चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी में जारी आर्थिक संकट के बीच कर्मचारियों को भी सैलेरी नहीं मिली है। जिसके विरोध में पीयू के टीचर्स और नॉन टीचर्स एसोसिएशन के साथ छात्रों ने भी विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार और यूजीसी से मांग की है कि वे यूनिवर्सिटी को प्रर्याप्त ग्रांट मुहैया कराए। पीयू टीचर्स एसोसिएशन की अध्यक्ष प्रोफेसर प्रोमिला पाठक ने कहा कि भारत की बेहतरीन यूनिवर्सिटियों में शुमार चंडीगढ़ की पंजाब यूनिवर्सिटी आज गहरे आर्थिक संकट का सामना कर रही है। यूनिवर्सिटी के पास टीचर्स और अन्य कर्मचारियों को सैलरी देने के लिए फंड नहीं है। उन्होंने कहा कि इस मामले में ना सरकार कुछ कर रही है और ना ही यूजीसी ने इसका कोई हल निकाला है। इसलिए हमने यूनिवर्सिटी की सभी एसोसिएशनों को इकठ्ठा कर एक जोइंट एक्शन कमेटी बनाई है और विरोध प्रदर्शन किया। प्रोफेसर प्रोमिला ने बताया कि साल 2016-17 के लिए यूनिवर्सिटी का कुल खर्चा 502 करोड़ रुपए है। जिसमें से 250 करोड़ रुपए यूनिवर्सिटी खुद अपने पास से देती है। 20 करोड़ रुपए पंजाब सरकार देती है। इस हिसाब से बाकी बची राशि यूजीसी को ग्रांट के तौर पर देने चाहिए। यहीं से फंड की समस्या शुरू होती है। उन्होंने कहा कि पीयू को एमएचआरडी यूजीसी की ओर से हर साल 176 करोड़ रुपए की ग्रांट आती है। जिसमें से 132 करोड़ की पहली किस्त आ चुकी है। और बाकी बचे 44 करोड़ रुपए फरवरी तक आने की उम्मीद है। यूनिवर्सिटी का अपना फंड समाप्त हो चुका है। ऐसे में ये बचे हुए 44 करोड़ रुपए आ भी जाते हैं तो यूनिवर्सिटी ज्यादा से ज्यादा एक महीने का खर्चा ही वहन कर पाएगी। उसके बाद क्या होगा, ये कोई नहीं जानता। उन्होंने जल्द ही समस्या का समाधान नहीं होने पर उग्र आंदोलन करने की बात कही है।
खासखबर EXCLUSIVE: यूपी में कितने सियासी तीर चले,और कितने चलेंगे