रक्षा मंत्री ने बताया- ज्यादा क्यों नहीं बोलते

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 07 अक्टूबर 2016, 12:27 PM (IST)

लखनऊ। देश के रक्षामंत्री मनोहर पर्रिकर ने कहा है कि मेरा बोलने का ज्यादा काम नहीं है, मैं ज्यादा बोल नहीं सकता क्योंकि मैं देश का रक्षामंत्री हूँ । उन्होंने कहा अभी तक देश को ऐसा लगता था कि सरकार में कुछ करने की क्षमता नहीं है, या इच्छा नहीं है क्योंकि अभी तक की सरकारों ने पकिस्तान को कभी मुंहतोड़ जबाव नहीं दिया जबकि मैं बताना चाहता हूं कि हमारी सेना पहले भी सक्षम थी,आज भी है और आगे भी रहेगी। देश को सेना पर पूरा भरोसा है और सेना को देश पर।

श्री पर्रिकर ने कहा कि अभी तक आतंकवादी हमारे देश में आकर आतंक फैलाते थे और गोली बारूद चलाते थे लेकिन पहली बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में सेना ने सर्जिकल स्टाइक कर देश का सम्मान और गौरव को बढ़ाया। रक्षा मंत्री ने कहा कि जो सम्मान और उपहार लखनऊवासियों ने हमको दिया है ये सब भारतीय सेना का सम्मान है। रक्षामंत्री ने कहा कि आपका दिया सम्मान और आपकी भावनाएं बार्डर पर जाकर सेना तक पहुंचाऊगा। बार्डर में शहीद होना तो बड़ी बात है ही, इसके अलावा पाकिस्तान के अंदर घुसकर आतकंवादियो को मारना उससे बड़ी बात है। ऐसी भारतीय सेना को मेरा भी सलाम है।

प्रदेश अध्यक्ष केशव मौर्या ने कहा कि हम विश्व में उन देशों का भी सम्मान करते हैं जिन्होंने भारत को समर्थन दिया और सार्क सम्मेलन में भारत का साथ दिया। 125 करोड़ की जनता को भारत की सेना पर पूर्ण विश्वास है और पाकिस्तान को बताना चाहते है कि जो तिरंगा कश्मीर और दिल्ली में फैल रहा है अगर पाकिस्तान अपने हरकत से बाज नहीं आया तो हमारी सेना ये तिरंगा इस्लामाबाद में भी फहरा देगी