• Aapki Saheli
  • Astro Sathi
  • Business Khaskhabar
  • ifairer
  • iautoindia
1 of 1

यूएस ओपन: बड़े उलटफेर का शिकार हुए जोकोविच, मारियानो नवोन ने हराकर किया टूर्नामेंट से बाहर

US Open: Djokovic suffers major upset; Mariano Navone knocks him out of the tournament - Tennis News in Hindi

न्यूयॉर्क । ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में सबसे सफल पुरुष खिलाड़ी नोवाक जोकोविच के लिए यूएस ओपन 2026 की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। न्यूयॉर्क में जोकोविच को टूर्नामेंट के पहले ही दिन मारियानो नवोन ने हराकर बड़ा उलटफेर किया। इस हार के साथ ही जोकोविच यूएस ओपन से बाहर हो गए हैं। नवोन ने जोकोविच को पांच सेट तक चले मुकाबले में 7-6(5), 5-7, 4-6, 6-2, 6-1 से हराया। ​​उन्होंने आखिरी दो सेटों में बढ़त बनाई, जबकि बंद छत के नीचे जोकोविच को शारीरिक रूप से संघर्ष करना पड़ा। 24 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन जोकोविच को साल 2006 के बाद पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम के शुरुआती दौर में हार का सामना करना पड़ा है। चार बार के यूएस ओपन चैंपियन नोवाक जोकोविच इस मुकाबले में अपनी सर्वश्रेष्ठ लय में नहीं दिखे। यह मुकाबला 4 घंटे 36 मिनट तक चला, जो किसी भी ग्रैंड स्लैम (मेजर) टूर्नामेंट के पहले दौर का अब तक का सबसे लंबा मैच बन गया।
सिनसिनाटी में हाल ही में मिली हार के दौरान सर्बियाई खिलाड़ी को जिन शारीरिक समस्याओं का सामना करना पड़ा था, वे एक बार फिर सामने आईं; उनमें ऊर्जा और विनर्स की कमी दिखी। एटीपी टूर वेबसाइट के अनुसार, नवोन ने कहा, "यह अद्भुत है। जिस तरह से हमने खेला, 'गोट' (सर्वकालिक महान खिलाड़ी) के खिलाफ पांच सेट का मुकाबला, मैं बहुत खुश हूं। मुझे नहीं पता, मैं क्या कहूं?"
आर्थर ऐश स्टेडियम में कई संकेत ऐसे थे जिनसे लग रहा था कि जोकोविच अर्जेंटीना के खिलाड़ी को हरा देंगे। इसकी सबसे बड़ी वजह यह थी कि चौथी वरीयता प्राप्त जोकोविच 2006 ऑस्ट्रेलियन ओपन के बाद से किसी भी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट के पहले राउंड में नहीं हारे थे।
यहां तक ​​कि जब जोकोविच ने चौथे सेट में 2-1 की बढ़त गंवा दी और मैच निर्णायक सेट तक पहुंच गया, तब भी इतिहास उनके पक्ष में था। पांच सेट वाले मैचों में सर्बियाई खिलाड़ी का रिकॉर्ड 42-12 था, जबकि नवोन का रिकॉर्ड 0-4 था। हार्ड कोर्ट पर टूर-लेवल मैचों में अर्जेंटीना के खिलाड़ी का रिकॉर्ड केवल 12-29 था।
हालांकि, 39 वर्षीय जोकोविच संघर्ष करके जीत हासिल नहीं कर सके। चार घंटे 36 मिनट तक चले इस मैच के दौरान, 101 बार टूर-लेवल खिताब जीतने वाले खिलाड़ी को चलने-फिरने में भी दिक्कत हुई और कई बार उन्हें उल्टी भी हुई। पांचवें सेट में अपना पहला गेम जीतकर स्कोर 1-3 करने के बाद, जब फैंस उन्हें मैच में वापसी के लिए जोश दिला रहे थे, तो जोकोविच बेसलाइन के पीछे खड़े होकर भावुक हो गए।
मैच के आखिरी और निर्णायक प्वाइंट पर नावोन ने शानदार फुर्ती दिखाई। उन्होंने जोकोविच की ड्रॉप वॉली तक तेजी से पहुंचकर गेंद को खाली कोर्ट में खेलते हुए मैच को अपने नाम कर लिया। जीत के बाद नावोन नेट के पास पहुंचे, जहां उन्होंने नोवाक जोकोविच को गले लगाया। जोकोविच ने भी हार के बावजूद बेहतरीन खेल भावना दिखाई। कोर्ट से बाहर जाते समय जोकोविच ने अपने प्रशंसकों को निराश नहीं किया और कई ऑटोग्राफ देकर उनका अभिवादन किया।
अपने आदर्श खिलाड़ियों में से एक, जोकोविच का पहली बार सामना करने के बारे में नावोन ने कहा, "यह अविश्वसनीय है। मेरे लिए इसका बहुत महत्व है। यह एक सपना सच होने जैसा है, सच कहूं तो, 100 प्रतिशत। अब मुझे रिकवर करना है।" चोट के कारण विश्व के नंबर एक खिलाड़ी यानिक सिनर के यूएस ओपन में न खेलने और डिफेंडिंग चैंपियन कार्लोस अल्काराज के अप्रैल में बार्सिलोना के बाद अपना पहला टूर्नामेंट खेलने के कारण जोकोविच के पास अपना 25वां मेजर खिताब जीतने का बड़ा मौका था। हालांकि, वह पहले ही राउंड में हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

यह भी पढ़े

Web Title-US Open: Djokovic suffers major upset; Mariano Navone knocks him out of the tournament
खास खबर Hindi News के अपडेट पाने के लिए फेसबुक पर लाइक और ट्विटर पर फॉलो करे!
(News in Hindi खास खबर पर)
Tags: us open, novak djokovic, 2026 us open, sports news in hindi, latest sports news in hindi, sports news
Khaskhabar.com Facebook Page:

खेल

आपका राज्य

Traffic

जीवन मंत्र

Daily Horoscope

वेबसाइट पर प्रकाशित सामग्री एवं सभी तरह के विवादों का न्याय क्षेत्र जयपुर ही रहेगा।
Copyright © 2026 Khaskhabar.com Group, All Rights Reserved