मोदी सरकार पाक पर फिर कर सकती है लीक से हटकर कार्रवाई:अमित शाह

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 06 जनवरी 2017, 9:23 PM (IST)

नयी दिल्ली। पांच प्रदेशों में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले शुक्रवार से दिल्ली में भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय अहम बैठक शुरू हुई। एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में चल रही इस बैठक की शुुरूआत भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने की। नोटबंदी के फैसले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संसदीय बोर्ड के सदस्यों ने सम्मानित किया।

बैठक में अमित शाह ने कहा कि नोटबंदी के फैसले के कारण अब हर पैसे का हिसाब मौजूद है। बैठक के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रकाश जावेडकर ने प्रेस कॉफ्रेंस कर राष्ट्रीय कार्यकारिणी के दौरान अहम मुद्दों पर हो रही चर्चा की जानकारी दी। अध्यक्ष अमित शाह ने नोटबंदी की घोषणा का जिक्र करते हुए कहा कि यह एक ऎतिहासिक फैसला है। नोटबंदी कालेधन और जाली नोटों के खिलाफ बडी कारवाई है।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस पार्टी पूछती थी कि आप कालेधन के लिए क्या कर रहे हैं। नोटबंदी के बाद अब पूछ रही हैे कि आपने ये क्यों किया। अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा कि दस -पंद्रह साल से हथियार खरीद रूकी हुई थी। इस सरकार ने हथियार खरीद में पारदर्शिता के साथ काम शुरू किया।

[@ खास खबर Inside Story: सपा का एक विधायक ऐसा भी..]



अमित शाह ने कार्यकारिणी के संबोधन में कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक से भारत का कद बढ़ा है। शाह ने कहा कि पड़ोसी देश द्वारा भारत के खिलाफ छद्मयुद्ध जारी रखे जाने पर नरेंद्र मोदी सरकार पाकिस्तान के खिलाफ दोबारा लीक से हटकर कार्रवाई कर सकती है।


प्रकाश जावेडकर ने कार्यकारिणी की जानकारी देते हुए कहा कि अध्यक्ष अमित शाह ने अपने संबोधन में राज्य सरकार के कामों का भी उल्लेख किया गया । अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी की संगठन सबसे ज्यादा मजबूत है। ग्यारह करोड सदस्यों के साथ आज यह दुनिया की सबसे बडी पार्टी है। हमारे कार्यकर्ताओं को अनुशासित जीवन जीना चाहिए। उन्होंने कहा,राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद राज्य कार्यकारिणी की बैठक होगी। इसके बाद जिला कार्यकारिणी की बैठक। इन बैठकों में हर सदस्य को मौजूद होना चाहिए।

बैठक में उपस्थित लोगों में महासचिव राम लाल, कैलाश विजयवर्गीय और बैंकों की कतार में खड़े लोगों का मजाक उड़ाने वाले पार्टी के दिल्ली अध्यक्ष मनोज तिवारी शामिल थे।उम्मीद है कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों के मद्देनजर रणनीति बनाने के लिए पार्टी नोटबंदी को प्रमुख मुद्दा के रूप में बनाएगी। दो दिवसीय बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समापन भाषण देंगे। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेता, केंद्रीय मंत्री और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भाग लेंगे।

इस बीच उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने विश्वास जताया कि राज्य में पार्टी करीब 300 सीटें जीतेगी। उन्होंने कहा कि नोटबंदी के जरिए केंद्र की भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में भाजपा को मदद करेगी। मौर्य ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की खिल्ली भी उड़ाई। उन्होंने कहा, अखिलेश यादव अपनी स्वच्छ छवि पेश करते रहे हैं, लेकिन उन्हें उनके कार्यकाल में हुए सभी भ्रष्टाचारों की जिम्मेवारी लेनी है।

[@ छेड़छाड़ का विरोध करने पर महिला को सरेआम पीटा, वीडियो वायरल]