राज्य में अधिक बारिश और बर्फबारी की आशंका जताई है। मौसम अधिकारी ने बताया कि शिमला, नरकंडा, कुफरी, मनाली और डलहौजी मध्य पहाडिय़ों में स्थित जैसे अधिकांश प्रमुख पर्यटक कस्बों को शनिवार के बाद मध्यम हिमपात का सामना करना पड़ेगा। सात और आठ जनवरी को भारी बर्फबारी झेलने वाले शिमला का तापमान -1.4 डिग्री रहा। कुल्लू जिले का मनाली भी बर्फ की चादर से ढक गया है। लाहौल और स्पीति जिले के केलांग में तापमान शून्य से 14.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया। यह राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा।

[@ पंजाब की चुनावी लड़ाई में कौन किससे आगे?]

विभाग ने कहा कि अगले दो से तीन दिन में पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में शीतलहर से तीव्र शीतलहर आने की संभावना है। वहीं बिहार, मध्य प्रदेश, विदर्भ और अंदरूनी ओडिशा के कुछ हिस्सों में भी शीतलहर का प्रकोप देखा जा सकता है। अगले दो हफ्ते के दौरान सामान्य बारिश हो सकती है।

विभाग ने कहा कि 21 जनवरी तक कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है। 22 से 26 जनवरी के बीच, उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान सामान्य या सामान्य से ज्यादा रह सकता है। विभाग ने कहा कि उत्तर-पश्चिम, पूर्वी और इनसे लगते मध्य भारत के हिस्सों में 26 जनवरी तक अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है।

दिल्ली में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री दर्ज...

[@ जानिए कहां रहते थे अंतिम हिंदू सम्राट विक्रमादित्या, क्या है नाम..]

उत्तर भारत में कई दिनों से जारी शीतलहर के चलते दिल्ली में ठंड ने पिछले पांच सालों का रिकॉर्ड तोड दिया है। शुक्रवार की सुबह भी ऎसी ही सर्द हवाओं के साथ शुरू हुई व न्यूनतम तापमान 3 डिग्री दर्ज किया गया। कोहरे के कारण दिल्ली की ओर आने और यहां से जाने वाली 25 ट्रेनें देरी से चल रही हैं, जबकि 8 का समय बदला है और दो को रद्द कर दिया गया है।

दिल्ली, एनसीआर और यूपी के कानपुर, गोंडा, लखनऊ में भी पारा 3 डिग्री के पास है। लखनऊ और देहरादून का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री तथा पटना और रांची की 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लखनऊ में गुरूवार को पारा 1.5 तक चला गया था। गुरूवार को न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री कम है। इस साल यह मौसम का सबसे ठंडा दिन भी रहा। बुधवार को दिल्ली का तापमान 4 डिग्री दर्ज किया गया था। सडकों और चौराहों पर लोग आग जलाकर सर्दी से बचने की कोशिश करते दिख जाते हैं। देर रात और तडके काम करने वालों के लिए ठंड में मुश्किलें बढ गई हैं।

[@ फलों से मिठाईयां बनाने के गुर सीख रहीं महिलाए्ं]