लोकतंत्र की हत्या किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे : पायलट

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 17 मई 2018, 8:37 PM (IST)

जयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष-सचिन पायलट और जयपुर जिलाध्यक्ष प्रतापसिंह खाचरियावास के नेतृत्व में हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कर्नाटक में लोकतंत्र की हत्या किए जाने के विरोध में राजधानी जयपुर के जिलाधीश कार्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान जयपुर के हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट सर्किल पर एकत्र हुए। वहां उन्होंने नारेबाजी की।
इस अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट ने कहा कि विधायकों की खरीद-फरोख्त के दम पर भाजपा कर्नाटक में तानाशाही पूर्ण तरीके से लोकतंत्र की हत्या करके सरकार बनाना चाहती है। केन्द्र सरकार ने अपनी शक्तियों का दुरुपयोग करते हुए राज्यपाल के जरिये येदियुरप्पा को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाकर भारत के संविधान का अपमान किया है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। देश में कानूनी मर्यादाओं को ताक पर रखकर विधायकों की खरीद-फरोख्त के जो प्रयास किए जा रहे हैं, वे देश के लोकतंत्र के हित में नहीं हैं। जेडीएस और कांग्रेस के मिलने के बाद सरकार बनाने का अधिकार सिर्फ कांग्रेस और जेडीएस का है।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

पायलट ने कहा कि आज पूरे देश में कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र की हत्या के विरोध में सड़कों पर उतरी है। केन्द्र सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं का गला घोंटकर देश में तानाशाही के जरिये लोकतंत्र की आवाज को बंद करना चाहती है, कांग्रेस सड़कों पर संघर्ष करेगी। गुरुवार को जयपुर सहित पूरे देश में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया है। ऐसे में यदि कहीं भी आंदोलन और धरने-प्रदर्शन करने पड़ेंगे तो कांग्रेस चुप नहीं रहेगी, लेकिन देश में लोकतंत्र की हत्या करने के किसी भी प्रयास को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस अवसर पर जयपुर कांग्रेस अध्यक्ष प्रतापसिंह खाचरियावास ने कहा कि केन्द्र सरकार कर्नाटक के जरिये पूरे देश में टकराव का माहौल पैदा कर रही है। यदि आंदोलन के दौरान कहीं भी कानून व्यवस्था बिगड़ी औेर टकराव की स्थिति पैदा हुई तो उसके लिए केन्द्र की भाजपा सरकार जिम्मेदार होगी।

ये भी पढ़ें - ...और टोटके से दूर हो गया जानवरों का रोग!

कनार्टक की अलोकतांत्रिक कार्रवाई के विरोध में केन्द्र सरकार का पुतला जलाने के दौरान कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट, जयपुर जिलाध्यक्ष प्रतापसिंह खाचरियावास, पूर्व सांसद महेश जोशी, पूर्व मंत्री बृजकिशोर शर्मा, कांग्रेस नेता अर्चना शर्मा, ज्योति खंडेलवाल, विक्रमसिंह शेखावत, मनोज मुद्गल, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष दुष्यंतराज सिंह चूंडावत, सुशील शर्मा, रूपेशकांत व्यास, हनुमान मीणा, डॉ. प्रहलाद रघु, सुनील मीणा, सीताराम अग्रवाल, राजकुमार बागड़ा, सुरेश सैनी, विष्णु बियानी, सुधीर पारीक, लक्ष्मणदास मोरानी, धर्मसिंह सिंघानिया, साधुराम शर्मा, हितेश आडवानी, यशपाल सिंह, गंगा देवी, महेन्द्र सिंह, विजय गर्ग, जयकरण चारण, उम्मेद खां, रमेश बैरवा, रमेश शर्मा, सुमन गुर्जर, सरलेश राणा, मंजू शर्मा, संगीता गर्ग सहित सैकडों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

ये भी पढ़ें - शर्त या पागलपंथी!निगली एक फुट लंबी संडासी