आत्महत्या के लिए उकसाने पर पूर्व सीपीएस रामकिशन गुर्जर को चार साल की जेल

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 03 मार्च 2017, 9:19 PM (IST)

बलवंत तक्षक, चंडीगढ़। हरियाणा के नेताओं की ग्रहदशा खराब चल रही है। नजर उतारने के सारे प्रयास विफल साबित हो रहे हैं। बचाव के तमाम प्रयासों के बावजूद उनके लिए जेल के दरवाजे खुल रहे हैं। ताजा मामला पूर्व मुख्य संसदीय सचिव (सीपीएस) रामकिशन गुर्जर का है।

गुर्जर और उनके दो साथियों को अदालत ने चार-चार साल की सजा सुनाई है। एक पत्रकार को आत्महत्या के लिए मजबूर करने के मामले में दो दिन पहले उन्हें दोषी करार दिया गया था, आज उन्हें चार-चार साल की कैद, दस-दस हजार रुपए का जुर्माना और मृतक के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपए का मुआवजा देने की सजा सुनाई गई है। मामला वर्ष 2009 का है। पत्रकार पंकज की मौत के बाद उनके परिजनों ने मुख्य संसदीय सचिव रहते रामकिशन गुर्जर, अजित अग्रवाल और विजय अग्रवाल के खिलाफ अदालत में मामला दायर किया था। आरोप थे कि इन लोगों ने पंकज को आत्महत्या के लिए मजबूर किया। सजा सुनाये जाने के मौके पर नारायणगढ़ क्षेत्र से लगातार दो बार कांग्रेस विधायक रहे रामकिशन गुर्जर मौन रहे। अब गुर्जर और उनके साथी इस फैसले के खिलाफ जल्दी ही पंजाब व हरियाणा का दरवाजा खटखटाएंगे।पूर्व विधानसभा अध्यक्ष को भी हो चुकी है सजा
इससे पहले अदालत हरियाणा के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सतबीर सिंह कादियान को भी चार साल की सजा सुना चुकी है। चेयरमैन रहते सरकारी पैसे को गलत तरीके से निवेश करने के मामले में उनके खिलाफ सीबीआई ने जांच की थी। कई साल चले इस मामले में अदालत ने उन्हें दोषी ठहराया और चार साल की सजा दी। इंडियन नेशनल लोकदल(इनेलो)के नेता कादियान कई बार विधायक रहे हैं।पिता-पुत्र पहले ही जेल में है

[ भगवान शिव को पाने के लिए युवती ने जान दी]

[ अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे]

पूर्वमुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला और उनके बेटे अभय सिंह को भी अदालत ने जेबीटी भर्ती मामले में अनियमितताओं के लिए दोषी ठहराते हुए दस-दस साल की सजा सुनाई थी। चौटाला के मुख्यमंत्री रहते हरियाणा में 3206 जेबीटी शिक्षकों की भर्ती की गई थी। इस मामले में गड़बड़ी के आरोप लगे तो अदालत के आदेश पर सीबीआई ने मामले की जांच की। इन जेबीटी शिक्षकों को सेवा से हटाने का मामला अभी पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट में विचाराधीन है।पूर्व मंत्री जैन पर चल रहा है मामला
सरकारी नौकरी दिलाने के लिए रिश्वत लेने के आरोप में पूर्व मंत्री ओमप्रकाश जैन पर एक मामला अदालत में विचाराधीन है। आरोप है कि उन्हें नौकरी के लिए पैसे दिए गए, लेकिन न तो नौकरी मिली और न ही पैसे वापस लौटाए गए। करनाल जिले के कंबोपुरा गांव के एक व्यक्ति ने जैन पर आरोप लगाते हुए जांच की मांग की। बाद में आरोप लगाने वाले व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के बेटे की मांग पर अदालत ने मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी। सीबीआई ने इस मामले में जैन को गिरफ्तार भी किया। मृतक के परिजनों को सीबीआई अदालत के फैसले का इंतजार है। देखते हैं, जैन बरी होते हैं या उनके लिए भी जेल के दरवाजे खुलते हैं।

[ देह व्यापार करने वालों की अब खैर नहीं....]