मेड्रिड। स्पेन में गिरफ्तार एक रूसी कम्प्यूटर वैज्ञानिक की पत्नी को
पुलिस ने कथित तौर पर यह बताया है कि उसे अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड
ट्रंप की चुनावी विजय से जुडे कम्प्यूटर वायरस संबंधी मामले में पकडा गया
है।
स्पेन की पुलिस के प्रवक्ता ने एएफपी को बताया कि इस व्यक्ति को शुक्रवार
को पुलिस की तकनीकी जांच इकाई के अधिकारियों ने एक अंतरराष्ट्रीय शिकायत के
बाद बार्सिलोना हवाईअड्डे से पकडा था। उन्होंने यह भी कहा कि गिरफ्तार किए
गए व्यक्ति को बाद में मेड्रिड स्थानांतरित कर दिया गया।
गिरफ्तार व्यक्ति की पत्नी मारिया लेवाचोवा ने टीवी चैनल रशिया टुडे को
बताया कि उसके पति को साइबर अपराध से जुडे अमेरिकी अधिकारियों के अनुरोध पर
पकडा गया। चैनल ने लेवाचोवा के हवाले से कहा कि स्पेन की पुलिस ने उसे
बताया, ऎसा प्रतीत होता है कि मेरे पति द्वारा बनाए गए एक वायरस का संबंध
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की जीत से है।
अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
एएफपी के अनुसार न तो स्पेन की पुलिस ने और न ही रूसी वाणिज्य दूतावास ने ही गिरफ्तारी की वजह की पुष्टि की। अमेरिकी खुफिया और जासूसी-रोधी सेवाओं ने रूस पर आरोप लगाया था कि उसने अमेरिका में हुए राष्ट्रपति पद के चुनावों के दौरान ट्रंप की जीत की संभावनाओं को बढाने की कोशिशें कीं। जनवरी के मध्य में रूस के एक अन्य कम्प्यूटर वैज्ञानिक स्टेनिस्लाव लिसोव को बार्सिलोना के अल प्रेट हवाईअड्डे से गिरफ्तार किया गया था।