गोवा कांग्रेस नेता शांताराम नाइक का निधन, राहुल गांधी ने जताया शोक

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 09 जून 2018, 11:03 AM (IST)

पणजी। गोवा कांग्रेस के पूर्व प्रमुख शांताराम नाइक का दिल का दौरा पडऩे के कारण शनिवार सुबह निधन हो गया। 72 वर्षीय पूर्व राज्यसभा सांसद शांताराम नाइक को बेचैनी की शिकायत के बाद उनके घर से मडगांव में निजी अस्पताल लाया गया था जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। गोवा कांग्रेस कमेटी के महासचिव ने यह जानकारी दी है।

गोवा कांग्रेस के कद्दावर नेता रहे शांताराम नाइक की मौत पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, गोवा कांग्रेस के पूर्व चीफ, सांसद और सीनियर कांग्रेस नेता शांताराम नाइक के निधन के बारे में सुनकर मुझे दुख है, जिन्होंने गोवा के राज्य के लिए लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दु:ख के समय में उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदना। उनकी आत्मा को शांति मिले।

गोवा कांग्रेस नेता गिरीश राया ने कहा, यह हमारे लिए आश्चर्यजनक खबर है। हमने उनके रूप में एक गाइड खो दिया। उन्होंने कई युवाओं को गाइड किया था और कांग्रेस पार्टी से जुडऩे के लिए प्रोत्साहित किया था। यह हमारे लिेए बड़ा नुकसान है। शांताराम नाइक को पार्टी के विश्वासपात्र के रूप में माना जाता था। वे 1984 आम चुनाव में पहली बार लोकसभा सदस्य के रूप में चुने गए थे। उन्होंने गोवा को राज्य का दर्जा दिलाने की मांग को बढ़ाया था जो 1987 में पूरा हुआ था।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

वे 2005-2011 और 2011-2017 के बीच दो बार गोवा से राज्यसभा सांसद भी रह चुके थे। जुलाई 2017 में राज्यसभा सीट के लिए हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) उम्मीदवार विनय तेंदुलकर ने उन्हें हराया था। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने जब युवाओं के लिए पार्टी में पदों पर जगह देने की अपील की थी तो नाइक ने गोवा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पद से हाल ही में इस्तीफा दे दिया था।

ये भी पढ़ें - यहां बहन सेहरा बांध, ब्याह कर लाती है भाभी