जीएसटी का काउंटडाउन शुरू: आज रात सितारों से जगमगाएगी संसद

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 30 जून 2017, 08:03 AM (IST)

नई दिल्ली। आज रात 12 बजे से जीएसटी लागू हो जाएगा, इसके साथ ही देश को अनगिनत टैक्स से आजादी मिल जाएगी। संसद में जीएसटी के लॉन्च की जबरदस्त तैयारी की गई है। जीएसटी लागू होने के मौके पर केंद्रीय कक्ष में होने वाले कार्यक्रम में राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अरुण जेटली के साथ कई राज्यों के मुख्यमंत्री हिस्सा लेंगे। इस मौके पर कई फिल्मी सितारें और बड़ी हस्तियां भी मौजूद होंगी।

संसद भवन को दुल्हन की तरह सजाया गया है। सेंट्रल हॉल में जीएसटी पर आज आधी रात को ठीक वैसा ही भव्य आयोजन होने वाला है जैसा 15 अगस्त 1947 की आधी रात को हुआ था। केंद्रीय कक्ष में भी तैयारियां पूरी हो चुकी है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री अनंत कुमार की निगरानी में जीएसटी लागू करने का अभ्यास भी हो चुका है। मुख्य कार्यक्रम में ठीक 12 बजे घंटा बजेगा, जो यह बताएगा कि जीएसटी लागू हो गया है।

रात 11.30 बजे से 12.5 बजे तक चलने वाले इस कार्यक्रम के दौरान दो शार्ट फिल्में भी दिखाई जाएगीं। इसके लिए केंद्रीय कक्ष में दो बड़ी-बड़ी स्क्रीन भी लगाई गई हैं। इस मौके पर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री एक एप भी जारी करेंगे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कार्यक्रम में शामिल लोगों को संबोधित करेंगे, इसलिए केंद्रीय कक्ष के साउंड सिस्टम को भी बदला गया है। संसद के दोनों सदनों के सांसदों सहित करीब 1500 लोगों के हिस्सा लेने की उम्मीद है।

जीएसटी के कार्यक्रम के लिए संसद भवन को एलईडी बल्बों से रोशन किया गया है। माइक्रो सेंड तकनीक से संसद भवन के खंभों को साफ किया जा रहा है, ताकि इमारत को किसी तरह का कोई नुकसान नहीं पहुंचे।

ये भी पढ़ें - अजब- गजबः बंद आंखों से केवल सूंघकर देख लेते हैं ये बच्चे