जवान लंच कर रहे थे जब हुआ नक्सल हमला:राजनाथ ने बुलाई रणनीतिक बैठक

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 25 अप्रैल 2017, 12:24 PM (IST)

नई दिल्ली। सुकमा हमले के बाद गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने 8 मई को नक्सल प्रभावित राज्यों की बैठक बुलाई है, जिसमें नक्सलियों से निपटने की रणनीति पर चर्चा होगी। इस बीच यह खुलासा हुआ है कि सुकमा में शहीद हुए सीआरपीएफ के 25 जवान उस समय लंच कर रहे थे जब उनपर नक्सलियों ने गोलियों और ग्रेनेड से ताबड़तोड़ हमला किया था। अधिकारियों ने बताया कि कुल 99 जवानों में से 36 जवान पहले हमले की चपेट में आए। ये जवान चिंतागुफा तक जोड़ने वाली 5.5 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण कार्य को सुरक्षा मुहैया कराने के लिए सोमवार को बुरकापाल से लौटे थे।

अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि नक्सली स्थानीय लोगों की मदद से बहुत सावधानीपूर्वक जवानों की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे। सीआरपीएफ के 3 में से एक दल के 36 जवान लंच के लिए बैठे थे, तभी आधुनिक हथियारों से लैस नक्सलियों ने उन पर भारी गोलीबारी शुरू कर दी।

बता दें,नक्सलियों ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के दल पर सोमवार को हमला करने से पहले चरवाहों के जरिए रैकी कराई थी, और बड़ा नुकसान पहुंचाने की संभावना बनने पर ही ठीक उसी तरह के आधुनिक हथियारों से हमला बोला, जिस तरह के हथियार सुरक्षा बलों के पास होते हैं। यह खुलासा किया है हमले में घायल जवानों ने।

एक घायल जवान ने हमले से पहले की स्थिति के बारे में संवाददाताओं को बताया, गांव वाले नक्सलियों से मिले हुए हैं। हमला करने से पहले गांव वाले गाय-भैंस चराने के बहाने आए, और उन्होंने हमारी लोकेशन देखी। उन पर हम कोई कार्रवाई नहीं कर सकते थे, क्योंकि उनके हाथ में हथियार नहीं थे।

जवान ने आगे बताया, चरवाहों के जाने के लगभग 15 मिनट बाद तीन सौ काली वर्दीधारी नक्सलियों ने हमे चारों ओर से घेर लिया और हमारे ऊपर गोलीबारी शुरू कर दी। हमने भी बचाव में मुंहतोड़ जवाब दिया। इसमें 15-20 नक्सली मारे गए। घायल जवान ने कहा, नक्सलियों के पास सारे स्वचालित हथियार थे - एके 47, एसएलआर, इंसास, रॉकेट लॉचर, मोर्टार। उनके पास वे सभी हथियार थे, जो सीआरपीएफ के पास हैं।

हमले की जगह और वक्त चुनने वाले खुद नक्सली थे। इस घटना को खुफिया तंत्र की नाकामी के साथ जोडक़र देखा जा रहा है। इसके पीछे सबसे बड़ी बात यह मानी जा रही है कि आखिर किस तरह 300 नक्सलियों की मूवमेंट या गतिविधियों पर सुरक्षा बलों या खुफिया तंत्र की नजर नहीं पड़ी। नक्सलियों ने अपने चिर-परिचित अंदाज में ही इस घातक हमले को अंजाम दिया, यानी बड़ी संख्या में एकत्र होकर अचानक हमला बोलने की रणनीति अपनाई गई।

आइये, आपको हम बताते हैं कैसे हुआ यह हमला-
1. सोमवार सुबह करीब 8.30 बजे सीआरपीएफ की 74वीं बटालियन के 99 जवान दुर्गापाल कैंप से रवाना हुए। चिंतागुफा पहुंचने के बाद ये जवान दो समूहों में बंट गए। इन्हें इलाके में चल रहे सडक़ निर्माण प्रोजेक्ट के लिए रास्ते की कॉम्बिंग का काम सौंपा गया था।
2. इस दौरान घात लगाकर बैठे नक्सलियों ने स्थानीय गांववालों को लोकेशन का पता लगाने के लिए भेजा और सीआरपीएफ दल का पुख्ता लोकेशन का पता लगा लिया।
3. इन जवानों को इस बात की कतई भनक नहीं थी कि चिंतागुफा-बुर्कापाल-भेजी इलाके के करीब 300-400 नक्सली यहां घात लगाए बैठे हैं। खबरों के मुताबिक इनमें से करीब 150 नक्सली लड़ाका समूहों का हिस्सा थे। नक्सलियों ने छोटे दल बनाए और दोपहर करीब 12.25 बजे हमले की शुरुआत एक आईईडी ब्लास्ट से हुई। इसके बाद नक्सलियों ने जवानों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

4. माना जा है कि नक्सलियों ने हमले में एके-47 जैसे आधुनिक हथियारों का इस्तेमाल किया गया। सीआरपीएफ के मुताबिक, हमलावरों की अगुवाई हिडमा नाम का नक्सली नेता कर रहा था।
5. सूत्रों के मुताबिक, हमला शुरू होने के कुछ देर बाद महिला नक्सलियों का दल भी कार्रवाई में शामिल हो गया। ये महिला आतंकी 12 मार्च को सीआरपीएफ जवानों से लूटे गए हथियारों से लैस थीं।
6. सीआरपीएफ के जवानों ने जवाबी कार्रवाई की। कई नक्सली उनकी गोलियों का निशाना बने। हालांकि अब तक इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
7. हमले में घायल सीआरपीएफ जवान शेर मोहम्मद ने कहा, ‘नक्सलियों ने पहले स्थानीय गांववालों को हमारी लोकेशन का पता लगाने के लिए भेजा। इसके बाद करीब 300 नक्सलियों ने धावा बोल दिया। हम संख्या में उनसे आधे भी नहीं थे। फिर भी हमने जवाबी फायरिंग की। मैंने करीब 3-4 नक्सलियों को छाती में गोली मारी।’ एक अन्य जवान के मुताबिक, ‘मैंने कई महिला नक्सलियों को भी देखा, वे काली वर्दी में थीं और आधुनिक हथियारों से लैस थीं। सीआरपीएफ के जवाबी हमले में करीब 10-12 नक्सली मारे गए हैं।’

यह है अनोखा कोर्ट, यहां नहीं मिलती तारीख पे तारीख

8. नक्सली शहीद जवानों से दर्जनों हथियार लूट ले गए। शहीदों में कंपनी कमांडर रघुबीर सिंह भी शामिल हैं।
9. कुछ देर बाद जगदलपुर में तैनात भारतीय वायुसेना की एंटी-नक्सल टास्क फोर्स को हमले की इत्तला मिली। इसके बाद एमआई-17वी5 हेलीकॉप्टरों को फौरन मौके पर रवाना किया गया ताकि घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा सके। पहले तीन जवानों के घायल होने की खबर थी, लेकिन बाद में पता चला कि कुल 7 जवान जख्मी हुए हैं। इन सभी को इलाज के लिए रायपुर लाया गया। रास्ते में एक और जवान शहीद हो गए।

यहां कब्र से आती है आवाज, ‘जिंदा हूं बाहर निकालो’

10. इसी दौरान हेलीकॉप्टर चालकों को आदेश मिला कि बुर्कापाल से 24 शहीद जवानों के शव लाए जाएं। हेलीकॉप्टरों को इस काम के लिए शाम के अंधेरे के बावजूद इलाके में उतारा गया। वहां पहुंचने पर 25 जवानों के शवों को रायपुर में पोस्टमॉर्टम के लिए लाया गया।
11. इसके बाद सीआरपीएफ की 150वीं बटालियन और 206 कोबरा बटालियन ने कॉम्बिंग अभियान शुरू किया।

शादीशुदा सरपंच बना मजनूं, महिला के साथ बातचीत की ऑडियो हुई वायरल