अंतरराष्ट्रीय ऊंट उत्सव 14-15 जनवरी को, तैयारियों के संबंध में हुई बैठक

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 23 दिसम्बर 2016, 11:13 PM (IST)

बीकानेर। चौबीसवां अंतरराष्ट्रीय ऊंट उत्सव 14 और 15 जनवरी को आयोजित होगा। इसकी शुरुआत भव्य शोभायात्रा से होगी, जिसमें सजे-धजे ऊंट तथा स्कूली छात्राएं शामिल होंगी। शोभयात्रा जूनागढ़ से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होती हुई डॉ. करणीसिंह स्टेडियम पहुंचेगी, जहां ऊंट उत्सव का शुभारंभ होगा।

उत्सव की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को जिला कलेक्टर वेदप्रकाश की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। इस अवसर पर जिला कलेक्टर ने कहा कि अतिरिक्त जिला कलेक्टर (नगर) इसके प्रभारी अधिकारी होंगे। ऊंट उत्सव के सफलतम आयोजन के लिए विभिन्न विभागों को अलग-अलग दायित्व दिए गए हैं। प्रत्येक विभाग समय रहते इनकी अनुपालना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि उष्ट्र अनुसंधान केन्द्र द्वारा स्टेडियम में ऊंटनी के दूध के उत्पादों की स्टाल के अलावा ऊंट की प्रजातियों एवं उपयोग से संबंधित प्रदर्शनी लगाएंगे। इसी प्रकार पशुपालन विभाग द्वारा भी विभागीय योजनाओं की स्टाल लगाई जाएगी। नगर विकास न्यास द्वारा प्रमुख स्थलों को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया जाएगा।

यह रहेगा कार्यक्रम

ऊंट महोत्सव के पहले दिन सुबह 8 से दस बजे तक रायसर में पर्यटकों के लिए निशुल्क कैमल सफारी एवं राइड की व्यवस्था की गई है। शोभायात्रा के बाद दोपहर 12:30 बजे से उद्घाटन होगा। पहले दिन आर्मी द्वारा बैगपाइपर बैंड वादन, ऊंट शृंगार प्रतियोगिता, ऊंट बाल कतराई प्रतियोगिता, आरएसी द्वारा बैंड वादन, ऊंट नृत्य प्रतियोगिता, मिस मरवण तथा मिस्टर बीकाणा प्रतियोगिता का आयोजन होगा। सायं 6:30 बजे से राजस्थानी कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी तथा रंग-बिरंगी आतिशबाजी की जाएगी।

दूसरे दिन होगी हैरिटेज वॉक

उत्सव के दूसरे दिन हैरिटेज वॉक, रस्साकसी प्रतियोगिता, ग्रामीण कुश्ती प्रतियोगिता, कबड्डी खेल प्रदर्शन मैच, साफा बांधने की प्रतियोगिता, ऊंटनी दुहने की प्रतियोगिता, ऊंट नृत्य, मटका दौड़, म्यूजिकल चेयर सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं होंगी। इसके बाद विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा तथा राजस्थानी कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। उत्सव का समापन अग्निनृत्य एवं आतिशबाजी के साथ होगा। महोत्सव के दौरान उद्योग विभाग द्वारा जूनागढ़ फोर्ट के सामने स्थित कियोस्क में फूड और क्राफ्ट बाजार लगाया जाएगा।
बैठक में नगर विकास न्यास सचिव महेन्द्र सिंह, सहायक निदेशक पर्यटन भारती नैथानी, डिप्टी सीएमएचओ डॉ. अनिल वर्मा, एनआरसीसी के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. आर.के. सवल, सहायक निदेशक (उद्योग) महेश बिस्सा, पर्यटन अधिकारी पुष्पेन्द्र सिंह, लोकायन के गोपाल सिंह, पर्यटन व्यवसायी विनोद भोजक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
[@ छेड़छाड़ का विरोध करने पर महिला को सरेआम पीटा, वीडियो वायरल]