जोधपुर। नोटबंदी से बाजार पर क्या असर पड़ा है ये बात तब सामने आई जब आठ नवम्बर के बाद से अकेले जोधपुर में करोड़ों रुपए का नुकसान हो गया है। जानकारों की मानें तो हैंडीक्राफ्ट, स्टील, टेक्सटाइल और ग्वार-गम को पिछले 20 दिनों 360 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। इसका सबसे बड़ा कारण पैसे की कमी के कारण घटता प्रोडक्शन है। यहां का प्रोडक्शन बाहरी राज्यों से आने वाले करीब 2.70 लाख कामगारों पर निर्भर है। इनमें से ज्यादातर के यहां बैंक अकाउंट नहीं हैं। ऐसे में भुगतान कैश में करना होता है लेकिन, फिलहाल यह संभव नहीं है। नोटबंदी से करीब 80 हजार कामगार अपने राज्यों को लौट गए हैं। बचे 1.90 लाख में भी आधे लोग बेरोजगार बैठे हैं। उत्पादन घटने से काम नहीं मिल रहा और इन्हें देने के लिए करीब 100 करोड़ रुपए उद्यमियों के पास कैश नहीं हैं। हालात ये हैं कि हजारों हाथ बेरोजगार हो गए और फैक्ट्रियां बंद पड़ी हंै। कलाकृति की ऑनर शैली शर्मा खासी परेशान हैं। फेयर में यूरोप व यूएस से इस बार उन्हें सबसे ज्यादा ऑर्डर मिले लेकिन, नोटबंदी के बाद लेबर आना बंद हो गई। प्रोडक्शन घट गया। बायर्स से मोहलत मांगी तो ऑर्डर्स कैंसल होना शुरू हो गए। 20 दिनों में करीब 2 करोड़ रुपए के ऑर्डर्स कैंसल हो गए। इसी कारण शहरभर के हैंडीक्राफ्ट निर्यातकों के 100 करोड़ के ऑर्डर कैंसल हो गए हैं।
बाबा बनकर दरिंदा लूटता रहा बेटियों की आबरू , महीनों बाद खुला राज