अन्तर्राष्ट्रीय लवी मेला शुरू, राज्यपाल ने किया उद्घाटन

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 12 नवम्बर 2016, 3:52 PM (IST)

हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने शुक्रवार को शिमला जिले के रामपुर में चार दिवसीय अन्तरराष्ट्रीय लवी मेले का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश अपनी समृद्ध संस्कृति, रीति-रिवाजों और परम्पराओं के लिए प्रसिद्ध है और इसका प्रमाण इस बात से मिलता है कि राज्य के लोग अपने मेले तथा उत्सवों को श्रद्धा और पारम्परिक हर्षोल्लास के साथ मनाते हैं।
राज्यपाल ने कहा कि मेले और उत्सवों की राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को संजोए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका है और इनके पुरातन वैभव के संरक्षण के लिए हरसंभव प्रयास किये जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि लवी मेले का अपना ऐतिहासिक महत्त्व है और यह न केवल व्यापारिक गतिविधियों बल्कि पौराणिक परम्पराओं के लिए भी प्रसिद्ध है।

अन्तरराष्ट्रीय लवी मेला भारत और तिब्बत के मध्य सदियों से प्रचलित एक महत्वपूर्ण व्यापार मेला है और अपनी तरह का एक गौरवशाली, सामाजिक, सांस्कृतिक, आर्थिक इतिहास और हिमाचल प्रदेश की विरासत का एक अनूठा उदाहरण है। आज भी यह मेला अपनी पूर्व परम्पराओं को संजोए हुए है।

आचार्य देवव्रत ने कहा कि समाज के हर वर्ग को बिना किसी भेदभाव के एक समान आंका जाना चाहिए। उन्होंने लोगों से अस्पृश्यता और अन्य सामाजिक बुराईयों को समाप्त करने में अपना सहयोग देने का आग्रह किया, क्योंकि समाज के प्रत्येक वर्ग की विकास में महत्वूपर्ण व समान भूमिका रहती है। महिलाओं को उचित व बराबर अवसर प्रदान किए जाने चाहिए और लिंग के आधार पर कोई भी भेदभाव नहीं होना चाहिए। उन्होंने गिरते लिंग अनुपात पर चिंता व्यक्त करते हुए समाज के सभी वर्गों से भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक बुराई को समाप्त करने के लिए आगे आने का आह्वान किया।

आचार्य देवव्रत ने लोगों से शून्य बजट आधारित खेती अपनाने का आग्रह किया और कहा कि रासायनिक खादों के अत्याधिक उपयोग से बीमारियां बढ़ रही है। उन्होंने विदेशी गायों के स्थान पर देशी गायों को पालने पर भी बल दिया। जैविक खेती को अपनाने में किसानों की सहायता के लिए शिविर आयोजित किए जाने की बात भी उन्होंने कही। उन्होंने आयोजकों की मेले की समृद्ध परम्पराओं को संजोए रखने के लिए सराहना की। राज्यपाल ने किन्नौरी मार्किट का भी शुभारम्भ किया और सरकारी विभागों और अन्य संगठनों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी में गहरी रूचि दिखाई।


यह भी पढ़े :UP BJP अध्यक्ष की बेटी के पास 2000 की नोटो का बंडल कैसे पहुंचा, जानिए वायरल फोटो का सच

यह भी पढ़े :खास खबर Exclusive : कैसे बढ़ रहे हैं पीएम नरेन्द्र मोदी अपने एजेंडे की ओर

सांसद राम स्वरूप शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गतिशील नेतृत्व में भारत हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है और समाज के कमजोर वर्ग के लिए बहुत सी कल्याणकारी योजनाओं को कार्यान्वित किया गया है। राज्यपाल के उठाए गए कदमों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में बड़े पैमाने पर चलाए गए पर्यावरण संरक्षण, गौ पालन, समानता, बेटी बचाओ, जैविक खेती इत्यादि प्रमुख मुद्दे है और यह हमारा सौभाग्य है कि इतने उच्च मूल्यों वाला महान व्यक्तित्व हमारा मार्गदर्शन कर रहा है।

मुख्य संसदीय सचिव नन्द लाल ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा क्षेत्र में विभिन्न विकासात्मक गतिविधियां विशेषकर शिक्षा, स्वास्थ्य और अधोसंरचना विकास के क्षेत्र में अनेक कार्य आरम्भ किए गए हैं। उन्होंने कहा कि लवी मेले की ऐतिहासिक महता है, जो सदियों से वाणिज्यिक गतिविधियों को बढ़ावा दे रहा है।

इससे पूर्व, उपायुक्त तथा लवी मेले की आयोजक समिति के अध्यक्ष रोहन चंद ठाकुर ने राज्यपाल का स्वागत तथा मेले की गतिविधयों बारे विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने राज्यपाल को किन्नौरी टोपी, शाॅल तथा स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया। नगर परिषद रामपुर की अध्यक्ष मीना देवी ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये गये।

राज्य उद्योग विकास निगम के उपाध्यक्ष अतुल शर्मा, कैलाश फेडरेशन के अध्यक्ष बृज लाल, नगर परिषद के सदस्य तथा पंचायती राज संस्थानों के प्रतिनिधि प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।


यह भी पढ़े :UP BJP अध्यक्ष की बेटी के पास 2000 की नोटो का बंडल कैसे पहुंचा, जानिए वायरल फोटो का सच

यह भी पढ़े :एक स्थान पर मेवाड़ के प्रमुख धामों के हो रहे दर्शन