चौराहे पर जलाया जाएगा पालिकाध्यक्ष का पुतला

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 07 जनवरी 2017, 7:00 PM (IST)

चित्तौडग़ढ़ । जिले के कपासन शहर में गत अक्टूबर माह में नगरपालिका की ओर से शहर के बस स्टेण्ड से रोडवेज और प्राइवेट बसों को बंद करने का जो निर्णय लिया गया था वह अब नगरपालिका के गले की फांस बनता दिखाई दे रहा हैं। गत कई दिनों से कपासन शहर के व्यापारी वर्ग शहर के बस स्टैंड पर पुन: बसों के संचालन करने की मांग पर अड़े हुए हैं ।
व्यापार मंडल के अध्यक्ष ने बताया कि उन्होंने विकास की कड़ी से कड़ी जोडऩे के लिए नगर पालिका अध्यक्ष से लेकर विधायक भाजपा को जिताया हैं। लेकिन यह कपासन शहर को नर्क बनाने पर अड़ गए हैं। व्यापारी वर्ग को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा हैं। शहर में बस स्टेण्ड को पुन: शुरू करने के समर्थन में व्यापरी वर्ग के साथ अब महिलाये भी मैदान में आ गई हैं। उन्होंने शहर में बसों के पुन: संचालन करने को लेकर मुख्यमंत्री एवं स्वायत शासन मंत्री के नाम उपजिलाधीश कपासन को भी इस बारे में ज्ञापन भी दिया हैं। नगरपालिका ने शहर में आने वाले मुख्य मार्गो पर लोहे के एंगल भी लगा रखे हैं। नगर के अंदर प्राइवेट और सरकारी बसों का संचालन नहीं होने से शहर से 3 किलोमीटर दूर स्थित हाइवे के पास संचालित हो रहे बस स्टैंड पर लोगों को आवागमन के लिए जाना पड़ता है। कपासन शहर के व्यापार मंडल एवं महिलाओं ने नगर पालिका अध्यक्ष दिलीप व्यास का पुतला बनाकर शहर के पांच बत्ती चौराहे पर खड़ा कर दिया। साथ ही यह भी चेतावनी दी गई कि पुतले को कोई नहीं हटाए अन्यथा उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। पिछले 2 महीनों से शहर में चले आ रहा गतिरोध को अब तक नगर पालिका सुलझा नहीं पाई है । ऐसे में व्यापारी वर्ग काफी खासा परेशान हो रहा हैं।

[@ वर्ष 2016: डोनाल्ड ट्रंप ने रचा इतिहास, विवादों के साथ बने US के 45वें राष्ट्रपति ]