फ्रांस में आपातकाल बढ़ाने का प्रस्ताव

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 11 दिसम्बर 2016, 4:07 PM (IST)

पेरिस। साल 2017 में होने वाले संसदीय और राष्ट्रपति के चुनाव में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए फ्रांस सरकार ने देश में आपातकाल आगे और सात महीने तक बढ़ाने का प्रस्ताव किया है। यह जानकारी फ्रांस के प्रधानमंत्री बर्नाड केजेनूव ने शनिवार को दी। गत साल नवम्बर में हुए आतंकी हमले के बाद से फ्रांस में आपातकाल लागू है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, केजेनूव ने कहा, ‘‘आतंकवादी खतरे के लगातार बने रहने के कारण आपातकाल की अवधि बढ़ाना आवश्यक हो गया है।’’
फ्रांस के प्रधानमंत्री ने कहा कि आपातकाल लागू होने से इस साल 17 आतंकी हमले विफल करने, 517 संदिग्धों को गिरफ्तार करने और 600 हथियार जब्त करने में मदद मिली है।
-> खास खबर EXCLUSIVE : देवराहा बाबा की कहानी,बाबा बालकदास की जुबानी

आपातकाल की अवधि बढ़ाने के प्रस्ताव से घर की तलाशी लेने, संदिग्धों को पकडऩे और लोगों को घर में नजरबंद करने के पुलिस को मिले अतिरिक्त अधिकार अगले साल 15 जुलाई प्रभावी रहेंगे।
आपातकाल की अवधि बढ़ाने का प्रस्ताव अगले साल 23 अप्रैल और 7 मई को होने वाले राष्टपति पद के दो दौर के चुनाव और 11 व 18 जून को होने वाले संसदीय चुनाव के दौरान शांति बनाए रखने के मद्देनजर भी किया गया है। गत साल आतंकी हमले के एक दिन बाद फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांक्वा ओलांदे ने आपातकाल लगाने की घोषणा की थी और तब से इसकी अवधि चार बार बढ़ाई गई है। नियमत: आपातकाल अगले साल 15 जनवरी को समाप्त होने वाला है।
(आईएएनएस)
-> डिजिटल पेमेंट अपनाओ,ईनाम पाओ: सरकार लाएगी इन्सेन्टिव स्कीम