विधायक के साथ रहता तस्कर, लेकिन पुलिस को दिखाई नहीं देता

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 07 अक्टूबर 2016, 7:06 PM (IST)

चित्तौडग़ढ़। वैसे तो पुलिस किसी भी थाने में मुकदमा दर्ज होते ही मुल्जिम की धरपकड़ के लिए क्या-क्या नहीं करती, लेकिन एक मुल्जिम ऐसा भी है, जो गाहे-बगाहे पुलिस अधिकारियों के आस-पास रहता है, पुलिस अधिकारी उससे मिलते हैं, लेकिन राजनीतिक रसूखातों के चलते उसे गिरफ्तार नहीं किया जाता।
मामला डूंगला क्षेत्र के आलोद पंचायत के सरपंच और युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष विजयसिंह का है, जो शराब तस्करी के मामले में वांछित अभियुक्त है। इतना बड़ा मामला होने और चालान प्रस्तुत होने के बावजूद पुलिस अब तक उन्हें गिरफ्तार नहीं कर पाई है। ऐसा नहीं है कि वह कहीं भूमिगत हो या फिर फरार, बल्कि रोजाना पंचायत में बैठकर कामकाज निपटा रहे हैं और साथ ही जनप्रतिनिधियों के साथ उद्घाटन और दूसरे समारोह में भाग ले रहे हैं। दो दिन पूर्व इसी क्षेत्र में स्कूली बच्चों की कबड्डी प्रतियोगिता में विधायक गौतम दक के साथ सरपंच विजयसिंह भी शरीक रहें और सोशल मीडिया पर उनके चित्र देखे गए। मौके पर पुलिस भी मौजूद थी, लेकिन शायद पुलिस को विजयसिंह दिखाई नहीं देता। इस मामले में पुलिस अधीक्षक प्रसन्न कुमार खमेसरा ने कहा कि पुलिस विजयसिंह की तलाश कर रही है।