कुल्लू। धार्मिक पर्यटन स्थल मणिकर्ण घाटी के जरी के पास चौहकी गांव में मिले युवक के शव के मामले की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। उल्लेखनीय है कि चौहकी गांव के पास मिले इस शव को लेकर कई तरह के क्यास लगाए जा रहे थे लेकिन हरियाणा से आए पुलिस दल ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर इस मामले की गुत्थी को सुलझा दिया है। शव की पहचान 26 वर्षीय प्रदीप कुमार पुत्र महावीर निवासी सोनीपत हरियाणा के रूप में हुई है।
हरियाणा के सोनीपत से कुल्लू पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान कर ली है। उसके बाद शव को जांच के लिए टांडा भेज दिया है। एएसपी कुल्लू निशांत सिंह नेगी ने बताया कि हरियाणा से कुछ दिन पहले मणिकर्ण घूमने कुछ युवक आए थे। इस दौरान उन्होंने अपने एक दोस्त की हत्या कर दी। हत्या को अंजाम देने के बाद युवक के शव को फैंक दिया और उसके बाद वह वापिस हरियाणा लौट गए थे लेकिन प्रदीप के वापिस न लौटने के चलते परिजनों ने इसकी शिकायत हरियाणा के सोनीपत पुलिस में दर्ज करवा दी थी।
हरियाणा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रदीप के साथ मणिकर्ण घूमने आए 3 युवकों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार किए युवकों ने पुलिस पूछताछ में कबूल कर लिया है कि उन्होंने ही अपने दोस्त की हत्या की है और उसके शव को फैंक दिया था।
[@ छेड़छाड़ का विरोध करने पर महिला को सरेआम पीटा, वीडियो वायरल]