कांग्रेस सरकार के कार्यकालों के दौरान प्रदेश का तीव्र विकास हुआ : वीरभद्र

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 14 जनवरी 2017, 5:03 PM (IST)

धर्मशाला। कांगड़ा जिले के फतेहपुर में एसडीएम कार्यालय का लोकार्पण मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने किया व फतेहपुर में 242.11 लाख रुपये की लागत से निर्मित एपीएमसी के विपणन यार्ड तथा नागरिक अस्पताल का भी उद्घाटन किया। उन्होंने फतेहपुर में 1.94 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के अतिरिक्त भवन तथा 831.27 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले खडौन खड्ड पर पुल के साथ लगती हाटली खडौन सडक़ तथा कुठाड़ मोहर टकवाल सडक़ के सुधार की आधारशिलाएं रखीं। फतेहपुर मेंजनसभा को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की सरकारों के विभिन्न कार्यकालों के दौरान राज्य का तीव्र एवं संतुलित विकास हुआ है। वर्तमान में, राज्य में 36000 किलोमीटर से अधिक लम्बी सडक़ों का नेटवर्क है और राज्य के सभी भागों में शत-प्रतिशत निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध है। राज्य में 116 राजकीय महाविद्यालय, 15000 से अधिक पाठशालाएं तथा 5 मेडिकल कालेज हैं।
उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस ही है, जिसने राज्य को भावनात्मक तौर पर जोडऩे में मदद की है। हम हमेशा ही समाज के सभी वर्गों में एकजुटता पर विश्वास करते हैं और जबसे राज्य की बागड़ोर संभाली है, लोगों के उत्थान के लिए कार्य कर रहे हैं। राज्य में कांग्रेस के विभिन्न कार्यकालों के दौरान किए गए प्रयासों को दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश के लोग सुखी तथा सम्पन्न हैं और राज्य में प्रति व्यक्ति आय सालाना एक लाख से भी अधिक है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने अकेले लोगों का नेतृत्व करते हुए देश के लिए अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लडक़र आजादी हासिल की थी। उन्होंने हाल ही में खादी ग्रामोद्योग आयोग द्वारा जारी कैलेंडर पर कड़ा संज्ञान लेते हुए कहा कि इस कैलेंडर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की फोटो न होना दु:खमय है। उन्होंने वर्तमान केन्द्र सरकार को नोटबन्दी पर आड़े हाथों लिया और कहा कि इससे आम लोगों को परेशानी व दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्य की समान तथा वितरीत प्रतिक्रिया होती है और धर्म, जाति तथा स प्रदाय पर आधारित कदम समाज तथा देश की एकता पर विपरीत प्रभाव डालते है। वीरभद्र सिंह ने कहा कि भारत का संविधान सभी नागरिकों को समान अधिकार प्रदान करता है और नागरिक स्वेच्छा से किसी भी धर्म में विश्वास रख सकते है। सम्प्रदाय और धर्म के नाम पर किसी भी व्यक्ति के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए। समाज में शांति तथा सौहार्द के साथ जीवनयापन तथा प्रगति के लिए समान अवसर होने चाहिए।
उन्होंने कहा कि ‘हमें महात्मा गांधी तथा अन्य स्वातंत्रता के सपनों को साकार करते हुए भारत के विकास के लिए प्रयास करने चाहिए,’ ताकि हम विश्व के अन्य देशों के समान गौरव हासिल कर सकें। मुख्यमंत्री ने मोनाह सिहल तथा छत्तर राजकीय उच्च पाठशालाओं तथा रैहण की राजकीय उच्च पाठशाला (छात्रा) को जमा दो पाठशालाओं में स्तरोन्नत करने की घोषणा की। उन्होंने गोलवां में खेल मैदान विकसित करने की स्वीकृति प्रदान करते हुए कहा कि इसके लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। कृषि मंत्री एवं स्थानीय विधायक सुजान सिंह पठानिया ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया तथा एसडीएम कार्यालय सहित विभिन्न विकासात्मक परियोजनाएं समर्पित करने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
अन्य पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष चौधरी चन्द्र कुमार ने जनसभा को सम्बोधित करते हुए प्रदेश सरकार द्वारा कार्यान्वित की जा रही विभिन्न विकासात्मक योजनाओं तथा कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की जानकारी दी। स्थानीय कांग्रेस नेता गिरधर गोपाल शर्मा ने भी इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त किए। एपीएमसी कांगड़ा के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह पठानिया ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का ब्यौरा दिया। उन्होंने फतेहपुर में एपीएमसी विपणन यार्ड खोलने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
पूर्व पंचायती राज प्रतिनिधि अनिल कुमार ने भी मुख्यमंत्री तथा अन्यों का स्वागत किया। इसके पश्चात, मुख्यमंत्री ने देहरी में 4.11 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले वजीर राम सिंह राजकीय महाविद्यालय के भवन की आधारशिला रखी। उन्होंने राजा का तालाब में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का भी लोकार्पण किया। विधायक अजय महाजन, कांग्रेस के राज्य महासचिव चेतन चम्बयाल, कांग्रेस खण्ड समिति के अध्यक्ष सुरेन्द्र शर्मा, कांग्रेस युवा खण्ड समिति के अध्यक्ष विवेक बधेरिया, कृषि उपज मण्डी समिति अध्यक्ष रवि ठाकुर, खण्ड सेवा दल के अध्यक्ष जगरूप सिंह राणा, खण्ड कांग्रेस सेवा दल के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह पठानिया, कांग्रेस राज्य सेवा दल समन्वयक मलकीत सिंह धारीवाल, जिला परिषद सदस्य रीता पठानिया, युवा कांग्रेस नेता अश्वनी राणा व राजीव गुलेरिया, उपायुक्त सीपी वर्मा, पुलिस अधीक्षक संजीव गांधी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

[@ Punjab election 2017- नशे के खिलाफ लड़ाई में एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़]