एसवाइएल को लेकर खट्‌टर को पद पर रहने का कोई अधिकार नहीं : चौटाला

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 15 जनवरी 2017, 8:05 PM (IST)

रोहतक। नेता प्रतिपक्ष अभय सिंह चौटाला ने कहा कि एसवाइएल को लेकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल दो माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से बातचीत का समय भी नहीं ले पाए, जिससे साफ है कि उनमें कोई न कोई कमी है और मुख्यमंत्री को पद पर रहने का कोई अधिकार नहीं है।
चौटाला ने कहा कि एसवाइएल का फैसला संवैधानिक पीठ का है, इसलिए इस फैसले को किसी भी अदालत में चुनौती नहीं दी जा सकती है और न ही एसवाइएल के संबंध में कोई मामला पैंडिग है। मुख्यमंत्री सरासर झूठ बोल रहे है। अभय चौटाला ने स्वास्थ्य मंत्री द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी पर की गई टिप्पणी की कड़े शब्दों में निंदा की और कहा कि उन्होंने पूरे राष्ट्र का अपमान किया है। मुख्यमंत्री तुरंत स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज को बर्खास्त कर उनके खिलाफ राष्ट्रदोह का मामला दर्ज करे। रविवार को अभय सिंह चौटाला रोहतक स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचे और कार्यकत्र्ताओं की बैठक ली।
उन्होंने कहा कि वह उत्सवों के खिलाफ नहीं है, लेकिन सरकार को जनहित के मुद्दों को लेकर लड़ाई लडऩी चाहिए। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि वे हर हाल में एसवाइएल को खोदने के लिए जाएंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री एसवाइएल पर झूठ बोल रहे है। कोई भी मामला इस वक्त अदालत में विचाराधीन नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर एसवाईएल मामले में प्रधानमंत्री से समय नहीं ले पा रहे हैं, जिससे लगता है कि उनमें कोई कमी है। इसलिए उन्हें तुरंत प्रभाव से पद छोड़ देना चाहिए। लेकिन मुख्यमंत्री उत्सवों देखने में ज्यादा व्यस्त हैं और उन्हें एसवाईएल से कोई लेना देना नही है।
वहीं उन्होंने अनिल विज के बयान को लेकर भी मुख्यमंत्री पर निशाना साधा और कहा कि मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि यह विज का निजी बयान है। लेकिन मुख्यमंत्री को देखना चाहिए कि उनकी कैबिनेट का मंत्री क्या बोल रहा है। इसलिए मुख्यमंत्री को चाहिए कि वह इस पर संज्ञान लेते हुए विज को तुरंत बर्खास्त करें और विज ने राष्ट्रपिता का अपमान किया है, जोकि राष्ट्र का अपमान है। इसलिए विज के खिलाफ राष्ट्र द्रोह का मामला दर्ज हो।

[@ 25 वर्ष पूर्व हुए अन्याय की लडाई लड़ रहे चमेरा-3 के विस्थापित]