हैती में मैथ्यू चक्रवात से अब तक 478 की मौत

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 07 अक्टूबर 2016, 09:55 AM (IST)

पोर्ट औ प्रिंस। हैती में मैथ्यू चक्रवात 478 लोगों को निगल चुका है और अब अमेरिका की तरफ मैथ्यू तूफान बढ़ रहा है। जिससे अमेरिका ने फ्लोरिडा में आपातकाल की स्थिति की घोषणा कर दी है। हैती के गृह मंत्री फ्रैंकोइस एनिक जोसेफ ने इसकी जानकारी दी। मैथ्यू चक्रवात ने दो दिन पहले कैरेबियाई देश में हैती में कहर ढाया था।


चक्रवात के कारण हैती के दक्षिण तटीय शहर रोशे ए बातेउ शहर में भी 50 लोगों की जान चली गई। प्रशासन के अनुसार, प्राकृतिक आपदा में शहर तबाह हो गया। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि ये चक्रवात ज्यादा विनाशकारी और खतरनाक साबित हो सकता है। तटों से दो मंजिला तक उंचाई वाली लहरें उठ रही हैं, हवाएं इतनी तेज हैं कि उनके कारण पेड़ और घरों की छतें या पूरे के पूरे घर ही जमीन से उखड़ सकते हैं। इससे पहले हैती में चक्रवात के कारण मरने वालों की संख्या 23 बताई गई थी ।अमेरिकी राष्ट्रपति ओबामा ने तूफान मैथ्यू को लेकर फ्लोरिडा में आपातकाल की स्थिति की घोषणा कर दी है। 15 लाख लोगों को हटने का निर्देश दिया गया है।