राजस्थानी भाषा को मान्यता का दिलाया संकल्प, कराए हस्ताक्षर

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 09 जनवरी 2017, 12:17 PM (IST)

बीकानेर। मुक्ति संस्था के तत्वावधान में बीकानेर के विधिध क्षेत्रों में निरंतर संचालित राजस्थानी भाषा मान्यता संकल्प ने कोटगेट पर कार्यक्रम कर भारी जन-मत एकत्रित किया। मुक्ति संस्था के सचिव कवि-कथाकार राजेंद्र जोशी ने बताया कि शहर की हृदयस्थली कोटगेट पर मान्यता का संकल्प दिलाकर अनेक राजस्थानी पक्षधरों से हस्ताक्षर करवाए गए। जोशी ने बताया कि राजस्थानियों के लिए मान्यता के सपने को घर बैठे पूरा कर लेना अब असंभव-सा लगता है, इसके लिए जन-जन में जाग्रति और चेतना के नवीन संचार के लिए सभी राजस्थानियों को भेदभाव भुलाकर एकजुट होना होगा। संकल्प यात्रा से प्रमाणित होता है कि राजस्थानी की बात केवल साहित्यकारों और बुद्धिजीवियों की नहीं वरन जन-जन की और हर क्षेत्र के नागरिक की हार्दिक अभिलाषा है। कोटगेट पर संकल्प-यात्रा के संयोजक युवा कथाकार डॉ. नमामी शंकर आचार्य ने बताया कि क्षेत्र के पार्षद प्रेमरतन जोशी ने हस्ताक्षर के बाद कहा कि राजस्थानी भाषा और साहित्य के साथ संस्कृति की रक्षा के लिए हमारी मातृभाषा का संरक्षण किया जाना अनिवार्य है जिसके लिए मान्यता ही एकमात्र रास्ता है। आचार्य ने बताया कि आज की संकल्प-यात्रा की अध्यक्षता जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष हीरालाल हर्ष ने की। हर्ष ने अपने उद्बोधन में कहा कि भाषा का सवाल आज के समय का सबसे बड़ा सवाल है। प्रदेश सरकार को चाहिए कि बंद पड़ी अकादमी में विधिवत नियुक्तियां करते हुए इसके संचालन पर पर्याप्त ध्यान देकर जनभावनाओं का सम्मान करे। इस अवसर पर केंद्रीय साहित्य अकादेमी से हाल ही सम्मानित साहित्यकार बुलाकी शर्मा ने कहा कि भाषा की बात रोटी जितनी ही अनिवार्य और जरूरी है। कवि-आलोचक डॉ. नीरज दइया ने कहा कि राजस्थानी भाषा राजस्थानियों के रक्त में मिली हुई है इसकी अनदेखी नहीं की जा सकती है। कवयित्री मोनिका गौड़ ने राजस्थानी की मान्यता से मिलने वाले लाभों की जानकारी जन जन तक फैलाने और प्रसारित किए जाने पर बल दिया। वहीं प्रसिद्ध उद्योगपति अनिल गोयल ने कहा कि राजस्थानी के प्रचार-प्रसार के लिए भाषा को जल्द से जल्द प्राथमिक स्तर पर सरकार को लागू करना चाहिए। संकल्प यात्रा में समाजसेवी चंद्रशेखर जोशी, साहित्यकार नदीम अहमद ‘नदीम’, शायर वलि गौरी, रामपुरिया महाविद्यालय के पूर्व महासचिव रमेश जोशी, राजस्थानी समर्थक अरविंद ऊभा, रंगा राजस्थानी, चित्रकार शैलेन्द्र सरस्वति, अनिवाश व्यास, राजेश चौधरी एवं एडवोकेट शमशाद अली आदि अनेक गणमान्य राजस्थानी समर्थक उपस्थित रहे।

[@ साल 2016 में गूगल पर सबसे ज्यादा सर्च हुए टाॅप 10 टाॅपिक्स]

[@ वर्ष 2016: डोनाल्ड ट्रंप ने रचा इतिहास, विवादों के साथ बने US के 45वें राष्ट्रपति ]