करनाल। अन्तर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव के तहत कर्ण नगरी में शनिवार को विशाल शोभायात्रा निकाली गई। गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज, मुख्यमंत्री के ओएसडी अमरेन्द्र सिंह, मेयर रेनू बाला गुप्ता, उपायुक्त मंदीप सिंह बराड़, अतिरिक्त उपायुक्त डाॅ प्रियंका सोनी और आयुक्त नगर निगम डाॅ आदित्य दहिया की मौजूदगी में शनिवार सुबह रेलवे रोड़ स्थित प्रेम प्लाजा से शोभायात्रा शुरू हुई। जो कमेटी चैक,कर्ण गेट बाजार और कुंजपुरा रोड़ होती हुई स्थानीय सेक्टर 12 में जाकर संपन्न हुई। इस मौके पर स्कूली बच्चों की ओर से गीता पवित्र ग्रंथ पर पुष्पवर्षा भी की गई। यात्रा के दौरान स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने कहा कि गीता सभी धर्मों का सार है। हरियाणा सरकार ने इस वर्ष गीता जयंती को अन्तर्राष्ट्रीय बनाकर और सभी जिलों में गीता जयंती के आयोजन को अनिवार्य करने की जो पहल की है, वह स्वागत योग्य है। उन्होंने कहा कि गीता कर्मयोगी बनने और सत्य के मार्ग पर चलने का संदेश देती है। अच्छे समाज की सरंचना के लिए गीता को अंगीकृत करना आज के लिए बहुत जरूरी है। शोभायात्रा के दौरान 25 मनमोहक झांकियां निकाली गई थी। जिसमें गीता के 18 अध्यायों को प्रतीक मानकर, शिक्षण संस्थाओं और सामाजिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और आर्थिक प्रगति की झलक प्रस्तुत करती झांकियां शोभायमान हो रही थी। गीता पर आधारित पवित्र भजनों और संगीत से समूचा वातावरण गीतामय हो गया था। यात्रा के दौरान जगह-जगह शहर के नागरिकों ने पुष्पवर्षा के साथ-साथ फल और मिठाईयों से यात्रा में शामिल बच्चों व प्रतिभागियों का स्वागत किया।
बाबा बनकर दरिंदा लूटता रहा बेटियों की आबरू , महीनों बाद खुला राज