प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के लिए जनता ने कमर कस ली है : पायलट

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 25 जनवरी 2018, 8:10 PM (IST)

जयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट ने गुरुवार को अजमेर लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. रघु शर्मा के समर्थन में केकड़ी विधानसभ क्षेत्र में चुनावी जनसभाओं को सम्बोधित किया।

पायलट ने कहा कि हम पिछले कुछ सप्ताह से अजमेर लोकसभा क्षेत्र के अलग-अलग क्षेत्रों में प्रचार कर रहे हैं, लेकिन जिस तरह का स्वागत और स्नेह यहां की जनता से मिला उसने न सिर्फ हमें अभिभूत किया, बल्कि यह अहसास भी कराया कि डॉ. रघु शर्मा यहां की जनता के लाड़ले हैं। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राहुल गांधी ने डॉ. रघु शर्मा को अजमेर लोकसभा उप चुनाव में प्रत्याशी के रूप में उतारकर जनता को यह अवसर दिया है कि वह उस भूल को सुधार सके, जो पिछली बार भाजपा के चुनावी जुमलों, नारों व झूठे वादों से भ्रमित होकर की थी। जनता ने कांग्रेस व भाजपा दोनों की सरकारों का काम देखा है और यह आंकलन करना अब मुश्किल नहीं है कि किस पार्टी की सरकार ने जनता को प्राथमिकता देकर सेवा की और किसने जनविरोधी फैसले लेकर शोषण किया।



ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

उन्होंने कहा कि भाजपा को सत्ता में आये चार वर्ष से ज्यादा का समय हो गया है, लेकिन मुख्यमंत्री द्वारा सुराज संकल्प पत्र में किए गए तमाम वादे आज महज चुनावी जुमले बनकर रह गए हैं, जिससे जनता की भावनाओं को ठेस पहुंची है। भाजपा सरकार के राज में प्रदेश की वर्तमान स्थिति चिंताजनक है। प्रदेश की जनता ने मन बना लिया है कि भाजपा सरकार के कुशासन को उखाड़ फेंकेंगी और इन उप चुनावों में कांग्रेस की जीत निश्चित है। उन्होंने कहा कि केकड़ी की जनता पर बहुत बड़ी जिम्मेदारी है कि वे डॉ. रघु शर्मा को इस क्षेत्र से भारी बढ़त के साथ जिताकर संसद भवन में भेजें, जहां वे आम जनता की आवाज बनकर मुद्दों को उठा सकें।



ये भी पढ़ें - ...और टोटके से दूर हो गया जानवरों का रोग!

जनसभा में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि उप चुनावों को जीतन के लिए प्रदेश की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे किसी भी हद तक जा सकती हैं और इस बात का परिचय वे धौलपुर उप चुनाव में दे चुकी हैं। जिस तरह से सरकारी संसाधनों और प्रशासन का दुरुपयोग इन चुनावों में हो रहा है वह निन्दनीय है, लेकिन हमें विश्वास है कि जनता इन उप चुनावों में भाजपा को आइना दिखाएगी।


ये भी पढ़ें - यहां नागमणि से होता है सर्प दंश का इलाज!

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं राजस्थान प्रभारी अविनाश पाण्डे ने जनता पर विश्वास जताते हुए कहा कि तीनों उप चुनावों में कांग्रेस को जीत दिलाकर जनता आगामी विधानसभा चुनावों में भी कांग्रेस पार्टी को पूर्ण बहुमत देकर शासन की बागडोर सौंपेगी। जनसभा को नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी, सहप्रभारी सचिव विवेक बंसल, काजी मोहम्मद निजामुद्दीन, रंजीतसिंह चौटाला, लोकसभा प्रत्याशी डॉ. रघु शर्मा, प्रदेश कांग्रेस सेवादल के मुख्य संगठक राकेश पारीक ने भी सम्बोधित किया।


ये भी पढ़ें - यह है अनोखा कोर्ट, यहां नहीं मिलती तारीख पे तारीख