फिल्में जिन्होंने दिलों को छुआ, गहराई में उतरी और बॉक्स ऑफिस. . .

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 03 अक्टूबर 2017, 2:25 PM (IST)

एक तरफ जहां बॉलीवुड में बोल्ड फिल्मों का इस वर्ष प्रचलन जारी रहा, वहीं दूसरी ओर हिन्दी सिनेमा ने पिछले चार साल से लगातार जारी आम लोगों की जिन्दगी को परदे पर उतारने का सिलसिला जारी रखा। इन फिल्मों ने न सिर्फ दर्शकों के दिलों को छुआ, अपितु इन्होंने उनके अंतर्मन को झकझोरने का काम किया। इन फिल्मों के प्रस्तुतीकरण, दृश्यों के फिल्मांकन और भावनाओं के ज्वार ने दर्शकों की आंखों में पानी लाने का काम किया। इस कडी में ‘अलीगढ’, ‘नीरजा’, ‘एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’, ‘सबरजीत’, ‘वीरप्पन’, ‘दंगल’ को शामिल किया जा सकता है। बॉक्स ऑफिस पर इन फिल्मों को दर्शकों ने अच्छा प्रतिसाद दिया। इन फिल्मों की सफलता ने यह साबित किया कि अच्छी फिल्म बनाने के लिए एक्शन दृश्यों और फूहड हास्य की जरूरत नहीं होती। कहानी को अगर सही पटकथाकार और निर्देशक के साथ किरदारों के अनुरूप अभिनेता मिल जाते हैं तो यह फिल्म काल्पनिक कहानियों पर बनी फिल्मों को कहीं पीछे छोड देती हैं। आइए डालते हैं एक नजर उन बायोपिक फिल्मों पर जिन्होंने बॉक्स ऑफिस पर कमाई के कीर्तिमान स्थापित किए—

[@ सलमान से रणबीर तक...कौन कितना लंबा!पढें]

अलीगढ—जीवनियों पर बनने वाली फिल्मों में निर्देशक हंसल मेहता और अभिनेता मनोज बाजपेयी की फिल्म ‘अलीगढ़’ हिन्दी सिनेमा के ऐतिहासिक दस्तावेज के रूप में है। अलीगढ़ विश्वविद्यालय के प्रोफेसर की जिन्दगी पर बनी इस फिल्म में अभिनेता मनोज वाजपेयी ने जो अभिनय किया, वह विरले ही देखने को मिलता है। हंसल मेहता ने अपनी फिल्म ‘अलीगढ़’ में अदालत में चले विवादास्पद और संवेदनशील मामले को छुआ, जो कॉलेज के एक समलैंगिक प्रोफेसर के जीवन पर आधारित है।

[@ जिन बॉलीवुड अभिनेत्रियों को नहीं अपनाया ससुराल ने]

नीरजा—इस सूची में सबसे पहला नाम राम माधवानी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘नीरजा’ का आता है। सोनम कपूर अभिनीत ‘नीरजा’ उनके नौ साल के करियर की पहली ऐसी फिल्म रही, जिसने बॉक्स ऑफिस पर अपनी लागत का ढाई सौ गुना ज्यादा कारोबार किया। यह फिल्म उस अपहृत विमान की फ्लाइट अटेंडेंट नीरजा भनोट की सच्ची कहानी पर आधारित थी, जिसने विमान में सवार 270 यात्रियों की जान बचाने के लिए अपनी जान की परवाह नहीं की। सोनम कपूर के करियर में इस फिल्म ने महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

[@ इनके लिंकअप की खबरे सुन सब हो गए सन्न!]

सरबजीत—इस साल रिलीज होने वाली एक अन्य बायोपिक थी ‘सरबजीत’। ओमंग कुमार के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणदीप हुड्डा ने मुख्य भूमिका निभाई थी। मृत्यु पर्यन्त पाकिस्तान जेल में कैद रही पंजाब के युवा सरबजीत की जिन्दगी पर आधारित इस फिल्म में उनकी बहन दलबीर कौर की भूमिका में नजर आईं थी ऐश्वर्या राय बच्चन। दलबीर कौर ने अपने भाई सरबजीत की रिहाई के लिए लंबी कानूनी लडाई लडी थी। सरबजीत को 1991 में पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने मौत की सजा सुनाई थी। कथित तौर पर जासूसी करने और आतंकवाद फैलाने के आरोप में सरबजीत ने 22 साल पाकिस्तान की जेल में गुजारे और वहीं की जेल में उनकी मौत हो गई।

[@ 14 साल, 33 फिल्में, दो ब्लॉकबस्टर, 9 असफल]

अजहर—कभी भारतीय क्रिकेट टीम के सफल कप्तानों में शुमार रहे अजहरुद्दीन की जिन्दगी पर आधारित फिल्म ‘अजहर’ इस वर्ष क्रिकेट को लेकर बनी दूसरी फिल्म थी। टीम इंडिया के दो सफल कप्तानों पर आई दोनों बायोपिक का अंदाज अलग-अलग था। ‘धोनी’ ने जहां दर्शकों के दिलों को छुआ, वहीं अजहर को दर्शकों ने सिरे से नकार दिया। इस फिल्म में अजहर के खेल जीवन को कम और उनके रोमांस को ज्यादा दिखाया गया। हालांकि फिल्म का गीत संगीत अच्छा था। ‘अजहर’ की असफलता में दर्शकों के दृष्टिकोण का सबसे बडा हाथ रहा। दर्शकों के जेहन से यह नहीं निकल सका कि ‘अजहर’ ने देश को बेच दिया था। इसके अतिरिक्त इस भूमिका में मिसफिट थे इमरान हाशमी। उनकी जो छवि दर्शकों के बीच है उसके विपरीत जाकर उन्होंने यह भूमिका अभिनीत की।

[@ अरबाज ने खोला, सलमान का इतना बड़ा राज]

रूस्तम—कानून के सुप्रसिद्ध केस के.एम. नानावटी पर आधारित निर्देशक नीरज पांडे की फिल्म ‘रूस्तम’ को भी दर्शकों ने हाथों हाथ लिया। ‘रूस्तम’ के रूप में नजर आए अभिनेता अक्षय कुमार ने अपने अभिनय से दर्शकों की वाहवाही लूटी लेकिन नीरज पांडे जितने धोनी में सफल रहे, यहां वे कुछ कमतर साबित हुए। शोध की कमी के चलते इस फिल्म में कई कमियां नजर आईं, जिसके चलते इसका विरोध भी हुआ। अन्त में निर्माताओं को कहना पडा कि यह फिल्म बायोपिक नहीं बल्कि उस पर आधारित है।

[@ जिन बॉलीवुड अभिनेत्रियों को नहीं अपनाया ससुराल ने]

ट्रैफिक—अभिनेता मनोज वाजपेयी की इस साल आई फिल्मों में यह उनकी दूसरी बायोपिक थी, जिसमें चेन्नई की एक असल घटना को दिखाया गया था। ट्रैफिक हवलदार के रूप में सशक्त भावाभिक्ति देने वाली मनोज वाजपेयी ने इस किरदार के लिए ट्रैफिक हवलदार की ट्रेनिंग भी ली थी। समीक्षकों द्वारा सराही गई यह फिल्म कोई कमाल नहीं दिखा पाई थी। ‘ट्रैफिक’ चेन्नई में असल जीवन की घटना पर आधारित थी, जिसमें चिकित्सकों और यातायात पुलिसकर्मियों ने एक लडकी को नया जीवन देने के लिए मिलकर काम किया था।

[@ क्या आपने देखी काजोल की बेटी की सेल्फी, बेहद...]

एमएस धोनी : द अनटोल्ड स्टोरी—टीम इंडिया के सबसे सफल कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी के जीवन पर बनी यह फिल्म बायोपिक शृंखला की फिल्मों में सर्वश्रेष्ठ फिल्म है। निर्देशक नीरज पांडे ने इस फिल्म को परदे पर उतारने से पहले धोनी के जीवन की हर छोटी-बडी घटना का गहराई से अध्ययन किया, उसके बाद उन्होंने इसे परदे पर उतारा। धोनी के रूप में सुशांत सिंह राजपूत से उन्होंने कडी मेहनत करवाई नजीता परदे पर तब नजर आया जब दर्शकों को सुशांत सिंह राजपूत के रूप में परदे पर स्वयं ‘धोनी’ नजर आया। बॉक्स ऑफिस पर इस फिल्म ने 145 करोड का कारोबार करके खेल फिल्मों की सर्वश्रेष्ठता सिद्ध की।

[@ अखिलेश यादव ने उठाया ऐसा कदम, हैरान हुए आमिर, प्रभावित होगी ‘दंगल’]

वीरप्पन—एक लंबे अन्तराल के बाद निर्माता निर्देशक रामगोपाल वर्मा ने हिन्दी फिल्मों में ‘वीरप्पन’ के जरिए वापसी की। अपने ही अंदाज और अनूठी शैली के लिए ख्यात वर्मा ने चंदन तस्कर ‘वीरप्पन’ की जिन्दगी को शिद्दत के साथ परदे पर उतारा। ‘वीरप्पन’ को पकडने के लिए केन्द्र और राज्य सरकारों ऑपरेशन कोकून चलाया गया था। वर्मा का निर्देशन काबिल-ए-तारीफ था। लेकिन बाजी मारी थी अभिनेता संदीप भारद्वाज ने जिन्होंने ‘वीरप्पन’ के रूप में उसकी दरिंदगी को परदे पर सशक्तता के साथ पेश किया। कई खूबियों के बावजूद यह फिल्म दर्शकों के जेहन में अपनी जगह बनाने में नाकामयाब रही।

[@ 2016 बॉलीवुड ब्रेकअप: नहीं टिक पाए 25 साल पुराने रिश्ते भी]

दंगल—23 दिसंबर को परदे पर आने वाली आमिर खान निर्मित और अभिनीत ‘दंगल’ बायोपिक फिल्मों में अपनी एक अलग जगह बनाएगी इसमें कोई शक नहीं है। इस फिल्म की सफलता सुनिश्चित है क्योंकि इसमें आमिर खान है। हरियाणा के पहलवान महावीर सिंह फोगाट की जिन्दगी पर आधारित यह फिल्म पूरी तरह से महिला सशक्तिकरण को दर्शाती है। महावीर ङ्क्षसह फोगाट ने अपनी दोनों बेटियों को रेसलर बनाया है, जिन्होंने कई ‘मैडल’ जीते हैं। इस फिल्म का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है।

[@ तो अब कभी साथ नजर नहीं आएंगी ये जोड़ियां!]