वर्ष की शुरूआत टकराव से, अन्त महाटकराव से, कौन जीतेगा बाजी!

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 31 जनवरी 2017, 3:43 PM (IST)

वर्ष 2017 की शुरूआत बॉलीवुड बॉक्स ऑफिस पर दो बडी फिल्मों रईस और काबिल के साथ हुई। आपसी तनातनी और खींचतान के चलते प्रदर्शित हुई इन फिल्मों ने यद्यपि बॉक्स ऑफिस पर अच्छा कारोबार किया, इसके बावजूद बॉक्स ऑफिस को लगभग 150 करोड का नुकसान हुआ। यह नुकसान उसे पूरे वर्ष सालता रहेगा। वर्ष के अन्त में भी बॉक्स ऑफिस पर महाटकराव देखने को मिलेगा। इस टकराव से बॉक्स ऑफिस को कितने करोडों का नुकसान होगा इसका आंकलन करना अभी संभव नहीं है। यह टकराव क्रिसमस के मौके पर होगा जब आमने सामने होंगे सलमान खान और रणबीर कपूर। इन दोनों अभिनेताओं की लोकप्रियता की तुलना नहीं की जा सकती। यह दो फिल्में हैं ‘टाइगर जिंदा है’ और ‘दत्त’ (अभिनेता संजय दत्त की बायोपिक) जिसे अली अब्बास जफर और राजकुमार हिरानी निर्देशित कर रहे हैं। ‘दत्त’ की शूटिंग शुरू हो चुकी है और ‘टाइगर जिंदा है’ की शूटिंग मार्च 15 से शुरू होने जा रही है।

[@ PICS: रेखा के इस अंदाज को नहीं देखा तो क्या देखा]

सलमान खान स्टारर फिल्म ‘एक था टाईगर’ का सीक्वल ‘टाईगर जिंदा है’ इस वर्ष क्रिसमस के मौके पर 22 दिसंबर को प्रदर्शित होने जा रही है। फिल्म को चार दिन का लंबा वीकेंड और उसके बाद क्रिसमस व सर्दियों की 10 दिन की लंबी छुट्टियां मिलेंगी। कोई शक नहीं कि यह इस साल की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक है। सलमान खान और क्रिसमस का मौका.. यानि की बॉक्स ऑफिस धमाका। लेकिन इस धमाके की गूंज को थोडा कम करने आ रहे हैं निर्देशक राजकुमार हिरानी अपनी फिल्म ‘दत्त’ के साथ। उनकी इस फिल्म में अभिनेता रणबीर कपूर संजय दत्त का किरदार निभा रहे हैं, जिनकी यह बॉयोपिक फिल्म है। काबिल और रईस के टकराव को देखते हुए यह साफ कहा जा सकता है ‘टाईगर जिंदा है’ और ‘दत्त’ बॉयोपिक का टकराव बॉक्स ऑफिस के लिए काफी नुकसानदेह साबित हो सकता है।

[@ जिन बॉलीवुड अभिनेत्रियों को नहीं अपनाया ससुराल ने]

सलमान खान की टाइगर जिंदा है निश्चित रूप से 300 करोडी फिल्म है, हालांकि बॉक्स ऑफिस विश्लेषकों के अनुसार संभवत यह इस वर्ष की पहली 400 करोडी और बॉक्स ऑफिस के लिए दूसरी 400 करोडी फिल्म साबित हो सकती है। वर्ष 2016 में आई आमिर खान की ‘दंगल’ बॉलीवुड के लिए पहली 400 करोडी फिल्म होने की राह पर है। टाइगर जिंदा है सुपर हिट फिल्म एक था टाइगर का सीक्वल है। दूसरी यह सलमान खान की एक्शन फिल्म है। काफी समय के बाद सलमान खान- कैटरीना कैफ की जोडी साथ आ रही है। ऐसे में इस जोडी के सामने आना किसी भी फिल्म के लिए घातक साबित हो सकता है। दूसरी ओर लंबे समय से सुर्खियां बटोर रही दत्त बायोपिक भी इस साल की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से है। लगातार चर्चाओं में बने रहने के कारण यह फिल्म दर्शकों में जिज्ञासा पैदा कर चुकी है। एक ओर जहां संजय दत्त की फैन फॉलोइंग.. दूसरी ओर उनकी कहानी देखने को उत्सुक दर्शक।

[@ इन सितारों के लिए शो में तरसते हैं कपिल शर्मा, हमेशा रहेगा मलाल]

इसके अतिरिक्त इन दोनों फिल्मों के एक साथ प्रदर्शित होने पर एक्जीबिटर्स को काफी परेशानियों का सामना करना पडेगा। दोनों ऐसी फिल्में जिन्हें हर कोई अपने यहां प्रदर्शित करना चाहेगा ऐसे में कौन सी फिल्म को कितनी स्क्रीन्स और शोज में प्रदर्शित किया जाए यह सवाल फिल्म प्रदर्शकों के सामने रहेगा। सलमान खान हर वर्ष एक सुपरहिट फिल्म देते हैं, जबकि राजकुमार हिरानी लंबे समय बाद आते हैं। ऐसे में हो सकता है फिल्म की स्टार कास्ट और हिरानी की देरी को देखते हुए प्रदर्शक सलमान खान की फिल्म को उनकी लोकप्रियता और उनके जुनूनी प्रशसंकों को देखते हुए ‘टाइगर जिंदा है’ को ज्यादा स्क्रीन्स और शोज दें। ऐसे में निश्चित रूप से बॉक्स ऑफिस पर ‘दत्त’ बायोपिक को बडा नुकसान झेलना पडेगा।

[@ एक ने छोडी तो दूसरों के लिए सुपरहिट हो गई ये फिल्में! ]

हालांकि संभावना यह बताई जा रही है कि राजकुमार हिरानी अपनी फिल्म की प्रदर्शन तिथि में बदलाव करेंगे। हमेशा अकेले परदे पर आने वाले राजकुमार हिरानी यह कभी नहीं चाहेंगे कि उनकी फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर कमतर शुरूआत मिले।

[@ तो अब कभी साथ नजर नहीं आएंगी ये जोड़ियां!]

[@ अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे]