JDU राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक आज, NDA में शामिल होने पर लगेगी मुहर!

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 19 अगस्त 2017, 08:30 AM (IST)

पटना। नीतीश कुमार के नेतृत्व में आज जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) की आज राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक होने जा रही है। एनडीए में शामिल होने के नाम पर दो धडों में बंट चुकी जेडीयू के नेताओं के बीच हंगामा होना तय माना जा रहा है। माना जा रहा है कि नीतीश का खेमा जहां एनडीए गठबंधन में शामिल होने के फैसले पर औपचारिक तौर पर मुहर लगा सकता हैं, वहीं शरद यादव गुट के नेता आज होने वाले कार्यकारिणी की बैठक का बहिष्कार करेंगे। हालांकि शरद यादव गुट ने अलग से कार्यकारिणी की बैठक बुलाई है।

आपको बता दें कि जेडीयू के चुनाव चिह्न तीर पर भी शरद यादव गुट चुनाव आयोग जाकर दावा ठोकने की तैयारी में है। महासचिव पद से हटाए गए शरद गुट के अरुण श्रीवास्तव ने कहा शरद यादव जनता दल के सबसे पुराने नेता हैं और नीतीश कुमार तो समता पार्टी से आए थे। इसलिए चुनाव चिह्न पर पहला हक शरद यादव का है। नीतीश कुमार के पास सिर्फ 10 सासंदों, 71 विधायकों और 5 राज्य ईकाइयों का ही समर्थन है।

नीतीश कुमार के पार्टी अध्यक्ष बनते ही शरद यादव हासिए पर चले गए थे। पार्टी के किसी भी बड़े फैसले में नीतीश कुमार उन्हें ज्यादा तवज्जो नहीं दिया करते थे जिससे शरद यादव बेहद नाराज चल रहे थे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

एनडीए से दोबारा गठबंधन करने से शरद यादव नीतीश कुमार से बेहद खफा हो गए और बागी सुर बुलंद कर दिया। शरद यादव ने नीतीश के फैसले को बिहार के जनता के साथ धोखा तक करार दे दिया था। इसके जवाब में दिल्ली में नीतीश कुमार ने अमित शाह से मुलाकात करने के बाद कहा था कि शरद यादव अपना अलग रास्ता चुनने के लिए आजाद हैं।

आज होने वाले बैठक को लेकर पार्टी महासचिव पद से हटाए गए अरुण श्रीवास्तव और पार्टी से निलंबित सांसद अली अनवर ने कहा कि श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में होने वाली बैठक का शरद यादव गुट बहिष्कार करेगा। अरुण श्रीवास्तव के मुताबिक शरद यादव गुट ही असली जेडीयू है और पार्टी की 14 राज्य ईकाई उनके साथ है जिसमें से कुछ ने साझा विरासत बचाओ सम्मेलन में हिस्सा भी लिया था।

ये भी पढ़ें - क्राइम पेट्रोल देख कर बनाया प्लान फिर ढाई साल के मासूम को चाची ने ही मार डाला