बीकानेर बॉयज स्कूल के उत्सव में दिखी रंगारंग प्रस्तुतियां

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 05 फ़रवरी 2017, 2:02 PM (IST)

बीकानेर। बीकानेर बॉयेज स्कूल का वार्षिकोत्सव रहमत स्कूल परिसर में रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ आयोजित किया गया। समारोह में स्कूल के विद्यार्थियों तथा बड़ी संख्या में अभिभावकों ने आकर्षक वेशभूषा एवं भाव भंगिमाओं के साथ आयोजित प्रस्तुतियों की करतल ध्वनि से सराहना की।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि स्थाई लोक अदालत की चेयरमैन डॉ.कमलदत्त थीं। उन्होंने कहा कि बीकानेर बॉयज स्कूल ने 48 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में प्रतिष्ठा हासिल की है। बीबीएस के विद्यार्थियों ने शिक्षा,खेलकूद, सांस्कृतिक व साहित्यिक सहित विभिन्न क्षेत्रों में राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन किया है। इस दौरान रेवरन फादर जोसफ ने स्वागत भाषण दिया। प्राचार्य फादर सीबू ने स्कूल की गतिविधियों से अवगत करवाते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। हैड बॉय हिमांशु भार्गव ने प्रगति प्रतिवेदन पेश किया। डॉ. पुनीत कालरा ने भी विचार व्यक्त किए।

[@ ...और टोटके से दूर हो गया जानवरों का रोग!]

प्रभु वंदना से शुरू हुए कार्यक्रम में गुजरात,राजस्थान,छतीसगढ़ व केरल आदि देश के विभिन्न प्रदेशों के लोक नृत्य पेश किए। नन्हें बच्चों ने राजस्थानी गीत पधारो म्हारे देश पर नृत्य कर समा बांध दिया। प्राथमिक विंग के ही छात्रों ने जनानी स्वरूप् धारण कर प्राकृतिक सौन्दर्य को दर्शाने वाले तथा प्रकृति व वन्य जीवों को संरक्षण का संदेश देने वाला चिताकर्षक नृत्य किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने लघु संवादों के माध्यम से शिक्षित बनने, बड़ों का सम्मान करने, पर्यावरण प्रदूषण को रोकने, साम्प्रदायिक सौहार्द व भाई चारे को बनाए रखने, सभी धर्मों को सम्मान देने तथा स्वच्छ भारत अभियान में सहभागी बनने का संदेश दिया। समारोह में सोफिया स्कूल की प्राचार्य सिस्टर वर्जिन, एस.डी.कॉन्वेंट की सिस्टर उदया, सिस्टर गिलबर्टा, सिस्टर शोसिमा, सिस्टर सिद्धि तथा लिटिल फ्लावर शिक्षा सोसायटी की सिस्टर के साथ बीकानेर के गणमान्य नागरिक भी मौजूद थे।

[@ यहां पेड़ों की रक्षा को 363 लोगों ने दिया था बलिदान]

[@ अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे]