नई दिल्ली/चंडीगढ़। पंजाब बीजेपी के अध्यक्ष विजय सांपला ने अपने इस्तीफे की खबरों को खारिज
करते हुए कहा कि मैं पार्टी के साथ हूं। उन्होंने कहा कि मैं एक मिशन पर
दिल्ली आया हूं।
इससे
पहले खबरों के अनुसार पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की दूसरी लिस्ट
आने के बाद पार्टी में विवाद शुरू हो गया था। भाजपा ने सोमवार को बाकी छह
नामों की सूची जारी कर दी, लेकिन कुछ ही घंटों में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और
केंद्रीय मंत्री विजय सांपला ने इस पर नाखुशी जाहिर करते हुए केंद्रीय
नेतृत्व को अपना इस्तीफा भेज दिया था। सूत्रों के मुताबिक, प्रदेश अध्यक्ष
सांपला ने लिस्ट में शामिल कुछ नामों पर ऐतराज जाहिर की थी। सांपला ने
कैबिनेट मंत्री पद छोडऩे की भी पेशकश की थी।
[@ तीखी मिर्च के बाद अब यहां के खेतों से मिलेगी पपीते की मिठास]
बता दें कि बीजेपी ने पंजाब सरकार में अपने
दो मंत्रियों मदनमोहन मित्तल और चुन्नीलाल भगत को भी टिकट नहीं दिया है।
हालांकि इसकी वजह 75 प्लस का फॉमुला बताया गया है। यह जरूर है कि इनमें से
एक मंत्री के बेटे को टिकट दे दिया गया है। पार्टी नेताओं को कहना है कि
पिछली चुनाव समिति की बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने इशारा किया था कि 75
साल के फॉमुले का पालन होना चाहिए।
पंजाब में 4 फरवरी को मतदान होना है।
पंजाब चुनाव के लिए छह और नामों की घोषणा के साथ ही बीजेपी ने अपने सभी 23
उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। बीजेपी ने 12 जनवरी को अपने 17
उम्मीदवारों का ऐलान किया था। पंजाब में नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख
18 जनवरी है। बता दें कि पंजाब में अकाली दल-बीजेपी गठबंधन को इस बार
कांग्रेस और आम आदमी पार्टी से कड़ी चुनौती मिल रही है।
इसके पहले गोवा
विधानसभा के स्पीकर अनंत सेठ और मंत्री रमेश तावाडक़र ने भी टिकट न मिलने से
नाराज होकर बागी रुख अपना लिया था। दोनों ने निर्दलीय के रूप में चुनाव
लडऩे की बात कही थी।