बाहुबली-2: कमाई में 37 प्रतिशत की गिरावट, 400 करोड पर प्रश्नचिह्न!

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 09 मई 2017, 09:36 AM (IST)

अभिनेता प्रभास अभिनीत ‘बाहुबली-2’ ने अपने प्रदर्शन के 9वें दिन वैश्विक स्तर पर 1000 करोड का कारोबार करके भारतीय सिनेमा को स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज करवाया। क्षेत्रीय भाषा तमिल और तेलुगु में बनी इस फिल्म को निर्देशक एस.एस. राजामौली ने जिस अंदाज से परदे पर मूर्त रूप दिया वह तारीफ के काबिल रहा है। हालांकि फिल्म में कई कमियां हैं लेकिन प्रस्तुतीकरण और कथानक के बहाव में दर्शकों का ध्यान उन कमियों की ओर नहीं जाता है। बॉक्स ऑफिस पर 28 अप्रैल से लेकर 7 मई तक इस फिल्म ने अपने सफर के दस दिनों में हिन्दी वर्जन से बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड से ज्यादा का कारोबार करने में सफलता प्राप्त की। जिस तेजी से यह फिल्म हिन्दी भाषी क्षेत्र में कारोबार कर रही थी उसे देखकर ऐसा महसूस हो रहा था कि यह बहुत जल्द आमिर खान की ‘दंगल’ (387 करोड) को पीछे छोडते हुए 400 करोड क्लब की स्थापना करने वाली पहली फिल्म बन जायेगी। लेकिन फिल्म के कलेक्शन में दूसरे सप्ताह में आई 37 प्रतिशत की गिरावट ने फिलहाल हिंदी बाहुबली के 400 करोड क्लब में जाने पर लगाम कस दी है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

प्रभास स्टारर बाहुबली का दूसरा भाग 28 अप्रैल को रिलीज हुआ था और फिल्म ने दूसरे सप्ताह में सभी भाषाओं को मिला कर घरेलू बॉक्स ऑफिस से 800 करोड और ओवरसीज से 200 करोड की कमाई की। अगर घरेलू बॉक्स ऑफिस पर हिंदी बाहुबली की बात करें तो अपने प्रथम सप्ताहांत में फिल्म ने 128 करोड का कारोबार किया जबकि दूसरे वीकेंड में 80 करोड 75 लाख का। दूसरे सोमवार से फिल्म की कमाई में 37 प्रतिशत की गिरावट का बडा असर यह रहा कि भारत में 400 करोड क्लब की तरफ तेजी से बढ रहे वर्जन पर लगाम लग गई। फिल्म ने दूसरे रविवार को 34 करोड 50 लाख रुपये का कारोबार किया जो कि शनिवार के 26 करोड 50 लाख के कारोबार से 8 करोड ज्यादा रहा। हिंदी बाहुबली ने अब भारत में 327 करोड 75 लाख रूपये कमा लिए हैं। अब तक कमाई के हिसाब से यह हिन्दी भाषा की तीसरी ऐसी फिल्म बन गई है जिसने इतना कारोबार किया है। इससे पहले आमिर खान की ‘दंगल’ (387 करोड 38 लाख) और ‘पीके’ (340 करोड 80 लाख रूपये) ऐसी फिल्में हैं। ज्ञातव्य है कि बाहुबली-2: द कन्क्लूजन से प्रदर्शन के छठे दिन 200 करोड और नवें दिन 300 करोड रुपये का लक्ष्य हासिल कर लिया था।

ये भी पढ़ें - B.Special: फोटोशूट, ड्रग्स, इस्लाम धर्म, जोगन...जुड़े ममता से ये विवाद