100 करोड के पायदान पर पहुंची धोनी

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 06 अक्टूबर 2016, 6:41 PM (IST)

बॉक्स ऑफिस पर सफलता के झंडे गाड रही निर्देशक नीरज पांडे की फिल्म ‘एम.एस. धोनी : अनटोल्ड स्टोरी’ ने अपने सफर के 6ठे दिन बॉक्स ऑफिस पर 6.60 करोड का कारोबार करके अपने व्यवसाय को जहां 88.63 करोड के पार पहुंचाया, वहीं उसने शनिवार तक 100 करोडी क्लब में शामिल होने की स्थिति को पुख्ता किया। इस फिल्म के सौ करोड के आंकडें को छूते ही यह इस वर्ष की पांचवीं सौ करोडी फिल्म का सम्मान प्राप्त करेगी। साथ ही यह सुशांत सिंह राजपूत की पहली बडी सुपर डुपर हिट फिल्म होगी।

सुशांत सिंह राजपूत अभिनीत इस फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर दौड़ाने में सबसे अहम् भूमिका महेन्द्र सिंह धोनी ने निभाई है। वे दर्शकों में कितने लोकप्रिय यह सफलता इस बात का जीता-जागता सबूत है। हालांकि इस सफलता से अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत का दिमाग सातवें आसमान पर है। उन्होंने अपनी फीस में बढोतरी कर दी है, ऐसा कहा जा रहा है।

एक सौ चार करोड की लागत से बनी धोनी अनटोल्ड स्टोरी को फायदे में आने के लिए बॉक्स ऑफिस पर 120 करोड से ज्यादा का व्यवसाय करने की जरूरत है। वैसे तो उम्मीद की जा रही है कि धोनी बॉक्स ऑफिस पर लगभग 150 करोड का कारोबार करने में सफलता प्राप्त कर लेगी।

लेकिन उनके इस सफर में आगामी शुक्रवार को प्रदर्शित होने जा रही राकेश ओमप्रकाश मेहरा की फिल्म ‘मिर्जिया’ बाधा बन सकती है। इस फिल्म के प्रति दर्शकों की दीवानगी बढती जा रही है। कहीं ऐसा न हो कि जिस तरह से धोनी को दर्शकों ने उठाया, उसी तरह वे हर्षवर्धन कपूर की फिल्म ‘मिर्जिया’ को हाथों हाथ ले लें, जिससे धोनी के व्यवसाय पर जबरदस्त प्रभाव पडेगा।