JNVU शिक्षक भर्ती घोटाला : कांग्रेस के पूर्व विधायक गिरफ्तार, पूर्व कुलपति सहित दो हिरासत में

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 13 जनवरी 2017, 6:11 PM (IST)

जोधपुर। जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय शिक्षक भर्ती घोटाले के मामले में एसीबी ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई कर मामले में लिप्त कई बड़े चेहरों को हिरासत में लिया है। कांग्रेस के पूर्व विधायक जुगल काबरा को एसीबी ने एयरपोर्ट से ही गिरफ्तार कर लिया। काबरा दिल्ली से जोधपुर पहुंचे थे। इसके अलावा एसीबी ने पूर्व कुलपति भंवर सिंह राजपुरोहित और शिक्षक डूंगरसिंह खींची को भी हिरासत में लिया है।

जानकारी के अनुसार कांग्रेस के कार्यकाल में शिक्षक भर्ती घोटाला हुआ था, जिसमें तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, उनके करीबी पूर्व विधायक जुगल काबरा मुख्य आरोपी हैं। इस मामले में शिकायत दर्ज करवाने वाले ओमप्रकाश भाटी का कहना है कि इस मामले में अब न्याय मिलने की उम्मीद दिखाई दे रही है।


[@ हिमाचल कांग्रेस में छिड़ी राजनेताओं के रिटायरमेंट की जंग]

भाटी ने कहा कि कांग्रेस ने बहुत बड़ा घोटाला किया था और एसीबी की कार्रवाई के बाद अब उम्मीद जगी है कि इस मामले में न्याय मिलेगा। गौरतलब है कि विवि में वर्ष 2012-13 में शिक्षक भर्ती प्रक्रिया व साक्षात्कार में चहेतों को लाभ देने के लिए विवि ने पहले नियमों में बदलाव कर दिए थे।

एसीबी ने आरोप किए थे प्रमाणित


[@ Punjab election 2017: अकालियों से कौन भिड़ेगा -सिद्धू या कैप्टन]

सभी आरोपियों पर एसीबी ने पद का दुरुपयोग करना, अंतिम तिथि तक भर्ती विज्ञापन व अध्यादेश में उल्लेखित न्यूनतम योग्यता नहीं होने के बावजूद कुछ चहेतों को साक्षात्कार में शामिल करना, साक्षात्कार के दौरान आवेदकों के अंकों की गणना नहीं कर मेरिट लिस्ट के अनुसार चयन नहीं कर नियम विरुद्ध चयन करना, न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता होने पर भी कुछ आवेदकों के आवेदन पत्रों को नियम विरुद्ध निरस्त करना, रिकॉर्ड में काट-छांट कर फर्जी दस्तावेज तैयार कर असली रूप में उपयोग लेना, रिकॉर्ड को गायब करना और राजस्थान से बाहर के अभ्यर्थियों को एससी आरक्षण का गलत लाभ देना प्रमाणित पाया है।

[@ Punjab: पार्टियों का वादा, करेंगी नशे का खात्मा,अकाली दल ने खिल्ली उड़ाई]