वाराणसी। रामनगर की प्रसिद्ध रामलीला में आज सागर पर सेतु बांधने के साथ ही श्री राम की आदेशानुसार वानरी सेना ने लंका के पास डेरा डाल दिया। लंकेश के गुप्तचर सूचित करते हैं कि वानरी सेना सागर पार उतर आयी है,वे कन्द मूल फल-फूल खा रहे हैं, बाग-बगीचे नष्ट कर हम लोगों का अंग-भंग कर दिया। सेतु बंधन पर रावण भी आश्चर्य व्यक्त करते हुए बोला कि क्या सचमुच सेतु बांध लिया गया है।
रावण प्रिया मंदोदरी उसे एक बार पुन: समझाती है लेकिन वह खिल्ली उड़ाकर बात टाल देता है। कहता है कि हे प्यारी तुम बेकार ही डरती हो, हमारे समान इस जगत में और कौन योद्धा है। वरुण, कुबेर, पवन, यम, काल सब दिगपालों को हमने अपने बाहुबल से जीता है। देवता, दानव, मनुष्य सब हमारे वश में है। इसके बाद रावण उठकर महल में चला जाता है। वहां शुक श्रीराम की सेना का वर्णन करता है।
एक से एक वीर और बाहुबली का वर्णन करता है। नल-नील, जामवंत, अंगद, हनुमान और अन्य वीरों के पराक्रम और शौर्य का बखान करता है। रावण अपने मंत्री लोगों से पूछता है, हे मंत्रियों शत्रुओं से किस विधि से लड़ाई करनी चाहिये। मंत्री उसकी बड़ाई करते उसकी हां में हां मिलाते है लेकिन मंत्री प्रहस्त उसे समझाता है और कहता है कि जानकी को लौटा के श्रीराम जी से समझौता करो, बैर बढ़ाने में किसी का भला नहीं है। रावण प्रहस्त को फटकारता है। प्रहस्त उसके व्यवहार से क्षुब्ध हो घर लौट जाते हैं।
इधर सुमेरू पर्वत की शिखर पर विश्राम कर रहे श्रीराम जी को विभीषण और सुग्रीव रावण की सेना के बारे में बताते हैं । राम जी की आज्ञा पाकर अंगद रावण के दरबार में जाते हैं । इसी बीच उनका मुकाबला रावण के पुत्र प्रहस्त से होता है जो उनकी राह रोकता है वह प्रहस्त का बध कर देता है। दूत जाकर दरबार में यह खबर सुनाते हैं। वे कहते महराज एक बंदर आया है रावण कहता है कहां का बंदर है जल्दी बुला लाओ अंगद निर्भय होकर दरबार में पहुंच जाते है और अंगद रावण संवाद शुरू होता है।
अंगद अपना परिचय देते हुए अपने पिता बालि का चर्चा करते हुए अंगद रावण की खिल्ली उड़ाता है और कहता है कि तू कौन सा रावण है जो बालि के कांख में दस महीने दबा रहा। रावण को बहुत समझाते है लेकिन रावण नहीं मानता अंगद भरे दरबार में श्रीराम जी का ध्यान करके अपना पैर धरती पर टिका देते हैं और सभी को पांव हटाने की चुनौती देते है।
जब सब थक जाते हैं तब रावण अंगद का पैर पकड़ने को बढ़ता है। तभी अंगद कहते हैं मेरा नहीं श्रीराम जी का पैर पकड़ो। अंगद अपनी भुजाओं को पृथ्वी पर पटकते है जिसमें रावण का मुकुट गिर जाता है जिसे अंगद उठाकर श्रीराम जी के पास फेंक देते हैं। अंत में अंगद श्री राम जी के साथ सुमेरू पर्वत पर लौट आते हैं और रावण दल का का समाचार और सेना का वर्णन करते हैं। वे बताते हैं कि लंका के चारों फाटक पर रावण का कौन- कौन सा योद्धा मोर्चा संभाल रहा है।