नायर-राहुल की तुलना पर ‘दादा’ को याद आया मुल्तान

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 20 दिसम्बर 2016, 11:23 AM (IST)

कोलकाता। भारत के पूर्व दिग्गज कप्तान और बल्लेबाज सौरव गांगुली ने कहा कि इंग्लैंड के खिलाफ चल रहे पांचवें टेस्ट मैच में तिहरा शतक लगाने वाले करुण नायर की बल्लेबाजी देखकर उन्हें पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग की याद हो आई। गांगुली ने हालांकि नायर की तुलना सहवाग करने से इनकार कर दिया और कहा कि दोनों बल्लेबाजों के खेलने का दौर बिल्कुल अलग है।

उल्लेखनीय है कि नायर ने पांचवें टेस्ट मैच के चौथे दिन सोमवार को 303 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसकी बदौलत भारत ने सात विकेट पर रिकॉर्ड 759 रन बनाकर अपनी पहली पारी घोषित कर दी और इंग्लैंड (477) पर पहली पारी के आधार पर 282 रनों की बढ़त हासिल कर ली। गांगुली ने यहां पत्रकारों से कहा कि यह शानदार पारी थी। इसने मुझे सहवाग की याद दिला दी। लेकिन उनके बीच कोई तुलना नहीं हो सकती, क्योंकि सहवाग ने जब तिहरा शतक लगाया तब क्रिकेट अलग दौर में था और टीम भी अलग स्थिति में थी।

[@ लोकेश राहुल से पहले ये 8 बल्लेबाज भी हो चुके हैं 199 पर आउट]

उल्लेखनीय है कि इससे पहले टेस्ट क्रिकेट में तिहरा शतक लगाने वाले सहवाग एकमात्र भारतीय बल्लेबाज थे। उन्होंने यह कारनामा दो बार किया और पाकिस्तान के खिलाफ उसी की धरती पर मुल्तान में लगाया गया उनका तिहरा शतक उनके करिअर की सबसे शानदार पारियों में शुमार की जाती है। गांगुली ने कहा कि निश्चित तौर पर नायर टीम में कोहली के सबसे लोकप्रिय खिलाडिय़ों में शामिल होने वाले हैं।

[@ इस मामले में पहले स्थान पर आए विराट कोहली, ये हैं टॉप-10]

गांगुली से जब पूछा गया कि क्या नायर के तिहरे शतक ने लोकेश राहुल की 199 रनों की पारी को धूमिल कर दिया तो उन्होंने मुल्तान में सचिन तेंदुलकर की 194 रनों की पारी से इसकी तुलना की। तेंदुलकर ने सहवाग के तूफानी 309 रनों के बाद यह शतक लगाया था। गांगुली ने कहा कि मुल्तान में सचिन की 194 रनों की पारी भी सहवाग के तिहरे शतक के आगे धूमिल रह गई थी। क्रिकेट में यह कोई नई बात नहीं है। गौरतलब है कि नायर भारत के ऐसे पहले बल्लेबाज भी बन गए हैं, जिन्होंने करिअर के पहले शतक के तौर पर तिहरा शतक जड़ा है।

‘आईएसएल के दोनों ही खिताब खास’


[@ आपके फेवरेट क्रिकेटर और उनकी लग्जरी कारें.... ]

कोलकाता। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) की मौजूदा विजेता एटलेटिको दे कोलकाता के सह-मालिक और भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज कप्तान सौरव गांगुली ने कहा कि उनके लिए आईएसएल को दोनों ही खिताब खास अहमियत रखते हैं। कोलकाता ने रविवार को हुए फाइनल मैच में केरला ब्लास्टर्स को पेनल्टी शूटआउट में 4-3 से मात देते हुए दूसरी बार खिताब पर कब्जा जमाया। इससे पहले कोलकाता ने पहले सीजन का खिताब भी जीता था। गांगुली ने यहां पत्रकारों से कहा कि दोनों ही खिताब खास हैं। खिलाडिय़ों को बधाई। मैच में पिछडऩे के बाद वापसी करते हुए जीत हासिल कर उन्होंने दृढ़ इच्छाशक्ति का शानदार नजारा पेश किया।

[@ विराट कोहली ने हासिल किया यह खास मुकाम, आगे हैं ये भारतीय]

गांगुली ने कहा कि केरल के घरेलू स्टेडियम में पीली जर्सी पहने केरल के समर्थकों का हुजूम देखकर एकबार तो मैंने आशा छोड़ दी थी। उन्होंने कहा कि एक समय जब हम एक गोल से पीछे हो गए थे, मैं स्टेडियम में फैले पीले समंदर को देखकर सदमे में था और मान बैठा था कि हमारे लिए खेल खत्म हो चुका है। उल्लेखनीय है कि कोच्चि का 60,000 दर्शक क्षमता वाला जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम मैच शुरू होने से दो घंटा पहले ही खचाखच भर चुका था और केरल के करीब 50,000 समर्थक पीली जर्सी में स्टेडियम में मौजूद थे। लेकिन पेनल्टी शूटआउट में केरल के हारते ही पूरे स्टेडियम में जैसे मायूसी छा गई थी।

(IANS)

[@ वर्ष 2016 : खेलों की दुनिया में ऐसा रहा भारत का प्रदर्शन]