कानपुर ट्रेन लूटकांड में बड़ी कार्रवाई, इंस्पेक्टर समेत 3 निलंबित

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 07 अक्टूबर 2016, 2:58 PM (IST)

कानपुर। सेंट्रल स्टेशन के आउटर पर मंगलवार 42 मिनट में तीन ट्रेनों को निशाना बनाए जाने का आखिरकार आलाधिकारियों ने संज्ञान ले ही लिया। प्रथम दृष्ट्या एडीजी रेलवे ने रात्रि पेट्रोलिंग में बड़ी चूक पाये जाने पर इंस्पेक्टर सहित तीन पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया। इसके साथ ही घटना में सेंट्रल स्टेशन पर तैनात जीआरपी पुलिस कर्मियों के खिलाफ जांच के आदेश दिए है।

दो दिन पूर्व सेंट्रल स्टेशन के कानपुर लखनऊ आउटर के गंगा पुल और कैंट के बीच सशस्त्र बदमाशों ने तीन ट्रेनों को निशाना बनाया। इन ट्रेनों में लोकमान्य तिलक, वैशाली एक्सप्रेस व कानपुर लखनऊ मेमो शामिल है। बदमाशों ने एक-एक कर तीनों ट्रेनो में जमकर उत्पात मचाया और दर्जनों यात्रियों के साथ मारपीट व लूटपाट की। इतनी बड़ी घटना के दो दिन बीत जाने के बाद भी बदमाशों की धरपकड़ में जुटे इंस्पेक्टर श्याम व्रत यादव सहित जीआरपी पुलिस कर्मी अभी तक कोई सुराग नहीं लगा सकी है।

इस बीच घटना की जानकारी पर सेंट्रल आए जीआरपी आईजी एंटोनी देव कुमार व एसपी कवीन्द्र कुमार ने भी जांच की, जिसमें इंस्पेक्टर व सिपाहियों की ड्यूटी में बड़ी लापरवाही सामने आई। अधिकारियों ने जांच रिपोर्ट एडीजी रेलवे को भेजते हुए सीओ राम कृष्ण को पुलिस टीमें गठित कर बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिये। अफसरों की रिपोर्ट का संज्ञान लेते हुए शुक्रवार सुबह ही एडीजी रेलवे ने कड़ा कदम उठाते हुए जीआरपी इंस्पेक्टर सहित दो बीट सिपाहियों को निलंबित कर सेंट्रल स्टेशन में तैनात अन्य पुलिस स्टाफ की भूमिका को लेकर जांच के आदेश दे दिए है। एसपी जीआरपी कवीन्द्र कुमार ने एडीजी द्वारा कार्यवाही की पुष्टि की गई है।