चीन-पाक से खतरा नहीं, भारत के अंदर बैठा चोर कर रहा बेड़ागर्क:अब्दुल्ला

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 17 अगस्त 2017, 4:14 PM (IST)

नई दिल्ली। जम्मू एवं कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कांफ्रेंस के नेता फारूख अब्दुल्ला ने गुरुवार को विवादित बयान दिया। अब्दुल्ला ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि चीन और पाकिस्तान से ज्यादा खतरा उन लोगों से है, जो भारत के अंदर बैठे हुए हैं। इस कार्यक्रम में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और जेडीयू के वरिष्ठ नेता शरद यादव भी मौजूद थे। अब्दुल्ला का यह बयान ऐसे समय मेें आया है जब चीन और पाकिस्तान के साथ भारत के रिश्ते काफी बिगड़े हुए है।

उन्होंने कहा कि चीन और पाकिस्तान हमारे देश का कुछ नहीं बिगाड़ सकते, लेकिन भारत के अंदर चोर बैठा हुआ है जो बेड़ागर्क कर रहा है। अब्दुल्ला के ऐसे बयान से यह तो साफ है कि उन्होंने सीधे-सीधे केंद्र सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा, इसमें कोई शक नहीं है कि मैं मुसलमान हूं और गर्व से कहता हूं कि मैं एक हिंदुस्तानी मुसलमान हूं। मुझसे यह पूछा जाए क्या तुम एक हिंदुस्तानी मुसलमान हो? कौन थे वे लोग, जिन लोगों ने भारत की लड़ाई में हिस्सा लिया? क्या वे मुसलमान नहीं थे?

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

जिसने क्विट इंडिया का नारा गांधी के सामने रखा, वो भी बॉम्बे का एक मुसलमान था। जिसने तिरंगे झंडे को हमारा राष्ट्रीय झंडा बनाया, वो औरत भी एक मुसलमान औरत थी।... आज भारत को खतरा नहीं है बाहर से, चीन हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकता। पाकिस्तान हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकता। हमारे अंदर चोर बैठा हुआ है, जो हमारा बेड़ागर्क कर रहा है। राजनीतिक विरोधियों का कहना है कि अब्दुल्ला ऐसा बयान देकर पाकिस्तान और चीन जैसे उन मुल्कों को क्लीन चिट दे रहे हैं, जो भारत विरोधी गतिविधियों में लिप्त हैं।

ये भी पढ़ें - ...और टोटके से दूर हो गया जानवरों का रोग!