ऑस्ट्रेलियन ओपन : केर्बर-सेरेना जीतीं, हालेप हारीं

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 16 जनवरी 2017, 5:57 PM (IST)

मेलबोर्न। विश्व की शीर्ष वरीयता प्राप्त टेनिस खिलाड़ी एंजेलिक केर्बर और अमेरिका की स्टार टेनिस खिलाड़ी सेरेना विलियम्स ने सोमवार को साल के पहले ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट ऑस्ट्रेलियन ओपन में खेले गए अपने-अपने मुकाबलों में जीत हासिल कर ली है। हालांकि, विश्व की चौथी वरीयता प्राप्त सिमोना हालेप को टूर्नामेंट में महिला एकल वर्ग के पहले दौर में हार का सामना करना पड़ा है।

जर्मनी की टेनिस खिलाड़ी केर्बर ने टूर्नामेंट के पहले दौर में रोड लावेर एरीना पर खेले गए मुकाबले में यूक्रेन की लेसिया सुरेंको को 6-2, 5-7, 6-2 से मात देकर दूसरे दौर में प्रवेश किया है। मैच के बाद केर्बर ने कहा, मैं यहां वापस आकर खुश हूं। मेरे लिए यहीं से अच्छी शुरुआत हुई थी, जब मैंने यहां अपना पहला ग्रैंडस्लैम खिताब जीता था।

इसके साथ ही, रोड लावेर एरीना में ही खेले गए महिला एकल वर्ग के एक अन्य मुकाबले विश्व की दूसरी वरीयता प्राप्त टेनिस खिलाड़ी सेरेना ने यूक्रेन की कैटरेना कोजलोवा को 7-6 (7-5), 7-5 से हराया।

[@ वर्ष 2016 : T20 में गेंदबाजों में बुमराह ने मारी बाजी, ये हैं टॉप 10]

ऑस्ट्रेलियन ओपन में रोमानिया की टेनिस खिलाड़ी सिमोना हालेप को महिला एकल वर्ग में खेले गए अपने पहले दौर के मुकाबले में उलटफेर का शिकार होना पड़ा। हालेप को अमेरिका की शेल्बी रोजर्स ने 6-3, 6-1 से मात दी। मैच के बाद हालेप ने कहा कि घुटने की चोट के कारण उन्हें खेल के बीच में दर्द महसूस हो रहा था। उन्होंने कहा कि उनके लिए इस दर्द के साथ खेलना मुश्किल है।

मरे-निशिकोरी दूसरे दौर में


[@ युवी ने की है अंग्रेजों की खूब धुनाई, पहले स्थान पर नजर]

ब्रिटेन के स्टार खिलाड़ी एंडी मरे और जापान के केई निशिकोरी ने ऑस्ट्रेलियन ओपन के पुरुष एकल वर्ग में अपने-अपने मुकाबलों में जीत हासिल की है। बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, इस जीत के साथ ही मरे और निशिकोरी ने टूर्नामेंट के दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया है। विश्व के शीर्ष वरीयता प्राप्त टेनिस खिलाड़ी मरे ने पहले दौर के मुकाबले में यूक्रेन के इलिया मार्चेंको को 7-5, 7-6 (7-5), 6-2 से मात दी।

[@ तीनों फॉर्मेट में मिलाकर टॉप पोजिशन पर रहे कोहली, ये हैं टॉप 10]

इसके साथ ही टूर्नामेंट के पुरुष वर्ग में हुए संघर्षपूर्ण मुकाबले में विश्व के पांचवीं वरीयता प्राप्त टेनिस खिलाड़ी निशिकोरी ने रूस के आंद्रे कुजनेत्सोव को 5-7, 6-1, 6-4, 6-7 (6-8), 6-2 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया। उल्लेखनीय है कि मरे ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में पांच बार पहुंचे हैं, लेकिन एक भी बार जीत हासिल नहीं कर पाए, वहीं निशिकोरी भी तीन बार इस टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल तक पहुंचे हैं।

(IANS)

[@ यासिर शाह की हुई इतनी जबरदस्त ठुकाई कि...ये हैं टॉप-10]