अभिनेत्री विद्या बालन उम्मीद करती हैं कि उनकी नई फिल्म बेगम जान के साथ लोग जुड़ाव महसूस करेंगे। फिल्म में वह एक वेश्यालय की मालकिन की भूमिका में नजर आएंगी। विद्या ने शुक्रवार को फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग के दौरान कहा, फिल्म के ट्रेलर और गीतों को दर्शकों से काफी अच्छी प्रतिक्रिया मिली है और वे फिल्म देखने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
विद्या के मुताबिक, हर समय मैं दर्शकों के लिए नई और असाधारण कहानी पेश करने की कोशिश करती हूं और जब इस फिल्म का प्रस्ताव आया तो मैं बहुत उत्साहित हो गई और मैं उसी दिन शूटिंग शुरू करने बारे में सोचने लगी। बेगम जान का किरदार और संवाद बहुत दमदार और ढेर सारे मनोभावों के साथ हैं, जिसके चलते खुद को यह फिल्म करने से नहीं रोक पाई।
अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
बेगम जान बंगाली फिल्म राजकहिनी का हिंदी रूपातंरण है। फिल्म में गौहर खान, नसीरुद्दीन शाह, चंकी पांडे, इला अरुण, पल्लवी शारदा आदि कलाकार भी हैं। विशेष फिल्म्स व प्ले इंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित और श्रीजीत मुखर्जी निर्देशित यह फिल्म 14 अप्रैल को रिलीज होगी। बेगम जान की स्क्रीनिंग में रेखा, आलिया भट्ट, मुकेश भट्ट, महेश भट्ट, जैकी भागनानी, कबीर खान और सिद्धार्थ रॉय कपूर आदि हस्तियां शामिल हुईं।