दिनदहाड़े बदमाशों ने लूटी कार

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 07 अक्टूबर 2016, 11:49 AM (IST)

गुड़गांव । मिलेनियम सिटी कहे जाने वाले गुडगांव में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद है कि दिन दहाड़े गन प्वाइंट पर कार लूट लेते है और फरार हो जाते है । लुटेरों के गिरोह का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। कार लुटेरों ने एक ही दिन शहर के दो जगहों पर कार लूट की वारदात को अंजाम देते हुए पुलिस की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मामले के मुताबिक एक ओर जहां बदमाशों ने एक युवक से गन प्वाइंट पर उसकी कार लूट ली, वहीं दूसरी ओर एक कर्नल के ड्राइवर से कार छीनकर फरार हो गए। इन दोनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक दिल्ली के ग्रीनपार्क निवासी मनीष गुडगांव के किसी कंपनी में काम करते है। वह अपनी कोरोला कार से गुडगांव आए थे। वह अपनी कार सेक्टर-29 थाना एरिया अंतर्गत इफ्को चौक के पास खड़ी कर उसमें बैठे थे। जांच अधिकारी एएसआई संजीव ने बताया कि इस दौरान दो युवक मनीष के पास आए। उन्होंने बातचीत के बहाने मनीष को कार से बाहर बुलाया। जैसे ही वह कार से निकला, एक युवक ने कट्टे की बट से मनीष पर हमला कर दिया। जब तक पीड़ित कुछ समझ पाता, तब तक युवक उसकी कार लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सूचना पाकर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और छानबीन शुरू कर दी। उधर, पालम विहार थाना एरिया अंतर्गत अंसल प्लाजा मॉल के पास से अज्ञात लोगों ने एक कर्नल की कार छीन ली और फरार हो गए।